सी-फेसिंग पेंटहाउस, छत पर पूल और दिखता है मुंबई का 360 डिग्री व्यू, फराह खान ने कराई राहुल वैद्य के आलीशान आशियाने की सैर
राहुल वैद्य और दिशा परमार अपने नए आलीशान घर को लेकर चर्चा में हैं। समुद्र के सामने बने इस पेंटहाउस में फराह खान पहुंचीं, जहां उन्होंने घर की खूबसूरती और कपल की पुरानी यादों पर बात की।

बॉलीवुड सिंगर राहुल वैद्य और एक्ट्रेस दिशा परमार इन दिनों मुंबई के बांद्रा स्थित अपने नए घर को लेकर चर्चा में हैं। दोनों हाल ही में अपने नए आलीशान घर में शिफ्ट हुए हैं, जिसकी कीमत करीब 9 करोड़ रुपये बताई जा रही है। खास बात यह है कि उनका यह घर समुद्र के सामने स्थित है और यहां से मुंबई का शानदार स्काईलाइन व्यू भी दिखाई देता है। हाल ही में फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान अपने कुक दिलीप के साथ राहुल और दिशा के घर पहुंचीं। इस दौरान कपल ने उन्हें अपने नए पेंटहाउस का टूर कराया, जिसमें बड़ा टैरेस गार्डन और स्विमिंग पूल भी मौजूद है।
राहुल को देखकर पुरानी यादों में खो गईं फराह खान
राहुल और दिशा के घर पहुंचते ही फराह खान ने सिंगर की तारीफ की। उन्होंने राहुल की उपलब्धियों को याद करते हुए खुशी जाहिर की और बताया कि उन्हें उन्हें इस मुकाम तक पहुंचते देखना बेहद अच्छा लग रहा है। फराह के लिए यह मुलाकात इसलिए भी खास थी क्योंकि वह पहले राहुल और दिशा की पड़ोसी रह चुकी हैं। घर में बातचीत के दौरान बात सीधे 2004 के इंडियन आइडल के पहले सीजन तक पहुंच गई। उस समय राहुल महज 17 साल के थे और शो में बतौर कंटेस्टेंट पहुंचे थे। फराह खान इस सीजन की जज थीं। राहुल शो के फाइनलिस्ट में शामिल हुए थे और तीसरे स्थान पर रहे थे। फराह ने उस दौर को याद करते हुए राहुल के सफर की तुलना उनके आज के मुकाम से की। उन्होंने बताया कि एक समय राहुल एक साधारण और मिडिल क्लास परिवार से आने वाले युवा कंटेस्टेंट थे और आज उन्होंने मुंबई के बांद्रा में समुद्र के सामने इतना शानदार घर खरीदा है।
'जो जीता वही सुपरस्टार' में राहुल ने मारी बाजी
फराह खान ने राहुल के पुराने टीवी सफर का एक और दिलचस्प किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि इंडियन आइडल के पहले सीजन में तीसरे स्थान पर रहने के बाद राहुल ने बाद में जो जीता वही सुपरस्टार में शानदार वापसी की। इस शो में पहले के कई विजेता और रनर-अप शामिल हुए थे और राहुल ने वहां पहला स्थान हासिल किया था। फराह ने मजाकिया अंदाज में इसे राहुल का पुराना हिसाब चुकाना भी बताया। उनकी बातचीत से साफ था कि दोनों के बीच पुराना और खास रिश्ता है और राहुल के शुरुआती करियर से जुड़ी कई यादें आज भी उनके जेहन में ताजा हैं।
घर का लिविंग रूम है काफी एलिगेंट
राहुल और दिशा के नए घर का लिविंग रूम काफी खुला और खूबसूरत नजर आया। यहां क्रीम शेड की मार्बल फ्लोरिंग है, जबकि छत पर वॉर्म लाइटिंग पूरे कमरे को सॉफ्ट और आरामदायक माहौल देती है। कमरे में सफेद और ऑलिव ग्रीन टोन वाले फर्नीचर का इस्तेमाल किया गया है। लिविंग एरिया में एक कॉफी शेड की सेंटर टेबल रखी गई है, जिसके सामने बड़ी टीवी स्क्रीन दिखाई देती है। फर्श से छत तक बने ग्लास और वुड पार्टिशन के कारण कमरे में प्राकृतिक रोशनी भरपूर आती है। सफेद शीयर पर्दों ने इस स्पेस को और खुला और ब्राइट लुक दिया।
दीवारों पर सजी हैं खास यादें
घर के दूसरे हिस्सों की ओर जाने वाले कॉरिडोर में ब्लैक एंड व्हाइट पैटर्न वाली फ्लोरिंग देखने को मिली। इस रास्ते में परिवार की कई तस्वीरें और यादों से जुड़े फोटो फ्रेम लगाए गए हैं। वहीं घर में एक अलग मंदिर क्षेत्र भी बनाया गया है, जो पूरे इंटीरियर में आध्यात्मिक और पारंपरिक स्पर्श जोड़ता है। लिविंग रूम की बड़ी खिड़कियों से बाहर का नजारा देखते ही फराह खान भी खुद को रोक नहीं पाईं। उन्होंने समुद्र और मुंबई की स्काईलाइन को देखकर घर के व्यू की तारीफ की। राहुल ने पर्दे हटाए तो सामने अरब सागर का खूबसूरत नजारा दिखाई दिया।
बालकनी से दिखता है मुंबई का शानदार नजारा
राहुल और दिशा के घर की बालकनी में एक झूला भी रखा गया है, जहां बैठकर समुद्र और शहर का नजारा देखा जा सकता है। राहुल ने इस दौरान फराह के घर की भी तारीफ की और मजाकिया अंदाज में कहा कि फराह और उनके पड़ोसी रहे हिमेश रेशमिया के घर मुंबई के सबसे खूबसूरत घरों में शामिल हो सकते हैं, लेकिन घर का सबसे बड़ा आकर्षण इसका टैरेस है। यहां से मुंबई का लगभग 360 डिग्री व्यू दिखाई देता है। राहुल ने बताया कि टैरेस से एयरपोर्ट, ताज लैंड्स एंड, बैंडस्टैंड, वर्ली और घाटकोपर तक के इलाके नजर आते हैं।
टैरेस पर गार्डन और बड़ा स्विमिंग पूल
पेंटहाउस के टैरेस को भी बेहद खूबसूरती से तैयार किया गया है। यहां घास, पौधे और बड़े पत्थरों को डेकोरेशन के तौर पर इस्तेमाल किया गया है। टैरेस के एक हिस्से में बड़ा स्विमिंग पूल भी है, जो इस घर को और खास बनाता है। फराह खान ने टैरेस और पूल देखने के बाद इसकी तुलना अपने घर से भी की। समुद्र, शहर की ऊंची इमारतों और खुले आसमान के बीच यह टैरेस घर का सबसे आकर्षक हिस्सा दिखाई देता है।
घर के साथ जुड़ी है राहुल-दिशा की प्रेम कहानी
फराह खान की विजिट के दौरान राहुल और दिशा ने अपनी लव स्टोरी से जुड़ी बातें भी साझा कीं। राहुल ने बताया कि बिग बॉस 14 के दौरान उन्होंने दिशा को शादी के लिए प्रपोज किया था। दोनों पहले से रिलेशनशिप में थे, लेकिन शादी के प्रपोजल को लेकर उन्होंने पहले से कोई बातचीत नहीं की थी। राहुल ने बताया कि बिग बॉस के घर में रहने के दौरान उन्हें कई चीजों को नए नजरिए से देखने का मौका मिला। इसी दौरान उन्होंने दिशा के जन्मदिन पर उन्हें प्रपोज करने का फैसला किया। उन्होंने अपनी टी-शर्ट पर लिपस्टिक से प्रपोजल लिखा था। दिशा ने बताया कि उन्हें इस बारे में बिल्कुल अंदाजा नहीं था और वह राहुल के इस सरप्राइज से काफी खुश और हैरान हुई थीं। राहुल और दिशा ने इसी साल 20 मार्च को गुड़ी पड़वा के मौके पर अपनी बेटी नव्या के साथ नए घर में गृह प्रवेश किया था।
ये भी पढ़ें: गणपति उत्सव की नीता अंबानी ने बढ़ाई रौनक, ऑरेंज-मैजेंटा साड़ी और कंधों तक फैला जड़ाऊ हार, छा गया रॉयल लुक