बॉलीवुड की दुनिया में कई चेहरे आते हैं, कोई पहली ही फिल्म से जगमगाता है तो कोई फेल होता है। कुछ पल भर को जगमगाते हैं और फिर गायब हो जाते हैं। ऐसी कई कहानिया हर दिन फिल्मी दुनिया में सामने आती हैं। मायानगरी में हमेशा के लिए स्थापित रह पाना आसान बात नहीं है। कभी-कभी ऐसा देखा जाता है कि कोई नाम अपनी कम मौजूदगी के बावजूद दिलों में हमेशा के लिए बस जाता है। ऋषिता भट्ट भी एक ऐसा ही नाम हैं। न तो वो 100 करोड़ क्लब का हिस्सा बनीं, न ही मैग्जीन कवर की क्वीन रहीं, लेकिन फिर भी उन्होंने एक ऐसा जादू बिखेरा जो आज भी कई सिनेप्रेमियों को याद है।
जब शाहरुख खान के साथ हुआ डेब्यू
ऋषिता भट्ट ने साल 2001 में 'अशोका' से बॉलीवुड में कदम रखा। यह एक पीरियड ड्रामा था जिसमें उन्होंने सम्राट अशोक (शाहरुख खान) की पत्नी देवी की भूमिका निभाई। फिल्म भले ही बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा सफल नहीं रही, लेकिन इसकी सिनेमैटोग्राफी, भव्य सेट्स और स्टाइलिश प्रेजेंटेशन की तारीफ आज भी होती है। ऋषिता की सुंदरता और नपातुले अभिनय ने उन्हें उस साल का जी सिने बेस्ट डेब्यू अवॉर्ड दिलाया। हालांकि ऋषिता का पहला ऑनस्क्रीन अपीयरेंस इससे भी पहले हुआ था। साल 1999 के आइकॉनिक म्यूजिक वीडियो 'आंखों में तेरा ही चेहरा' से वो घर-घर में स्टार बन गई थी। इस वीडियो में वह शाहिद कपूर के साथ नजर आईं, जिनका यह पहला स्क्रीन अपीयरेंस था। दोनों की मासूम जोड़ी ने युवाओं का दिल जीत लिया और गाना आज भी यूट्यूब पर छाया हुआ है। शाहिद ने बाद में ऋषिता को 'अपनी पहली हीरोइन' कहा। इसके अलावा वो लिरिल साबुन की एड के चलते भी चर्चा में रहीं।
यहां देखें पोस्ट
अभिनय में संभावनाएँ थीं, पर मुकाम अधूरा रह गया
ऋषिता ने इसके बाद 'दिल विल प्यार व्यार', 'शरारत', 'हासिल' और 'अब तक छप्पन' जैसी फिल्मों में काम किया। उन्होंने इरफान खान, ऋतिक रोशन, अमिताभ बच्चन, नाना पाटेकर और जिमी शेरगिल जैसे मंझे हुए अभिनेताओं के साथ स्क्रीन साझा की, लेकिन बड़े प्रोडक्शन हाउस ने उन्हें शायद ही गंभीरता से लिया। पहली ही फिल्म में शाहरुख खान के प्रोडक्शन हाउस में काम करने के बाद भी वो कभी भी बड़े प्रोडक्शन्स की पसंद नहीं बन पाईं। हासिल जैसे फिल्मों में जहां बाकी कलाकारों को खूब सराहना मिली, ऋषिता की परफॉर्मेंस को सीमित ही आंका गया। कुछ क्रिटिक्स ने कहा कि ऋषिता मेनस्ट्रीम फिल्मों के लिए काफी शांत एक्ट्रेस हैं। जबकि कुछ को लगा कि वह आर्ट सिनेमा के लिए बेहतर फिट हैं। धीरे-धीरे, उन्होंने खुद को व्यावसायिक फिल्मों से दूर कर लिया और क्षेत्रीय व इंडीपेंडेंट सिनेमा की ओर रुख किया।
लाइमलाइट से दूरी रही निजी जिंदगी
2000 के दशक के अंत तक ऋषिता फिल्मों से लगभग गायब हो गईं। पर साल 2017 में उन्होंने सबको चौंकाते हुए एक निजी समारोह में संयुक्त राष्ट्र के अधिकारी अनंत तिवारी से शादी कर ली। यह शादी मीडिया की नजरों से दूर, बेहद सादगी से हुई। ऋषिता ने ग्लैमर की जगह निजी संतुलन और शांति को चुना। आखिरी बार वो अक्षय कुमार की फिल्म 'कठपुतली' में एक छोटा रोल मिभाते नजर आई थीं। आज वे अभिनय से भले दूर हैं, लेकिन इंस्टाग्राम पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं, जो उनकी पुरानी यादों, ट्रैवल फोटोज और विचारों को दर्शकों के सामने रखते हैं।
Latest Bollywood News