बॉलीवुड के पावर कपल रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दोनों की पहली मुलाकात से लेकर शादी और बेटी राहा के जन्म तक, उनके रिश्ते से जुड़े कई किस्से फैंस के बीच चर्चा में रहते हैं। अब रणबीर ने अपनी जिंदगी के एक बेहद खास पल से जुड़ा खुलासा किया है। अभिनेता ने बताया कि उन्होंने आलिया भट्ट को केन्या के मसाई मारा में शादी के लिए प्रपोज किया था। खास बात यह थी कि जब रणबीर घुटनों पर बैठकर आलिया से अपने दिल की बात कह रहे थे, तब वहां से करीब 100 मीटर की दूरी पर तीन शेर मौजूद थे। रणबीर ने यह दिलचस्प किस्सा अमिताभ बच्चन के शो 'कौन बनेगा करोड़पति 18' में सुनाया, जिसे सुनकर बिग बी भी हैरान रह गए।
तीन शेरों के सामने घुटनों पर बैठे रणबीर
'कौन बनेगा करोड़पति 18' के आगामी एपिसोड का एक प्रोमो सामने आया है, जिसमें रणबीर कपूर अपनी जिंदगी के इस यादगार पल को साझा करते नजर आ रहे हैं। शो में वह अपनी फिल्म 'रामायण' की टीम के साथ पहुंचेंगे। उनके साथ निर्देशक नितेश तिवारी, साई पल्लवी, रवि दुबे और नमित मल्होत्रा भी दिखाई देंगे। बातचीत के दौरान रणबीर ने बताया कि उन्होंने आलिया को प्रपोज करने की पूरी योजना पहले ही बना ली थी। अभिनेता के मुताबिक उन्होंने अपने गाइड और ड्राइवर को जंगल के बीच एक खास जगह पर गाड़ी रोकने के लिए कहा था। रणबीर अपने साथ एक अंगूठी भी लेकर गए थे। उनकी योजना थी कि वह आलिया के सामने घुटनों पर बैठकर उन्हें शादी के लिए प्रपोज करेंगे और गाइड दूर से इस खास पल की तस्वीरें खींचेगा। रणबीर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि लड़कियों को तस्वीरें खिंचवाना और उन्हें इंस्टाग्राम पर पोस्ट करना पसंद होता है, इसलिए वह इस पल को कैमरे में कैद करना चाहते थे।
यहां देखें पोस्ट
'मेरी शेरनी सामने थी और मैं चूहा बन गया था'
रणबीर ने बताया कि प्रपोजल के दौरान उनसे कुछ दूरी पर तीन बड़े शेर मौजूद थे। उन्होंने अपने अनुभव को मजेदार अंदाज में बयान करते हुए कहा कि एक तरफ करीब 100 मीटर दूर तीन शेर थे और दूसरी तरफ उनकी 'शेरनी' आलिया खड़ी थीं। ऐसे में आलिया के सामने घुटनों पर बैठे रणबीर खुद को चूहे जैसा महसूस कर रहे थे। उन्होंने बताया कि उस वक्त उन्होंने आलिया से कहा, 'बेबी, क्या तुम मुझसे शादी करोगी?' रणबीर ने इस पल को अपनी जिंदगी के सबसे खूबसूरत और यादगार अनुभवों में से एक बताया। उनकी बात सुनकर अमिताभ बच्चन ने मजाक में कहा कि इस पल का सबूत भी होना चाहिए। इसके बाद बिग बी ने रणबीर की तारीफ करते हुए उन्हें शाबाशी दी।
2022 में हुई थी रणबीर-आलिया की शादी
रणबीर और आलिया का रिश्ता साल 2018 में शुरू हुआ था। दोनों फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' की शूटिंग के दौरान एक-दूसरे के करीब आए। आलिया पहले भी कई मौकों पर रणबीर के प्रति अपने आकर्षण का जिक्र कर चुकी हैं। साल 2022 में मसाई मारा की यात्रा के दौरान रणबीर ने उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया था। बाद में 14 अप्रैल 2022 को दोनों ने मुंबई स्थित अपने घर पर परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी कर ली। उसी साल नवंबर में उनकी बेटी राहा का जन्म हुआ।
'रामायण' को लेकर चर्चा में हैं रणबीर
रणबीर कपूर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'रामायण' को लेकर भी सुर्खियों में हैं। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में साई पल्लवी सीता, रवि दुबे लक्ष्मण, सनी देओल हनुमान और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। नमित मल्होत्रा और यश से जुड़ी इस प्रोजेक्ट को दो भागों में रिलीज किया जाना है। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है। वहीं रणबीर और उनकी टीम की 'कौन बनेगा करोड़पति 18' में मौजूदगी का एपिसोड 30 अक्टूबर को सोनी टीवी और सोनीलिव पर प्रसारित होगा।
ये भी पढ़ें: 'नहीं पता था ये इतने खतरनाक हैं', नसीरुद्दीन शाह के बयान पर किरण रिजिजू का तीखा तंज, बोले- उसके असली चरित्र का बहुत देर से पता चला
Latest Bollywood News