1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. दलेर मेहंदी के अपमान पर भड़कीं राखी सावंत, सुदेश बेरी ने भी जताई नाराजगी, बोले- 'सम्मान बनाने में पूरी जिंदगी लग जाती है'

दलेर मेहंदी के अपमान पर भड़कीं राखी सावंत, सुदेश बेरी ने भी जताई नाराजगी, बोले- 'सम्मान बनाने में पूरी जिंदगी लग जाती है'

दलेर मेहंदी पर कार्यक्रम के दौरान शराब पीकर परफॉर्म करने के आरोपों के बीच अब कई सेलिब्रिटी उनके समर्थन में सामने आए हैं। राखी सावंत और सुदेश बेरी ने भी दलेर मेहंदी के अपमान पर नाराजगी जताई है।

Rakhi Sawant- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@RAKHISAWANT2511/@HIMU_GAUR_UK_11/@ SUDESHBERRY दलेर मेहंदी विवाद पर राखी सावंत-सुदेश बेरी ने दी प्रतिक्रिया।

सिंगर दलेर मेहंदी इन दिनों उत्तराखंड के टिहरी में कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या में हुए एक विवाद अब लगातार बढ़ता जा रहा है। दलेर मेंहदी की लाइव परफॉर्मेंस के दौरान उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी पर परफॉर्मेंस के दौरान शराब पीने के आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई और गायक को फटकार भी लगाई। जैसे ही इवेंट का वीडियो सामने आया, सेलेब्स ने इस पर नाराजगी जताना शुरू कर दिया। मीका सिंह ने एक वीडियो शेयर करते हुए विवाद पर प्रतिक्रिया दी और दलेर मेहंदी को लेकर अपना समर्थन जताया। अब राखी सावंत और सुदेश बेरी ने भी इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया दी है।

राखी सावंत ने दलेर मेहंदी का किया सपोर्ट

राखी सावंत ने एक वीडियो जारी करते हुए इस पूरे मामले पर रिएक्शन दिया और कहा कि अगर किसी कलाकार को किसी कार्यक्रम में बुलाया जाता है तो वहां उसके सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए। राखी कहती हैं- 'मैं उन्हें सालों से जानती हूं और उनके साथ काम कर चुकी हूं। दलेर मेहंदी जी के साथ मेरे परिवार जैसे रिश्ते हैं। उन्होंने कभी शराब नहीं पी, उम्र बढ़ने के साथ किसी को भी परेशानी हो सकती है। ऐसे में किसी कलाकार की तबीयत खराब समझने की जगह उसका अपमान करना बिलकुल गलत है। अगर आयोजक किसी सेलिब्रिटी को कार्यक्रम में बुलाया गया है तो उन्हें सम्मान देना जरूरी है।'

सुदेश बेरी ने दलेर मेहंदी का किया समर्थन

दलेर मेहंदी का सपोर्ट करते हुए सुदेश बेरी ने एक वीडियो शेयर किया और कैप्शन में लिखा- ''दलेर मेहंदी जी के समर्थन में एकजुटता का संदेश। मैं सुदेश बेरी दलेर मेहंदी जी के समर्थन में पूरे दिल से खड़ा हूं। मुझे पूरा यकीन है कि हर कलाकार, हर इंसान के सम्मान, गरिमा और भावनाओं का ध्यान रखा जाना चाहिए। पिछले दिन दशक से भी ज्यादा समय से दलेर जी ने अपने संगीत, अनूठी गायकी और शानदार प्रस्तुतियों से करोड़ों लोगों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरी है। एक कलाकार अपनी कला और पहचान बनाने में पूरी जिंदगी लगा देता है। इसलिए उसके योगदान, भावनाओं और सम्मान को महत्व मिलना चाहिए।'

दलेर मेहंदी के अपमान पर फूटा गुस्सा

सुदेश बेरी ने आगे लिखा- 'किसी की परफॉर्मेंस या काम को लेकर शिकायत, असहमति या नाराज़गी हो सकती है, लेकिन इस तरह सार्वजनिक मंच पर किसी को अपमानित करना बिलकुल भी ठीक नहीं है। हर विषय को निष्पक्षता, संवेदनशीलता और आपसी सम्मान के साथ सुलझाया जा सकता है। मैं दलेर मेहंदी जी को हमेशा एक प्रतिभाशाली कलाकार और अपनी कला के जरिए खुशियां बांटने वाले इंसान के रूप में जानता हूं। आज उनके साथ जो परिस्थितियां उत्पन्न हुई हैं, उनका मुझे गहरा अफ़सोस है। इस कठिन समय में मेरी पूरी संवेदनाएँ और समर्थन उनके साथ हैं। आइए, हम अपमान के बजाय सम्मान, नफ़रत के बजाय संवेदनशीलता और व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप के बजाय आपसी समझ को प्राथमिकता दें। मैं दलेर मेहंदी जी के साथ मित्रता, एकजुटता और सम्मान के साथ खड़ा हूं।'

दलेर मेहंदी ने कही थी तबीयत ठीक न होने की बात

दरअसल, उत्तराखंड के नरेंद्रनगर में आयोजित कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस के दौरान विवाद हुआ था। सिंगर पर आरोप लगा कि कुछ गाने में उनकी आवाज की जगह रिकॉर्डिंग ट्रैक सुनाई दे रहा था, जिसे लेकर दर्शक नाराज हो गए। इसके बाद कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल स्टेज पर पहुंचे और दलेर मेहंदी को फटकार लगते नजर आए। विवाद के बाद दलेर मेहंदी ने अपनी तबीयत ठीक न होने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि लाइव परफॉर्मेंस के दौरान उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, जिसके चलते उन्हें रिकॉर्डेड ट्रैक का सहारा लेना पड़ा।

ये भी पढ़ेंः दलेर मेहंदी प्रकरण पर मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा- "उनकी तबीयत खराब थी, तो उन्हें बता देना चाहिए था"

Latest Bollywood News