1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'गलती मेरी थी', संजय दत्त ने 1993 मुंबई ब्लास्ट के दौरान हथियार रखने पर तोड़ी चुप्पी, बोले- आज भी पछतावा होता है

'गलती मेरी थी', संजय दत्त ने 1993 मुंबई ब्लास्ट के दौरान हथियार रखने पर तोड़ी चुप्पी, बोले- आज भी पछतावा होता है

संजय दत्त ने शेखर सुमन के शो में अपनी जिंदगी के सबसे बड़े विवाद पर बात की। उन्होंने 1993 के मुंबई बम धमाके और हथियार मामले और गिरफ्तारी के बारे में बात करते हुए पिता सुनील दत्त की प्रतिक्रिया को याद किया और इस पूरे मामले पर अफसोस जाहिर किया।

sanjay dutt- India TV Hindi
Image Source : VIRAL BHAYANI संजय दत्त।

संजय दत्त हिंदी सिनेमा के उन कलाकारों में से एक हैं, जो अपने करियर के साथ-साथ अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी काफी चर्चा में रहे। ड्रग्स की लड़ाई से लेकर जेल जाने तक, संजय दत्त ने अपनी जिंदगी में काफी कुछ देखा है। उनकी जिंदगी के सबसे मुश्किल और विवादित समय की बात की जाए तो 1993 के मुंबई बम धमाके के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह से बिखर गई थी। उन पर अवैध हथियार रखने के आरोप लगे थे, जिसके बाद आर्म्स एक्ट के तहत उन्हें दोषी ठहराया गया और उन्हें जेल तक जाना पड़ा था। अब संजय दत्त ने शेखर सुमन के शो 'शेखर टुनाइट' में बातचीत के दौारन इस पूरे विवाद पर खुलकर बात की। इस पूरे विवाद पर अफसोस जताते हुए उन्होंने माफी भी मांगी है।

अंतरआत्मा की आवाज को नजरअंदाज किया- संजय दत्त

मुंबई में सीरियल बम धमाकों के बाद हुई जांच के बाद संजय दत्त को अप्रैल 1993 में प्रतिबंधित हथियार (जिनमें AK-56 राइफ़ल भी शामिल थी) को गैर-कानूनी रूप से रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। शो में बात करते हुए संजय दत्त ने कहा कि उन्हें हथियार रखने के लिए हां कहने से पहले कुछ गड़बड़ होने का एहसास हुआ था, मगर उन्होंने ये सोचकर अपने मन की आवाज को नजरअंदाज कर दिया कि उन्हें बस कुछ ही दिन ये हथियार अपने पास रखने हैं और इससे उन्हें कोई परेशानी नहीं होगी।

गलती मेरी थी- संजय दत्त

संजय दत्त ने कहा- 'गलती मेरी थी। अगर आपका दिल आपसे कुछ कहता है तो आपको उसकी आवाज सुननी चाहिए। अगर आपका दिमाग आपसे कुछ कहता है तो उसे इतनी जल्दी नहीं सुनना चाहिए। जब मैंने वो घटना देखी, तो मेरा दिल मुझसे कह रहा था कि मुझे ये नहीं करना चाहिए, लेकिन दिमाग कह रहा था कि एक हफ्ते रख लो, इसमें क्या नुकसान होगा? लेकिन, मुझे बिलकुल अंदाजा नहीं था कि मेरे फैसले के नतीजे इतने गंभीर हो सकते हैं। हम जिस देश में रहते हैं, वहां के कानून की जानकारी जरूर होना चाहिए। मुझे वो चीज रखने में हिचकिचाहट हो रही थी।'

गिरफ्तारी पर रोने लगे थे पिता सुनील दत्त

संजय दत्त ने इसी दौरान उस भावुक पल के बारे में भी बात की, जब उनके पिता सुनील दत्त रोने लगे थे। उन्होंने बताया कि जब पुलिस उन्हें हथकड़ी पहना रही थी तो पिता सुनील दत्त रो रहे थे। उन्हें अपने बेटे के साथ ऐसा सलूक होता देखकर बुरा लग रहा था। हालांकि, संजय दत्त ने उन्हें संभाला और यकीन दिलाया कि ये सिर्फ एक प्रोसेस है और उन्हें परेशान नहीं होना चाहिए। लेकिन, अपने पिता को टूटता देखकर कहीं न कहीं अंदर से खुद एक्टर भी टूट गए थे, मगर उन्हें बाहर से खुद को मजबूत दिखाना पड़ा, ताकि वह अपने पिता को दिलासा दिला सकें।

संजय दत्त के बयान पर मचा था बवाल

हाल ही में इसी शो के दौरान कही एक बात को लेकर भी संजय दत्त विवाद में फंस गए थे, जिसके बाद उन्हें पूरे मामले पर सफाई देनी पड़ी थी। संजय दत्त ने शो के दौरान एक टास्क परफॉर्म करते हुए कहा था कि उन्हें भारत में अब पहले जैसी शांति महसूस नहीं होती। इस बयान के बाद संजय दत्त ट्रोल्स के निशाने पर आ गए, जिसके बाद उन्होंने एक बयान जारी करते हुए बताया कि शो में उन्होंने जो कुछ कहा, वह सिर्फ उनकी परफॉर्मेंस का हिस्सा था।

ये भी पढ़ेंः अमिताभ बच्चन को दिल्ली हाई कोर्ट में पेश होने के निर्देश, 4 साल पुराने केस में मिली हिदायत, सुनवाई के लिए खुद होना होगा हाजिर

Latest Bollywood News