A
Hindi News मनोरंजन बॉलीवुड 500 से ज्यादा फिल्मों में किया काम, फिर भी बिना बिजली के घर में गुजारे दिन, बेटा बना बॉलीवुड का टॉप विलेन

500 से ज्यादा फिल्मों में किया काम, फिर भी बिना बिजली के घर में गुजारे दिन, बेटा बना बॉलीवुड का टॉप विलेन

इस दिग्गज अभिनेता ने अपने पिता का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे पुराने जमाने के सितारे अक्सर वित्तीय संकट में फंस जाते थे। साथ ही इसके पीछे का कारण भी बताया, जिसके बाद आप भी कहेंगे की ये बात तो 100 प्रतिशत सही है।

Raza Murad- India TV Hindi Image Source : INSTAGRAM रजा मुराद

बीते जमाने में कई अभिनेताओं को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा है। 90 के दशक में कई एक्टर ऐसे रहे है जो बड़े-बड़े स्टार्स के साथ काम कर चुके हैं। इनमें से कई फिल्मी सितारे ऐसे भी रहे, जिनके पास बुढ़ापे में गुजारा करने के लिए पैसा नहीं थे। ऐसा अक्सर इसलिए होता है क्योंकि वे मुश्किल समय में खुद को आर्थिक रूप से तैयार करने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं बचा पाते। आज हम आपको उसी अभिनेता के बारे में बता रहे हैं, जिन्होंने 500 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। वह अमिताभ बच्चन और राजेश खन्ना जैसे सुपरस्टार्स के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर कर चुके हैं। लेकिन, बुढ़ापे में वह कंगाल हो गए।

स्टार पिता के बेटे ने गरीबी में गुजरा बचपन

मुगल-ए-आजम के इस अभिनेता ने हाल ही में फिल्मी चर्चा को दिए इंटरव्यू में आर्थिक तंगी के बारे में खुलकर बात की। अभिनेता रजा मुराद ने अपने पिता, दिग्गज अभिनेता मुराद का उदाहरण देते हुए पैसे बचाने के महत्व के बारे में बात की। उनके पिता एक सहायक अभिनेता थे, जिन्होंने 'दो बीघा जमीन', 'मुगल-ए-आजम', 'अंदाज' जैसी कुछ सुपरहिट फिल्मों में अभिनय किया, यहां तक वो एक हॉलीवुड फिल्म 'टार्जन गोज टू इंडिया' में भी नजर आ चुके हैं। रजा मुराद ने बताया कि उनके पिता एक मशहूर अभिनेता होने के बावजूद उनके परिवार को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा, 'मैंने गरीबी का सामना किया है। भोपाल में हमारे घर में बिजली नहीं थी। मुझे अपनी परीक्षाओं के लिए लैंप पोस्ट के नीचे पढ़ना पड़ता था। मैं आधी रात को पढ़ना शुरू करता था और सुबह 6 बजे खत्म करता था।' रजा ने बताया कि भले ही उनके पिता ने कई फिल्मों में काम किया, लेकिन फिर भी वे आर्थिक तंगी से नहीं बच पाए। उन्होंने आगे कहा, 'बहुत से लोग बचत नहीं करते थे। 50 और 60 के दशक के कई हीरो थे, जो अपने करियर के चरम पर बहुत डिमांड में थे, लेकिन बुढ़ापे में उन्हें बहुत मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उन्हें भविष्य के लिए योजना बनानी चाहिए थी। आपको अपने परिवार के भविष्य के बारे में भी सोचना चाहिए। अगर आपके बच्चे हैं, तो उनकी देखभाल करना आपकी जिम्मेदारी है। मेरे पिता ने 500 से अधिक फिल्मों में काम किया होगा। लेकिन, हमारे पास कभी कार नहीं थी और हम किराए के घर में रहते थे।'

आर्थिक तंगी से क्यों जूझ रहे एक्टर

रजा मुराद ने यह भी खुलासा किया कि कई पुराने सितारों के पास अंत में पैसे नहीं थे। उन्होंने बताया कि कई पुराने अभिनेता अपनी वित्तीय असफलताओं के लिए खुद जिम्मेदार थे क्योंकि उन्होंने भविष्य के लिए बेहतर योजना नहीं बनाई थी। उन्होंने कहा, 'जब आप पैसे कमाते हैं, तो आपको अपने बुढ़ापे के बारे में सोचना चाहिए। हमारे इंडस्ट्री में क्रू मेंबर्स के पास भी अपने घर हैं। उनके पास बचत है। वे जानते हैं कि आय किसी भी दिन बंद हो सकती है, वे जानते हैं कि उनका स्वास्थ्य खराब हो सकता है। आपको किसी के सामने भीख क्यों मांगनी? मैं कोई नाम नहीं लेना चाहता, लेकिन ऐसे कई अभिनेता थे जो अपने सुनहरे दिनों में बेहद व्यस्त थे। उन्होंने बहुत पैसा और शोहरत कमाई, लेकिन उन्होंने सब खर्च कर दिया। जब वे बड़े हुए, तो उन्हें किराए के मकान में रहने के लिए मजबूर होना पड़ा, भले ही वे आलीशान बंगलों में रहते थे। मैंने उन्हें ऑटो रिक्शा से यात्रा करते देखा है।'

Latest Bollywood News