रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर 'रामायण' इस साल की सबसे चर्चित और मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट बनी हुई है। हाल ही में मेकर्स ने फिल्म से अरुण गोविल का पोस्टर जारी किया था, जो 'रामायण' में राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे हैं। इस पोस्टर में वह सिंहासन पर बैठे नजर आए थे और उनके लुक को दर्शकों से काफी तारीफें मिलीं। अब मेकर्स ने फिल्म से दो और अहम किरदारों का लुक पोस्टर जारी कर दिया है, जिन्होंने भगवान राम का भाग्य हमेशा के लिए बदल दिया था। ये दो किरदार कैकयी और मंथरा के हैं, जो फिल्म में लारा दत्ता और शीबा चड्ढा निभा रही हैं।
कैकयी के लुक में दिखीं लारा दत्ता और मंथरा के लुक में शीबा चड्ढा
मेकर्स द्वारा जारी किए गए पोस्टर पोस्टर में दोनों ही अभिनेत्रियों का लुक काफी प्रभावशाली लग रहा है। कैकयी के लुक में लारा दत्ता काफी शाही अंदाज में नजर आ रही हैं। उन्होंने पारंपरिक परिधान और आभूषण पहने हैं, और उनके चेहरे पर तेज गुस्सा नजर आ रहा है। लारा दत्ता का ये लुक काफी पसंद किया जा रहा है। वहीं शीबा चड्ढा की बात करें तो मंथरा के लुक में उन्हें देखने के बाद हर तरफ उन्हीं की चर्चा हो रही है। मंथरा के लुक में वह तेज-तर्रार और गंभीर लग रही हैं। उनके हाथ में छड़ी है और कमर छुकी है, वहीं चेहरे पर भी रहस्यमयी भाव देखने को मिल रहे हैं।
लुक पर दर्शकों के रिएक्शन
मेकर्स ने कैकयी और मंथरा के पोस्टर साझा करते हुए किरदारों के महत्व को भी बताया है। लारा दत्ता के पोस्टर में लिखा है- 'एक रानी, एक मां और दो ऐसी इच्छाएं, जो एक पिता के प्यार को धोखा देंगी और राम के भाग्य को हमेशा के लिए बदलकर रख देंगी।' वहीं मंथरा के पोस्टर के साथ लिखा है- 'एक चालक दिमाग। जिसकी फुसफुसाहट एक मां के प्यार को राज्य के सबसे काले दौर में बदल देगी।' मेकर्स ने आगे दोनों किरदारों का परिचय कराते हुए लिखा- 'कैकयी के रूप में लारा दत्ता और मंथरा के रूप में शीबा चड्ढा।' अब पोस्टर पर रिएक्ट करते हुए दर्शक अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई ने जहां कैकयी के रोल में लारा दत्ता के एक्सप्रेशन्स की तारीफ की तो वहीं कई का कहना था कि कैकयी की भूमिका के लिए मेकर्स ने सही कलाकार को चुना है।
'रामायण' के बारे में
रामायण के बारे में बात करें तो नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' में बड़े स्टार्स की फौज नजर आने वाली है। फिल्म में जहां रणबीर कपूर राम की भूमिका निभा रहे हैं तो वहीं साई पल्लवी माता सीता, यश लंकापति रावण, सनी देओल हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण, अरुण गोविल राजा दशरथ, काजल अग्रवाल मंदोदरी, मोहित रैना भगवान शिव और इंदिरा कृष्णन रानी कौशल्या की भूमिका में नजर आएंगी। 2 भागों में बन रही इस फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 पर और दूसरा दिवाली 2027 में रिलीज होगा। फिल्म को नमित मल्होत्रा प्राइम फोकस स्टूडियोज और यश मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स बैनर तले मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं।
ये भी पढ़ेंः शेखर सुमन ने 'शेखर टुनाइट' का फिनाले एपिसोड किया कैंसिल, शो में आने वाले थे नाना पाटेकर, बोले - 'खुद जताई थी शो में आने की इच्छा'
Latest Bollywood News