1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'ऐसा नहीं कि मैं खाना नहीं चाहती, मैं खा नहीं सकती', सामंथा का छलका दर्द, गंभीर बीमारी ने किया मजबूर, बताया क्यों घट रहा वजन

'ऐसा नहीं कि मैं खाना नहीं चाहती, मैं खा नहीं सकती', सामंथा का छलका दर्द, गंभीर बीमारी ने किया मजबूर, बताया क्यों घट रहा वजन

एक्ट्रेस सामंथा रुथ प्रभु एक गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। हाल ही में उनके घटते वजन को लेकर काफी सवाल हुए, जिसके बारे में एक्ट्रेस ने बात की और वजन घटने की असल वजह बताई जो काफी हैरान करने वाली है।

Samantha ruth prabhu- India TV Hindi
Image Source : SAMANTHA RUTH PRABHU/INSTAGRAM सामंथा रुथ प्रभु।

ग्लैमर की दुनिया बाहर से जितनी चकाचौंध भरी दिखती है, अंदर से कभी-कभी उतनी ही दर्दनाक होती है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं मशहूर साउथ और बॉलीवुड एक्ट्रेस सामंथा रूथ प्रभु। सामंथा पिछले कुछ समय से 'मायोसिटिस' नाम की एक बेहद गंभीर और दर्दनाक ऑटोइम्यून बीमारी से जूझ रही हैं। हाल ही में अपनी आने वाली फिल्म 'मा इंटि बंगरम' के प्रमोशन के दौरान उन्होंने इस बीमारी की वजह से अपनी जिंदगी और शरीर में आए बदलावों पर ऐसी बातें कहीं, जो किसी को भी भावुक कर दें। लगातार वजन कम होने और दो साल के लंबे ब्रेक पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए सामंथा ने कहा, 'मुझसे हमेशा पूछा जाता है कि मैंने इतना वज़न क्यों कम किया? लोग कभी नहीं समझ पाते कि सामने वाला किस दौर से गुजर रहा है। ऐसा नहीं है कि मैं खाना नहीं चाहती, सच तो यह है कि मैं खा नहीं सकती।'

पालतू बिल्ली 'जिलेटो' के नाम के पीछे छिपा है आंसुओं का सफर

एक इंटरव्यू के दौरान जब सामंथा से पूछा गया कि उन्होंने अपनी पालतू बिल्ली का नाम 'जिलेटो' क्यों रखा तो इसके पीछे की कहानी बताते हुए उनका दर्द छलक पड़ा। सामंथा ने बताया, 'बीमारी के कारण लिए गए दो साल के ब्रेक के दौरान खाना मेरे लिए एक सबसे बड़ा खतरा बन गया था। कुछ भी थोड़ा सा अलग खाते ही मेरी तबीयत बिगड़ जाती थी। मेरा खाना बेहद सीमित और पूरी तरह बेस्वाद हो गया था। मैं दो साल तक सुबह, दोपहर और रात में सिर्फ एक ही जैसा खाना खाती रही। उस कड़े परहेज के बाद जिस पहली मीठी चीज को खाने की मुझे डॉक्टरों से इजाजत मिली, वह थी बिना चीनी और बिना डेयरी वाली 'जिलेटो'। मैं उस पल का पागलों की तरह इंतज़ार करती थी। इसलिए जब मैं बिल्ली घर लाई तो मैंने उसका नाम ही जिलेटो रख दिया।'

बीमारी ने तोड़ा 'स्टारडम' का अहंकार

साल 2021 में नागा चैतन्य से तलाक और फिर 2022 में इस गंभीर बीमारी का पता चलना, सामंथा के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से बेहद थका देने वाला था। उन्होंने एक समय पर सोशल मीडिया पर अस्पताल से हाथ में ड्रिप (IV लाइन) लगी तस्वीर शेयर कर फैंस को अपनी बीमारी के बारे में बताया था। सामंथा ने अपने भीतर आए बदलावों को स्वीकार करते हुए बेहद ईमानदारी से कहा, 'काम के सिलसिले में मैं इतनी व्यस्त थी कि मुझे लगता था मेरा कभी अंत नहीं होगा। एक एक्टर के तौर पर आप इतने अहंकारी हो जाते हैं कि आपको लगता है आप हमेशा काम करते रहेंगे। लेकिन इस ब्रेक ने मुझे सच का आइना दिखाया और मुझे अंदर से पूरी तरह बदल दिया।'

19 जून को सिनेमाघरों में लौट रही हैं सामंथा

निजी जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव देखने के बाद सामंथा अब अपनी जिंदगी के एक नए और खुशनुमा दौर में हैं। वह अपनी नई फिल्म 'मा इंटि बंगरम' के साथ पर्दे पर धमाकेदार वापसी के लिए तैयार हैं। नंदिनी रेड्डी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सामंथा के साथ गौतमी, श्रीमुखी और गुलशन देवैया जैसे कलाकार नजर आएंगे, जो 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इस फिल्म से सामंथा और उनके फैंस को ढेरों उम्मीदें हैं।

ये भी पढ़ें: बॉलीवुड में आते ही छा गई आनंदीबेन पटेल की नातिन, एक्टिंग-खूबसूरती से 'सत्यभामा ' ने जीते दिल, नानी भी हुईं मुरीद

Latest Bollywood News