A
Hindi News मनोरंजन बॉलीवुड लग्जरी कारों पर चमकते दिखे कैमरे के फ्लैश, लेकिन सलमान खान के बर्थडे में स्कूटी पर ही पहुंच गया ये सुपरस्टार, वायरल है सादगी

लग्जरी कारों पर चमकते दिखे कैमरे के फ्लैश, लेकिन सलमान खान के बर्थडे में स्कूटी पर ही पहुंच गया ये सुपरस्टार, वायरल है सादगी

सलमान खान की जन्मदिन पार्टी में फिल्मी सितारों का जमावड़ा लगा रहा। वहीं एक सुपरस्टार स्कूटी पर ही फॉर्महाउस में पहुंच गया। इसका वीडियो भी सामने आया है।

Salman Khan - India TV Hindi Image Source : INSTAGRAM@VIRALBHAYANI सलमान खान और मीका सिंह

सलमान खान के 60वें जन्मदिन का जश्न बीती शाम से ही उनके पनवेल स्थित फॉर्महाउस पर चल रहा है। यहां बीती राज फिल्मी दुनिया के सितारों ने शिरकत की और पार्टी में चार चांद लगाए। जहां फिल्मी दुनिया के सितारों समेत महेंद्र सिंह धोनी जैसे दिग्गज अपनी लग्जरी कारों में पहुंचे और पैपराजी के कैमरों के फ्लैश से नहाए दिखे, वहीं संगीत का एक सुपरस्टार स्कूटी पर ही भाई की जन्मदिन पार्टी में पहुंच गया। ये सुपरस्टार कोई और नहीं बल्कि सलमान खान के अच्छे दोस्त और सिंगर मीका सिंह थे। यहां फॉर्महाउस में उनकी कार नहीं पहुंच पाई जिसके बाद मीका को स्कूटी पर ही पहुंचकर पार्टी में शामिल होना पड़ा। इसका वीडियो भी सामने आया है जिसमें मीका एक स्कूटी पर सवार होकर सलमान खान की बर्थडे पार्टी में शामिल होने पहुंचे हैं। 

महेंद्र सिंह धोनी समेत पहुंचे फिल्मी सितारे

सलमान के जन्मदिन समारोह में बीती रात दिग्गज हस्तियों का जमावड़ा लगा रहा। यहां बॉलीवुड स्टार आदित्य रॉय कपूर, रकुल प्रीत सिंह, हुमा कुरैशी और अन्य कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद थीं। उनके परिवार के सदस्य भी पूरे समूह के साथ पहुंचे। भाई अरबाज खान अपनी पत्नी शूरा खान के साथ नजर आए, वहीं भतीजे अरहान खान और निर्वाण खान भी फार्महाउस के बाहर दिखाई दिए। बहन अर्पिता खान अपने पति आयुष शर्मा के साथ समारोह में शामिल हुईं। पार्टी की रौनक बढ़ाने के लिए तब्बू भी पार्टी में मौजूद रहीं। साथ ही पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान एमएस धोनी उनकी पत्नी साक्षी और बेटी ज़ीवा के साथ इस पार्टी में पहुंचे थे। सलमान के माता-पिता सलीम खान और सलमा खान भी मौजूद थे, जिससे यह जश्न पूरी तरह से पारिवारिक समारोह बन गया। जन्मदिन की खुशियों के अलावा, फैन्स सलमान खान के पेशेवर जीवन, खासकर उनकी आगामी फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' से जुड़ी अपडेट का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। उम्मीद है कि अभिनेता अपने जन्मदिन पर फिल्म से जुड़ी एक बड़ी खबर का खुलासा करेंगे, जिससे पहले से ही खास दिन में और भी उत्साह जुड़ जाएगा। 

सोशल मीडिया पर भी मिली बधाई

वहीं सलमान खान को सोशल मीडिया पर जन्मदिन की बधाई मिल रही है। फैन्स लगातार भाईजान की फिल्मों और उनके किरदारों को लेकर पोस्ट शेयर कर रहे हैं। सलमान खान ने अपने करियर में दर्जनों ऐसे किरदार निभाए हैं जो लोगों के दिलों में बसे हैं। आज भी लोग इन किरदारों को याद करते हैं और उन्हें दिल के करीब मानते हैं। सलमान खान अब जल्द ही बैटल ऑफ गलवान में नजर आने वाले हैं। कई रिपोर्टस में ये दावा किया गया था कि उनके जन्मदिन पर फिल्म का प्रोमो भी रिलीज हो सकता है। हालांकि अभी तक इसका कुछ अपडेट नहीं आया है लेकिन फैन्स को इस फिल्म की झलक का इंतजार है। 

ये भी पढ़ें- सलमान खान के वे डायलॉग जिसने लोगों के दिलों पर किया राज, आज भी सोशल मीडिया पर रहते हैं वायरल

60 साल के हुए सलमान खान, कैमरों के सामने काटा केक, बर्थडे पार्टी में लगा सितारों का जमावड़ा, धोनी भी आए नजर

Latest Bollywood News