1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. Ranabaali X review: रिलीज हुई रश्मिका-विजय की फिल्म, दर्शकों को कैसी लगी 'राणाबली'? पीरियड-ड्रामा पर आने लगे रिएक्शन

Ranabaali X review: रिलीज हुई रश्मिका-विजय की फिल्म, दर्शकों को कैसी लगी 'राणाबली'? पीरियड-ड्रामा पर आने लगे रिएक्शन

विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की 'राणाबली' शुक्रवार, 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और फिल्म पर दर्शकों के रिएक्शन भी आने लगे हैं। तो चलिए जानते हैं कि दर्शकों का इस फिल्म को लेकर क्या कहना है?

Vijay Deverakonda- India TV Hindi
Image Source : YOUTUBE/T-SERIES 'राणाबली' एक्स रिव्यू।

विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की बहुप्रतीक्षित पीरियड-ड्रामा, एक्शन फिल्म 'राणाबली' शुक्रवार, 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। रश्मिका-विजय की ये फिल्म ऐसे समय पर रिलीज हुई है जब पहले से ही थिएटर्स में रजनीकांत की 'जेलर 2' और अजय देवगन स्टारर 'दृश्यम 3' को लेकर दर्शकों में क्रेज देखने को मिल रहा है। वहीं  यामी गौतम की हॉरर-कॉमेडी 'नई नवेली' और राजकुमार राव की 'प्रहार - द उज्ज्वल निकम स्टोरी' भी इसी के साथ सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। अब सोशल मीडिया पर भी 'राणाबली' को लेकर प्रतिक्रियाएं आने लगी हैं। सोशल मीडिया पर इसे मिला-जुला रिस्पॉन्स मिल रहा है। जहां कुछ लोगों ने विजय देवरकोंडा के अभिनय, खासकर उनकी तीव्रता और स्क्रीन प्रेज़ेंस की तारीफ की है, वहीं कुछ अन्य लोगों ने फिल्म के दूसरे हिस्से की आलोचना करते हुए इसे 'थकाऊ' बताया है। चलिए जानते हैं X यूज़र्स इस फिल्म के बारे में क्या कह रहे हैं।

'राणाबली' का एक्स रिव्यू

X पर एक यूजर ने निर्देशक राहुल सांकृत्यान की सोच और कहानी कहने के अंदाज की तारीफ की है। यूज़र ने लिखा, 'अभी राणाबली देखी, क्या शानदार फिल्म है! राहुल सांकृत्यान की सोच और कहानी कहने के तरीके की जितनी तारीफ की जाए, कम है। जिस तरह से उन्होंने भावनाओं, किरदारों और हर एक सीन को पेश किया है, वह सिनेमा के प्रति उनके समर्पण और जुनून को दिखाता है।' वहीं एक अन्य ने लिखा- 'विजय देवरकोंडा का अभिनय दमदार है। अपनी स्पीड और स्क्रीन प्रेजेंस से उन्होंने फिल्म को संभाले रखा। रश्मिका का काम भी शानदार है और दोनों की केमेस्ट्री काफी अच्छी  है। फिल्म के थोड़े हिस्सों में कुछ कमी लगती है, लेकिन इसमें कई शानदार पल हैं।'

कुछ को नहीं पसंद आई फिल्म

वहीं कुछ यूजर्स ने फिल्म में कमियां निकालते हुए इसे बोरिंग बताया है। एक ने लिखा-  'फिल्म खत्म हो गई, दूसरा हिस्सा बहुत थकाऊ था... विजय की मेहनत बेकार गई... रश्मिका जब स्क्रीन पर आती हैं, बस तभी कुछ अच्छा लगता है!! अजय-अतुल का संगीत काफी निराश करने वाला है, और फिल्म में बहुत ज़्यादा बेमतलब की हिंसा और सीन हैं। कुल मिलाकर, एक ऐसी फिल्म जिसे आसानी से भुलाया जा सकता है।' एक और लिखता है- 'राणाबाली - पहला हाफ सुस्त है। विजय देवरकोंडा और रश्मिका वाले हिस्से अच्छे हैं और उन्हें बढ़िया तरीके से पेश किया गया है, लेकिन बाकी कहानी बहुत धीमी और नीरस है, और कई जगहों पर इसमें ज़रूरत से ज्यादा हिंसा है। ब्रिटिश वाले हिस्से कोई खास इमोशनल असर नहीं छोड़ पाते और उन्हें बहुत ही साधारण तरीके से दिखाया गया है। अब तक तो बैकग्राउंड म्यूजिक (BGM) भी ​​काफी निराश करने वाला रहा है।'

राणाबली: कास्ट और क्रू की जानकारी

'राणाबली' में रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा लीड रोल में हैं। ये कपल शादी के बाद पहली बार स्क्रीन शेयर कर रहा है, जिसके चलते इनके फैंस बेहद खुश हैं। इससे पहले यह जोड़ी 'गीता गोविंदम' और 'डियर कॉमरेड' जैसी फिल्मों में एक साथ काम कर चुकी है। इस फिल्म में हॉलीवुड अभिनेता अर्नोल्ड वोस्लो भी एक अहम भूमिका में हैं। फिल्म का निर्देशन राहुल सांकृत्यायन ने किया है। इसे 'मैत्री मूवी मेकर्स' बैनर के तहत निर्माता नवीन यरनेनी और वाई रवि शंकर ने प्रोड्यूस किया है, और इसे टी-सीरीज फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत किया गया है। रश्मिका-विजय पिछले दिनों तिरुमाला मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे, जहां से बाहर निकलते समय फैंस ने उन्हें घेर लिया था।

ये भी पढ़ेंः 'जेलर 2' के आखिरी 5 मिनट में बड़ा धमाका, विजय सेतुपति की एंट्री ने बढ़ाया सस्पेंस, बनेगा तीसरा पार्ट?

Latest Bollywood News