1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'नवरंग' फेम संध्या शांताराम का निधन, 94 की उम्र में ली आखिरी सांस, फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर

'नवरंग' फेम संध्या शांताराम का निधन, 94 की उम्र में ली आखिरी सांस, फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर

मराठी फिल्म 'पिंजरा' में अपनी भूमिका के लिए मशहूर दिग्गज अभिनेत्री संध्या शांताराम का 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया। सोशल मीडिया के जरिए फैंस और बॉलीवुड सितारे उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

Sandhya Shantaram- India TV Hindi
Image Source : X/@IMBHANDARKAR दिग्गज अभिनेत्री संध्या शांताराम का निधन।

'नवरंग' और 'पिंजरा' जैसी चर्चित और सफल फिल्मों में काम कर चुकीं दिग्गज अभिनेत्री संध्या शांताराम अब इस दुनिया में नहीं रहीं। उन्होंने 94 वर्ष की आयु में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। प्रशंसक, बॉलीवुड सेलेब्स और राजनीति जगत की हस्तियां सोशल मीडिया के जरिए संध्या को श्रद्धांजलि दे रही हैं। बता दें कि संध्या शांताराम ने वी शांताराम से विवाह किया था। उन्होंने मराठी के साथ-साथ हिंदी फिल्मों में भी अपनी एक अलग पहचान बनाई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार शिवाजी पार्क स्थित वैकुंठ धाम में किया गया।

लंबे समय से बीमार थीं संध्या शांताराम

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, संध्या शांताराम लंबे समय से बढ़ती उम्र से जुड़ी समस्याओं से जूझ रही थीं। हालांकि, उनका निधन किस वजह से हुआ अभी इसकी कोई जानकारी नहीं है। नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित की जा चुकीं संध्या शांताराम को बॉलीवुड और राजनीति जगत की हस्तियां सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धांजलि दे रही हैं।

मधुर भंडारकर ने जताया शोक

फिल्ममेकर मधुर भंडारकर ने एक एक्स पोस्ट के जरिए दिग्गज अभिनेत्री को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में लिखा- 'महान अभिनेत्री संध्या शांताराम जी के निधन से दुखी हूं। पिंजरा, दो आंखें बारह हाथ, नवरंग और झनक झनक पायल बाजे जैसी फिल्मों में उनकी प्रतिष्ठित भूमिकाएं हमेशा याद रखी जाएंगी। उनकी अद्भुत प्रतिभा और मंत्रमुग्ध कर देने वाले नृत्य कौशल ने सिनेमा जगत पर एक अमिट छाप छोड़ी है। ओम शांति।'

दिग्गज अभिनेत्री के लिए संवेदनाओं का तांता

भाजपा नेता आशीष शेलार ने संध्या शांताराम के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा, "भावुक श्रद्धांजलि! फिल्म 'पिंजरा' की प्रसिद्ध अभिनेत्री संध्या शांताराम जी के निधन का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। मराठी और हिंदी फिल्म उद्योग में, उन्होंने अपने अद्वितीय अभिनय और नृत्य कौशल से दर्शकों के मन पर एक अलग छाप छोड़ी। 'झनक झनक पायल बाजे', 'दो आंखें बारह हाथ' और विशेष रूप से फिल्म 'पिंजरा' जैसी फिल्मों में उनकी अमर भूमिकाएं दर्शकों के दिलों में हमेशा के लिए अंकित रहेंगी। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।'

ये भी पढ़ेंः

'लोलो इसकी हकदार नहीं थीं', प्रिया की वजह से बर्बाद हुई करिश्मा की शादी, संजय कपूर की बहन ने किए शॉकिंग खुलासे

Latest Bollywood News