INDIA TV के SHE कॉन्क्लेव में भूमि पेडनेकर का खुलासा, बताया- किस घटना को भूल नहीं पातीं
India TV द्वारा आयोजित 'SHE' कॉन्क्लेव में बॉलिवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर भी शामिल हुईं। इस इवेंट में उन्होंने अपने करियर और पर्सनल लाइफ को लेकर खुलकर बात की।
India TV की ओर से SHE कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर भी शामिल हुई, जिन्होंने अपने करियर और पर्सनल लाइफ को लेकर कई किस्से शेयर किए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि एक्टिंग से पहले वह यश राज के बैनर के नीचे सहायक निर्देशक के तौर पर काम कर चुकी हैं। भूमि पेडनेकर ने एक ऐसी घटना के बारे में भी खुलासा किया, जिसे वह आज तक भूल नहीं पाई हैं। साथ ही एक्ट्रेस ने सिनेमा में प्रतिनिधित्व, आत्मविश्वास और महिलाओं की बदलती भूमिका के बारे में खुलकर बात की। इवेंट के दौरान, उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अपने सफर और अपनी कहानी कहने की शैली के जरिए समाज में महिलाओं के प्रति बदलते नजरिए पर भी प्रकाश डाला।
भूमि पेडनेकर आज तक नहीं भूल पाईं ये घटना
इंडिया टीवी के इस इवेंट में जब भूमि पेडनेकर से पूछा गया कि ऐसी कौन सी बात या घटना है, जो वो आज तक भूल नहीं पाई हैं। इस पर जवाब देते हुए, एक्ट्रेस ने खुलासा किया, 'मैं 14 साल की थी, जब मेरे साथ कुछ ऐसा हुआ जो शायद मैं कभी नहीं भूल सकती हूं।' उन्होंने इमोशनल होते हुए, कहा, 'मुझे बचपन में एक आदमी ने गलत तरीके से छुआ था और मैं आज 36 की हो गई हूं, लेकिन उस घटना को भूल नहीं पाई हूं।' एक्ट्रेस ने आगे कहा, 'आज कल लोग यह सब भूल जाते हैं और छोटे-छोटे बच्चों का भी इन सब में नाम सामने आता है।'
प्रेरक कहानियां गढ़ने पर एक्ट्रेस की राय
भूमि पेडनेकर ने साल 2015 में रिलीज हुई फिल्म 'दम लगा के हईशा' से बॉलिवुड डेब्यू किया था, जिसमें आयुष्मान खुराना भी थे। इस फिल्म के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि मुझे उस दौरान भी पसंद किया और आज भी पसंद किया जा रहा है। शारीरिक बदलाव और किरदार पर बात करते हुए, एक्ट्रेस ने रूढ़ियों को चुनौती देने और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा शुरू करने वाली सार्थक भूमिकाएं चुनने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने यह भी बताया कि महिलाओं को सशक्त बनाने और दर्शकों को प्रेरित करने वाली कहानियां गढ़ने में कलाकारों की अहम जिम्मेदारी होती है।
दम लगा के हईशा क्यों है खास
भूमि पेडनेकर ने कहा कि जब उन्हें शुरू में ऑडिशन के लिए बुलाया गया था तो उन्हें जो रोल ऑफर किए गए थे, वे लीड रोल नहीं थे। हालांकि, उन्होंने लगभग तीन महीने तक ऑडिशन देना जारी रखा। उन्होंने याद करते हुए कहा, 'शानू ने मुझे ऑडिशन देते रहने के लिए कहा और मेरे जन्मदिन पर मुझे रोल कन्फर्म करने के लिए कॉल आया।' उन्होंने आगे कहा कि फिल्म की सफलता के बाद उन्हें ऐसे और रोल मिलने लगे, जिनमें किरदार मजबूत और कहानियां मतलब वाली थीं। उन्होंने यह भी कहा, 'मैं दम लगा के हईशा के किरदार से इसलिए जुड़ पाई क्योंकि मैंने भी बुलिंग का सामना किया था।'
भूमि पेडनेकर क्यों बनीं एक्ट्रेस
उन्होंने बताया कि कई लोग अलग-अलग वजहों से बुलिंग का सामना करते हैं। उन्होंने कहा, 'मैं एक्ट्रेस इसलिए बनी क्योंकि स्टेज पर खड़े होने से मुझे उन पलों का सामना करने का कॉन्फिडेंस मिला।'
ब्यूटी स्टैंडर्ड्स और बॉडी इमेज पर क्या बोलीं भूमि
लुक को लेकर समाज की उम्मीदों के बारे में बात करते हुए, भूमि पेडनेकर ने कहा कि लड़कियों पर अक्सर ब्यूटी और शादी को लेकर ज्यादा प्रेशर होता है। उन्होंने कहा कि समाज इस बारे में कड़े स्टैंडर्ड बनाता है कि महिलाओं और पुरुषों को कैसा दिखना चाहिए। उनके मुताबिक, इंडियन कल्चर में पुराने समय से अलग-अलग तरह के बॉडी टाइप को सेलिब्रेट किया जाता रहा है, जो पुराने मंदिर आर्ट में भी दिखता है। उन्होंने कहा, 'हमारे मंदिर हर तरह के शरीर को सेलिब्रेट करते हैं।' उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ब्यूटी को छोटे स्टैंडर्ड्स तक सीमित नहीं रखना चाहिए। भूमि पेडनेकर ने सेल्फ-केयर की इंपॉर्टेंस पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि अपनी हेल्थ और शरीर का ख्याल रखना खुद के प्रति सम्मान और सेवा के तौर पर देखा जाना चाहिए।
वेट लॉस जर्नी पर छलका दर्द
भूमि पेडनेकर ने अपनी डेब्यू फिल्म के बाद वजन कम करते समय आई मुश्किलों के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि उन्हें शुरू में डर था कि अगर उन्होंने अपना लुक बदला तो उन्हें भविष्य में ऐसे रोल नहीं मिलेंगे। उन्होंने कहा, 'एक समय पर मैंने दोस्तों से भी दूरी बना ली थी और लगभग छह महीने तक पूरी तरह से वजन कम करने पर ध्यान दिया।' उन्होंने बताया कि 'दम लगा के हईशा' की शूटिंग के दौरान उनका वजन लगभग 96 किलोग्राम था। शूटिंग के दौरान, एक्टर आयुष्मान खुराना को एक सीन के लिए उन्हें लिफ्ट करना पड़ा था। हालांकि शुरुआत में एक बॉडी डबल का इंतजाम किया गया था, लेकिन एक्टर ने कड़ी ट्रेनिंग की और आखिरकार शूटिंग के आखिरी दिनों में खुद ही सीन करने में कामयाब रहे। एक्ट्रेस ने उनके डेडिकेशन की तारीफ की और कहा कि उन्होंने उस पल को बहुत सम्मान और प्रोफेशनलिज्म के साथ संभाला।
ये भी पढे़ं-
OTT Releases This Week: इस हफ्ते रिलीज होंगी नई फिल्में-सीरीज, घर बैठे मिलेगा मनोरंजन का फुल पैकेज
