1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. घुंघराले बालों वाला हीरो डेब्यू से ही बना था नेशनल क्रश, फिर रास नहीं आई लाइमलाइट तो खड़ा कर दिया 10000 करोड़ी साम्राज्य

घुंघराले बालों वाला हीरो डेब्यू से ही बना था नेशनल क्रश, फिर रास नहीं आई लाइमलाइट तो खड़ा कर दिया 10000 करोड़ी साम्राज्य

बॉलीवुड से बिजनेस की दुनिया तक का सफल तय करने वाले एक्टर की अनोखी यात्रा हम आपके लिए लेकर आए हैं। इस एक्टर के गुडलुक्स ने लोगों का दिल जीत लिया था, लेकिन अब ये एक्टिंग छोड़ अलग दुनिया बसा चुका है।

Girish Kumar, Ramaiya Vastavaiya- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM गिरीश कुमार।

साल 2010 के बाद बॉलीवुड में नए चेहरों की बाढ़ सी आ गई। रणवीर सिंह, आयुष्मान खुराना, आलिया भट्ट, वरुण धवन, कृति सेनन और सिद्धार्थ मल्होत्रा जैसे कई टैलेंटेड कलाकारों ने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा और देखते ही देखते बड़े स्टार बन गए। लेकिन इसी दौर में एक ऐसा चेहरा भी आया, जिसने पहली ही फिल्म से लोगों का ध्यान खींचा, लेकिन इसके बावजूद फिल्मी दुनिया से खुद को दूर कर लिया और आज वह शख्सियत भारत के कॉर्पोरेट जगत में एक बड़ा नाम बन चुका है। हम बात कर रहे हैं गिरीश कुमार की।

एक शानदार लेकिन छोटा फिल्मी करियर

गिरीश कुमार ने 2013 में प्रभु देवा निर्देशित फिल्म ‘रमैया वस्तावैया’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। यह फिल्म तेलुगु हिट ‘नुव्वोस्तानंते नेनोददंतना’ की हिंदी रीमेक थी, जिसमें गिरीश के साथ श्रुति हासन मुख्य भूमिका में थीं। फिल्म का संगीत खूब लोकप्रिय हुआ और गिरीश की स्क्रीन प्रेजेंस और गुड लुक्स ने दर्शकों का ध्यान खींचा। उन्हें डेब्यू के लिए कई अवॉर्ड शो में नॉमिनेशन भी मिले, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने सिर्फ औसत प्रदर्शन किया। 2016 में गिरीश की दूसरी फिल्म ‘लवशुदा’ रिलीज़ हुई, जिसमें वह नवनीत कौर ढिल्लन के साथ नजर आए। यह एक रोमांटिक कॉमेडी थी, लेकिन न तो कहानी लोगों को भायी, न ही फिल्म को कोई खास सराहना मिली। इसके बाद गिरीश ने एक्टिंग से दूरी बना ली और एक नई राह चुन ली।

यहां देखें पोस्ट

फिल्मी नहीं, पारिवारिक विरासत

गिरीश किसी साधारण परिवार से नहीं आते। वह भारत की एक नामी फिल्म और म्यूज़िक कंपनी टिप्स इंडस्ट्रीज से ताल्लुक रखते हैं। वह निर्माता कुमार एस तौरानी के बेटे और रमेश तौरानी के भतीजे हैं। तौरानी ब्रदर्स ने मिलकर टिप्स को भारत की अग्रणी म्यूज़िक और फिल्म कंपनियों में शुमार किया है। फिल्मों से दूरी बनाने के बाद गिरीश ने पारिवारिक व्यवसाय को अपनाया और अब वह टिप्स इंडस्ट्रीज में मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) के पद पर कार्यरत हैं। उनका फोकस कंपनी को नए मुकाम तक पहुँचाने में है और वह डिजिटल म्यूजिक, फिल्म प्रोडक्शन और कंटेंट डिस्ट्रीब्यूशन जैसे क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

2000 करोड़ से अधिक की नेट वर्थ

गिरीश का फिल्मी करियर भले ही छोटा रहा हो, लेकिन उनकी कारोबारी पहचान आज बेहद मजबूत है। कॉर्पोरेट फाइलिंग के अनुसार, ट्रेंडलाइन डेटा बताता है कि गिरीश की कुल संपत्ति 2164 करोड़ रुपये के करीब है। यह संपत्ति उन्हें भारत के कई सुपरस्टार्स से भी ज्यादा अमीर बनाती है। दिसंबर 2024 तक, टिप्स इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 10,517 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, और गिरीश इसकी सफलता की अहम कड़ी हैं। एक मजबूत लीडरशिप और व्यवसायिक रणनीति के चलते वह कॉर्पोरेट जगत में एक सफल उद्यमी के रूप में स्थापित हो चुके हैं।

निजी जीवन में भी संतुलन

गिरीश ने अपनी बचपन की दोस्त कृष्णा से शादी की है और दोनों का एक बेटा है। यह परिवार मुंबई में रहता है, जहाँ से गिरीश टिप्स म्यूज़िक और फिल्म डिवीजन के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Latest Bollywood News