1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'रामायण' के सीन लीक करना पड़ेगा महंगा, वीडियो शेयर करने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई, मेकर्स ने दी चेतावनी

'रामायण' के सीन लीक करना पड़ेगा महंगा, वीडियो शेयर करने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई, मेकर्स ने दी चेतावनी

'रामायण' के निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर एक लीगल नोटिस जारी किया है। मेकर्स ने ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है जो फिल्म की रिकॉर्डिंग करके क्लिप्स को सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं।

ramayana- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@WORLDOFRAMAYANA 'रामायण' के मेकर्स ने जारी किया लीगल नोटिस।

रणबीर कपूर स्टारर 'रामायणः पार्ट 1' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचती नजर आ रही है। फिल्म को रिलीज अभी तीन दिन ही हुए हैं और हर तरफ इसी के चर्चे हो रहे हैं। तीन ही दिनों में इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड 375 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है और सोशल मीडिया पर इसके वीडियो क्लिप्स छाए हुए हैं। सिनेमाघरों में रिलीज के कुछ ही दिनों बाद णबीर कपूर, साई पल्लवी, यश और रवि दुबे अभिनीत फिल्म पाइरेसी का शिकार हो गई। ऐसे में फिल्म के निर्माताओं ने ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है जो सिनेमाघरों में फिल्म की रिकॉर्डिंग करके उसके क्लिप सोशल मीडिया या मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर शेयर कर रहे हैं। बॉम्बे हाई कोर्ट ने फिल्म को अवैध रूप से शेयर किए जाने से बचाने के लिए एक आदेश जारी किया। अब, 'रामायण' के निर्माताओं ने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक कानूनी नोटिस जारी किया है, जिसमें फिल्म को लीक करने वालों को कड़ी चेतावनी दी है।

मेकर्स ने जारी किया लीगल नोटिस

मेकर्स द्वारा जारी किए गए नोटिस में लिखा -'लीगल नोटिस, हमारे संज्ञान में आया है कि सिनेमा हॉल के अंदर 'नमित मल्होत्रा ​​की रामायण' की अनाधिकृत फुटेज रिकॉर्ड की जा रही है और इसे सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर बिना अनुमति के फैलाया जा रहा है। बॉम्बे हाई कोर्ट ने कमर्शियल IP सूट (L) नंबर 37230/2026 में 2 नवंबर 2026 और 6 नवंबर 2026 के आदेशों के माध्यम से, सभी ज्ञात और अज्ञात व्यक्तियों को फिल्म या उसके किसी भी हिस्से को बिना अनुमति के रिकॉर्ड करने, अपलोड करने, साझा करने या किसी अन्य तरीके से प्रसारित करने से रोक दिया है। अगर कोई ऐसा करता है तो इसे  कॉपीराइट उल्लंघन में गिना जाएगा। यह एक आपराधिक अपराध है, जिसके लिए कॉपीराइट एक्ट 1957, सिनेमैटोग्राफ एक्ट 1952, BNS 2023 और IT एक्ट 2000 के तहत जेल और जुर्माने का प्रावधान है। साथ ही, यह न्यायालय की अवमानना ​​भी है।'

मेकर्स ने दिया सख्त निर्देश

मेकर्स ने पोस्ट में आगे लिखा- 'सभी को सख्त निर्देश दिए जाते हैं कि वे सिनेमाघरों में फिल्म को रिकॉर्ड करने, पोस्ट करने या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसे शेयर करने से बचें और अगर पहले से ही कुछ पोस्ट किया है, तो उसे तुरंत हटा दें। ऐसा करने वालों की शिकायत संबंधित अधिकारियों और प्लेटफॉर्म्स से की जाएगी। साथ ही, बिना किसी पूर्व सूचना के उनके खिलाफ आपराधिक, दीवानी (सिविल) और न्यायालय की अवमानना ​​से जुड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।'

'रामायण' का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

सैकनिल्क (Sacnilk) के अनुसार, 'रामायण: पार्ट वन' ने अपने पहले तीन दिनों में ही दुनिया भर में लगभग 375 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 64.85 करोड़ रुपये (नेट) की ओपनिंग की, और शुक्रवार को 48.05 करोड़ और शनिवार को 69.80 करोड़ की कमाई की भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन 182.70 और ग्रॉस कलेक्शन 218.25 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि विदेशों में इसने लगभग 157.25 करोड़ रुपये (ग्रॉस) की कमाई की है। नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित और नमित मल्होत्रा ​​द्वारा निर्मित, 'रामायण' में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश और रवि दुबे लीड रोल में हैं।

ये भी पढ़ेंः दिवाली पार्टी में एक्स हसबैंड भरत तख्तानी संग पहुंचीं ईशा देओल, साथ-साथ खिंचवाई तस्वीरें, 2 साल पहले हुआ था तलाक

Latest Bollywood News