1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. Ramayana First Review: 'रामायण' देखकर गदगद हुए आशीष चंचलानी, बोले- भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर

Ramayana First Review: 'रामायण' देखकर गदगद हुए आशीष चंचलानी, बोले- भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर

आशीष चंचलानी ने 'रामायण' की मुंबई स्क्रीनिंग के बाद फिल्म को ऐतिहासिक ब्लॉकबस्टर बताया। उन्होंने नितेश तिवारी के निर्देशन, रणबीर कपूर, यश और रवि दुबे की एक्टिंग की जमकर तारीफ की।

Ramayana - India TV Hindi
Image Source : WORLDOFRAMAYANA/INSTAGRAM रामायण।

नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' रिलीज से पहले ही लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह है और अब मुंबई में हुई इसकी स्क्रीनिंग के बाद पहली प्रतिक्रिया भी सामने आ गई है। मशहूर कंटेंट क्रिएटर आशीष चंचलानी ने फिल्म देखने के बाद इसकी जमकर तारीफ की है। उन्होंने फिल्म के शानदार विजुअल्स, दमदार एक्शन सीक्वेंस और कलाकारों की परफॉर्मेंस को भारतीय सिनेमा के लिए खास बताया है। आशीष ने तो इसे ऐतिहासिक ब्लॉकबस्टर तक करार दे दिया है। रणबीर कपूर और यश स्टारर इस फिल्म को लेकर उनका रिव्यू सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा तेज हो गई है।

आशीष चंचलानी ने नितेश तिवारी की तारीफ में पढ़े कसीदे

आशीष चंचलानी ने अपने एक्स अकाउंट पर फिल्म का रिव्यू साझा करते हुए इसे बेहद भव्य और शानदार सिनेमाई अनुभव बताया। उन्होंने लिखा कि 'रामायण' में भारतीय सिनेमा के अब तक के कुछ बेहतरीन एक्शन सीक्वेंस देखने को मिलेंगे। हालांकि, उनके मुताबिक फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसके विजुअल्स या एक्शन ही नहीं, बल्कि निर्देशक नितेश तिवारी का निर्देशन है। आशीष ने नितेश तिवारी की तारीफ करते हुए कहा कि पूरी फिल्म उनकी पकड़ और समझ को दिखाती है। उन्होंने लिखा कि यह पूरी तरह से नितेश तिवारी की फिल्म है और उन्होंने इसे शानदार नियंत्रण के साथ आगे बढ़ाया है। कंटेंट क्रिएटर के मुताबिक, फिल्म का निर्देशन कहानी को भव्यता के साथ पेश करने में अहम भूमिका निभाता है। उनके इस रिव्यू से साफ है कि वह फिल्म के तकनीकी और रचनात्मक पक्ष से काफी प्रभावित हुए हैं।

रणबीर, साई पल्लवी और यश की एक्टिंग ने जीता दिल

फिल्म की स्टारकास्ट को लेकर भी आशीष चंचलानी ने खास प्रतिक्रिया दी। उन्होंने रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की परफॉर्मेंस की तारीफ की। फिल्म में रणबीर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे। इन तीनों कलाकारों के चयन और उनके अभिनय को लेकर पहले से ही दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता बनी हुई है। आशीष ने खास तौर पर रवि दुबे का जिक्र किया, जो फिल्म में लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रवि दुबे ने अपने किरदार में शानदार काम किया है। इतना ही नहीं, आशीष को फिल्म में उनके कुछ हल्के-फुल्के और मजेदार सीन भी पसंद आए। उनके मुताबिक, फिल्म में ऐसे कई पल हैं, जो कहानी की गंभीरता के बीच दर्शकों को मुस्कुराने का मौका देंगे।

कुछ तकनीकी कमियों का भी किया जिक्र

आशीष चंचलानी ने फिल्म की तारीफ के साथ इसकी कुछ छोटी तकनीकी कमियों की ओर भी इशारा किया। उन्होंने बताया कि रात के कुछ दृश्यों में कलाकारों की उम्र कम दिखाने के लिए इस्तेमाल किए गए डी-एजिंग इफेक्ट थोड़े अटपटे लगते हैं। हालांकि, उनका मानना है कि फिल्म की एडिटिंग इतनी चुस्त है कि ये कमियां ज्यादा देर तक दर्शकों का ध्यान नहीं खींचतीं। उन्होंने विजुअल इफेक्ट्स पर काम करने वाली कंपनी डीएनईजी और निर्माता नमित मल्होत्रा के प्रयासों की भी सराहना की। आशीष के मुताबिक, फिल्म के लिए उठाए गए तकनीकी जोखिम सफल साबित हुए हैं और हर अगला एक्शन सीक्वेंस पिछले से ज्यादा प्रभावशाली नजर आता है।

थिएटर में फिल्म देखने की अपील

अपने रिव्यू के आखिर में आशीष चंचलानी ने भरोसा जताया कि 'रामायण' बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल करेगी। उन्होंने दर्शकों से इस फिल्म को सिनेमाघरों में देखने की अपील भी की। हालांकि, यह एक शुरुआती स्क्रीनिंग के बाद सामने आई उनकी निजी प्रतिक्रिया है, लेकिन फिल्म को लेकर बढ़ती उत्सुकता के बीच इस रिव्यू ने चर्चा को और बढ़ा दिया है। अब दर्शकों को फिल्म की रिलीज और बाकी प्रतिक्रियाओं का इंतजार है।

ये भी पढ़ें: 18 साल के भतीजे को हनी सिंह ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई, रो-रोकर मां बेसुध, गिप्पी ग्रेवाल से बब्बू मान तक ने दिया कंधा

Latest Bollywood News