1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. बसंती और राधा से कम खूबसूरत नहीं हैं शोले के डायरेक्टर की पत्नी, रमेश सिप्पी से 17 साल छोटी हैं किरण जुनेजा

बसंती और राधा से कम खूबसूरत नहीं हैं शोले के डायरेक्टर की पत्नी, रमेश सिप्पी से 17 साल छोटी हैं किरण जुनेजा

शोले के डायरेक्टर रमेश सिप्पी 1991 में अपनी निजी जिंदगी को लेकर खासे चर्चा में रहे, जिसकी वजह थी उनकी और किरण जुनेजा की शादी। रमेश सिप्पी ने 1991 में अपने से 17 साल छोटी एक्ट्रेस से शादी करके सबको हैरान कर दिया था।

Kiran Juneja- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@KIRANJONEJA किरण जुनेजाके साथ रमेश सिप्पी।

अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र स्टारर 'शोले' हिंदी सिनेमा की उन फिल्मों में से है जिसका नाम इतिहास में सुनहरे अक्षरों से दर्ज है। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ दर्शकों के दिल भी जीते। शोले में अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र के साथ-साथ संजीव कुमार, अमजद खान और सचिन पिलगांवकर जैसे अभिनेता और जया बच्चन और हेमा मालिनी जैसी अभिनेत्रियां भी नजर आई थीं। फिल्म के इन कलाकारों की तो खूब चर्चा होती है, लेकिन फिल्म के निर्देशक रमेश सिप्पी के कम ही चर्चे होते हैं। हालांकि, एक समय था जब रमेश सिप्पी अपनी निजी जिंदगी को लेकर काफी चर्चा में थे। ये समय था 1991 का, जब उन्होंने खुद से 17 साल छोटी किरण जुनेजा से शादी की।

रमेश सिप्पी ने 1991 में किरण जुनेजा से की थी शादी

दरअसल, रमेश सिप्पी ने पहली शादी गीता गीता सिप्पी से की थी, जिनसे उनके तीन बच्चे रोहन सिप्पी, सोन्या सिप्पी और शीना सिप्पी हैं। मगर धीरे-धीरे दोनों के रिश्ते में दरार पड़ने लगी और फिर आखिरकार दोनों अलग हो गए। गीता सिप्पी से अलग होने के बाद रमेश सिप्पी ने 1991 में किरण जुनेजा से शादी कर ली, जो उनके बेटे से सिर्फ 11 साल बड़ी थीं। जहां किरण की उम्र 61 साल है तो वहीं रमेश सिप्पी के बेटे रोहन सिप्पी 50 साल के हैं। उस दौरान किरण 27 साल की थीं और दोनों की उम्र में 17 साल का अंतर था। ये रमेश सिप्पी की दूसरी शादी थी और किरण की पहली।

होमब्रेकर का मिला टैग

रमेश सिप्पी से शादी के चलते किरण जुनेजा को 'होमब्रेकर' भी कहा गया, जिस पर रिएक्शन देते हुए किरण ने लहरें रेट्रो से कहा था- 'अगर मैं घर तोड़ने वाली होती तो मुझे शादी परेशान करती, लेकिन मैं पहले से ही उनकी स्थिति से वाकिफ थी। इसलिए ऐसा नहीं कह सकते कि मैंने उनका घर तोड़ा और ना ही ये मेरे लिए कभी चिंता का विषय रहा।'

कैसे हुई रमेश सिप्पी और किरण जुनेजा की मुलाकात?

रमेश सिप्पी और किरण जुनेजा की मुलाकात एक टीवी धारावाहिक में काम करते वक्त हुई। चार साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद 1991 में शादी कर ली। किरण कई बार अपनी और रमेश सिप्पी की लव स्टोरी पर बात कर चुकी हैं। उनके अनुसार, उन्हें रमेश सिप्पी में जो सबसे अच्छा लगा वो था उनका व्यक्तित्व। उन्हें उनके व्यक्तित्व ने आकर्षित किया। वह मिलनसार और विनम्र थे और कभी रूखेपन से बात नहीं करते थे।

कपूर खानदान से रमेश सिप्पी का कनेक्शन

बता दें, रमेश सिप्पी कपूर खानदान से भी रिश्ता रखते हैं। दरअसल, रमेश सिप्पी की बेटी शीना सिप्पी ने शशि कपूर के बेटे कुनाल कपूर से शादी की है, जिनसे उनके दो बच्चे जहान कपूर और शायरा कपूर हैं। शीना के बेटे जहान कपूर भी अब फिल्मी दुनिया में कदम रख चुके हैं। उन्होंने नेटफ्लिक्स की सीरीज 'ब्लैक वॉरंट' से शुरुआत की और खूब सुर्खियां बटोरीं।

Latest Bollywood News