A
Hindi News मनोरंजन बॉलीवुड शाहरुख खान की पहली हीरोइन, अयुष्मान खुराना की मां बन हुईं फेमस, Mirzapur ने दिलाई नई पहचान, अब पूरी तरह बदला हुलिया

शाहरुख खान की पहली हीरोइन, अयुष्मान खुराना की मां बन हुईं फेमस, Mirzapur ने दिलाई नई पहचान, अब पूरी तरह बदला हुलिया

सालों पहले एक एक्ट्रेस शाहरुख खान की पहली हीरोइन के रोल में नजर आई थीं, दोनों की जोड़ी को काफी पसंद किया गया था। अब सालों बाद एक्ट्रेस काफी बदल गई हैं और वो बड़े पर्दे पर आयुष्मान खुराना की मां के रोल में नजर आई थीं।

Shah rukh khan and alka amin- India TV Hindi Image Source : @SRKSHAHDOM/X शाहरुख खान और अल्का अमीन।

प्राइम वीडियो की चर्चित वेब सीरीज 'मिर्जापुर 3' ने कई कलाकारों को नई पहचान दी है। जहां एक तरफ 'सलोनी भाभी' के रूप में नेहा सरगम की चर्चा है, वहीं उनकी सास 'गीता त्यागी' का किरदार निभाने वाली अनुभवी अभिनेत्री अलका अमीन ने भी अपनी सशक्त एक्टिंग से सबका ध्यान खींचा है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि पर्दे पर बेहद सख्त दिखने वाली यह 'त्यागी अम्मा' कभी रोमांस के किंग शाहरुख खान की पहली ऑन-स्क्रीन हीरोइन रह चुकी हैं? हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पुराना वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक बहुत ही युवा अलका अमीन और शाहरुख खान साथ नजर आ रहे हैं। इस क्लिप को देख फैंस दंग रह गए कि 'मिर्जापुर' की टफ त्यागी महिला कभी छोटे पर्दे पर किंग खान के साथ रोमांस कर चुकी हैं।

'दिल दरिया'- जब शाहरुख की हीरोइन बनीं अलका

यह किस्सा साल 1988 के टीवी सीरियल 'दिल दरिया' का है, जिसे मशहूर निर्देशक लेख टंडन ने बनाया था। यह वही दौर था जब शाहरुख 'फौजी' और 'दिल दरिया' जैसे शोज से अपने करियर की शुरुआत कर रहे थे। लेख टंडन को ही शाहरुख खान को टेलीविजन के लिए खोजने का श्रेय दिया जाता है। इस शो में अलका अमीन ने शाहरुख के किरदार 'नंदू' की पत्नी 'कांथा' का रोल निभाया था। उस समय उन्हें अलका सक्सेना के नाम से जाना जाता था। एक दिलचस्प तथ्य यह भी है कि अलका असल जिंदगी में शाहरुख खान से चार साल बड़ी हैं। चूंकि 'दिल दरिया' वह पहला शो था जिसे शाहरुख ने साइन किया था, इसलिए तकनीकी रूप से अलका अमीन को शाहरुख खान की पहली हीरोइन कहा जा सकता है।

यहां देखें वीडियो

क्या थी 'दिल दरिया' की कहानी?

दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाला यह सीरियल दो परिवारों के बीच के तनाव और आपसी रिश्तों के इर्द-गिर्द बुना गया था। शाहरुख खान इसमें एक कपड़े के दुकानदार के बेटे नंदकिशोर (नंदू) बने थे, जो अपनी बेहतरीन सेल्समैनशिप के लिए जाना जाता था। हाल ही में वायरल हुई क्लिप इसी शो के तीसरे एपिसोड की है, जिसमें दोनों की केमिस्ट्री देखते ही बनती है। इस शो में दिव्या सेठ ने उनकी भाभी का किरदार निभाया था, जो उनके साथ बैरी जॉन के ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में थीं। दिल दरिया के सभी एपिसोड YouTube पर प्रसार भारती आर्काइव्स चैनल पर मुफ्त में ऑनलाइन उपलब्ध हैं।

अलका अमीन का लंबा सफर

शाहरुख खान के साथ करियर की शुरुआत करने के बावजूद अलका अमीन को बड़े पर्दे पर दोबारा सक्रिय होने में लंबा वक्त लगा। 'दिल दरिया' के बाद उन्होंने लगभग 15 साल का ब्रेक लिया और 2003 में फिल्म 'स्वराज' से वापसी की। आज वह 'दम लगा के हईशा' के लिए जानी जाती हैं, जिसमें उन्होंने आयुष्मान खुराना की मां का किरदार निभाया था, जो उसे अपनी पत्नी को गोद में उठाकर रेस में दौड़ने के लिए प्रोत्साहित करती है। 'केदारनाथ', 'लुका छुपी' जैसी फिल्मों और 'निर्मल पाठक की घर वापसी' व 'चाचा विधायक हैं हमारे' जैसे शोज का वो जाना-माना चेहरा हैं।

ये भी पढ़ें:  नॉर्थईस्ट इंडियन्स के लिए अक्षय कुमार ने बुलंद की आवाज, अपने मेकअप आर्टिस्ट संग भेदभाव का किया खुलासा

भर-भर कर सस्पेंस हिला देगा दिमाग, बढ़ती जाती है लाशों की गिनती, गायब होते मंगलसूत्र, धमाका करेगी वेब सीरीज

Latest Bollywood News