1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'धुरंधर' में छाईं 'गोरी मेम' सौम्या टंडन, अब हाथ लगी सूरज बड़जात्या की फिल्म, खूबसूरत तस्वीरों के साथ शेयर किया इमोशनल नोट

'धुरंधर' में छाईं 'गोरी मेम' सौम्या टंडन, अब हाथ लगी सूरज बड़जात्या की फिल्म, खूबसूरत तस्वीरों के साथ शेयर किया इमोशनल नोट

'भाभी जी घर पर हैं' की 'गोरी मेम' उर्फ सौम्या टंडन पिछले दिनों रणवीर सिंह स्टारर ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर 'धुरंधर' के बाद अब सूरज बड़जात्या की फिल्म में नजर आएंगी। इस अपकमिंग फिल्म को लेकर सौम्या टंडन ने सोशल मीडिया के जरिए खुशी जाहिर की है।

saumya Tandon- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@SAUMYAS_WORLD_ सौम्या टंडन।

ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर' में सौम्या टंडन ने अपने अभिनय के लिए खूब सुर्खियां बटोरीं। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर में सौम्या टंडन ने अक्षय खन्ना अभिनीत रहमान डकैत की पत्नी उल्फत का किरदार निभाया था, जिसमें उन्हें काफी पसंद किया गया। 'धुरंधर' के बाद अब सौम्या टंडन एक नई फिल्म की तैयारी में जुट गई हैं। सौम्या टंडन 'धुरंधर' के बाद अब सूरज बड़जात्या की अपकमिंग फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' में नजर आएंगी, जिसमें आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ लीड रोल में हैं। हाल ही में इस फिल्म को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए एक पोस्ट साझा किया है, जिसमें उन्होंने सूरज बड़जात्या का आभार जताया है।

सूरज बड़जात्या की फिल्म में सौम्या टंडन

सौम्या टंडन ने अपनी अपकमिंग फिल्म के सेट से कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें वह सूरज बड़जात्या और 'ये प्रेम मोल लिया' के अन्य स्टार कास्ट के साथ नजर आ रही हैं। तस्वीरों में सौम्या गुलाबी रंग की साड़ी और खूबसूरत ज्वेलरी और मेकअप में नजर आ रही हैं, जिसमें वह बेहद खूबसूरत लग रही हैं। सौम्या ने फिल्म का एक पोस्टर भी शेयर किया है, जिसमें उनके साथ शरवरी वाघ, आयुष्मान खुराना, सुप्रिया पाठक, अनुपम खेर और अन्य कलाकार नजर आ रहे हैं।

सौम्या टंडन ने जताई खुशी

सौम्या टंडन ने ये तस्वीरें शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा- 'सूरज बड़जात्या सर के निर्देशन में काम करना किसी भी एक्टर का सपना होता है। यह अब तक का सबसे खुशनुमा सेट रहा है। ये प्रेम मोल लिया के सेट पर बिताए हर पल को मैं हमेशा याद रखूंगी। मेरा सच में मानना ​​है कि स्क्रीन पर जो सच्चा प्यार दिखता है, वह असल में उसके पीछे मौजूद सच्चे प्यार से ही आता है। सबसे बेहतरीन कास्ट और क्रू के साथ इस शानदार अनुभव के लिए राजश्री फिल्म्स का शुक्रिया। आप सभी से 27 नवंबर को सिनेमाघरों में मिलती हूं।'

सौम्या टंडन का करियर

सौम्या टंडन के करियर की बात करें तो उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मॉडल के तौर पर की थी। 2006 में फेमिना कवर गर्ल प्रतियोगिता की फर्स्ट रनर अप रहीं। 2007 में सौम्या इम्तियाज  अली की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'जब वी मेट' में भी नजर आईं। इस फिल्म में उन्होंने करीना कपूर की बहन 'रूप' का किरदार निभाया था। उन्होंने लोकप्रिय रियेलिटी शो 'डांस इंडिया डांस' के तीन सीजन होस्ट किए। लेकिन, उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता 'भाभीजी घर पर हैं' में अनीता भाभी (गोरी मेम) का किरदार निभाकर मिली। पर्सनल लाइफ की बात करें तो सौम्या ने 2016 में मुंबई में एक निजी समारोह सौरभ देवेंद्र सिंह से शादी की, जिनसे उनका एक बेटा मिरान है।

ये भी पढ़ेंः आ गया 'उड़ता तीर' का ट्रेलर, आयुष्मान खुराना बने पाकिस्तानी जासूस 'बिलाल', जो गलती से बन बैठा भारत प्रेमी

Latest Bollywood News