बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर ने 'स्त्री 2' की शानदार सफलता के बाद लिए गए अपने एक करियर फैसले के बारे में बात की है। अपनी अगली फिल्म 'ईठा' की तैयारी कर रहीं श्रद्धा ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक Q&A सेशन रखा, जिसमें उन्होंने करियर को सही दिशा में आगे बढ़ाने के बारे में सलाह दी। एक फैन के सवाल का जवाब देते हुए, उन्होंने अपने उस फैसले का जिक्र किया, जिसके लिए काफी धैर्य और पक्के इरादे की जरूरत थी। साथ ही श्रद्धा कपूर ने फिल्म 'ईठा' चुनने पर अपनी खुशी भी जाहिर की। इसके पहले ईठा ट्रेलर लॉन्च पर एक्ट्रेस ने इस फिल्म में काम करने की वजह भी बताई थी।
'स्त्री 2' के बाद फिल्म साइन न करने पर श्रद्धा कपूर का बयान
एक फैन ने एक्ट्रेस श्रद्धा से युवा लड़कियों के लिए उनके करियर को लेकर सलाह मांगी। इस पर एक्ट्रेस ने कहा, 'मैं अपने बारे में बताती हूं। स्त्री 2 के बाद मुझे कई फिल्मों के ऑफर मिले और काफी पैसे भी ऑफर किए गए, लेकिन मैंने तय कर लिया था कि जब तक मुझे कोई एकदम परफेक्ट कहानी नहीं मिल जाती तब तक मैं कोई फिल्म साइन नहीं करूंगी। मेरे दिल ने कहा कि मुझे धैर्य रखना होगा और मैंने बिल्कुल वैसा ही किया।'
'ईठा' में काम करने पर श्रद्धा ने जताई खुशी
श्रद्धा कपूर ने आगे कहा, 'बेशक, जिस चीज को आप सच में पाना चाहते हैं। उसके लिए इंतजार करना मुश्किल हो सकता है, लेकिन आज मुझे इस बात पर गर्व है कि मैंने इंतजार करने का फैसला लिया। इसलिए मैं यही कहूंगी कि अपने दिल की आवाज सुनें, कभी-कभी यह मुश्किल लग सकता है, लेकिन अंत में यह पूरी तरह से सार्थक साबित होता है।'
'स्त्री 2' की सफलता ने श्रद्धा कपूर को बना दिया सुपरस्टार
'स्त्री 2' साल 2024 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक बनकर उभरी, जिसने मैडॉक फिल्म्स के हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स की सफलता को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया। अमर कौशिक के निर्देशन में बनी इस फिल्म में श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव मुख्य भूमिकाओं में थे। इसमें पंकज त्रिपाठी, अपारशक्ति खुराना और अभिषेक बनर्जी भी अहम किरदारों में नजर आए। फिल्म ने शानदार शुरुआत की और पेड प्रिव्यू को मिलाकर अपने पहले ही दिन लगभग 55 करोड़ की कमाई की। इसके बाद के हफ्तों में भी फिल्म का प्रदर्शन काफी मजबूत रहा। रिलीज के कुछ ही दिनों के भीतर इसने दुनिया भर में 500 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया। फिल्म ने दुनिया भर में कुल 857 करोड़ की कमाई की और भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हॉरर-कॉमेडी फिल्म बन गई।
श्रद्धा कपूर की आने वाली फिल्म
श्रद्धा अब अपनी अगली फिल्म 'ईठा' की रिलीज का इंतजार कर रही हैं। लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म को मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स के बैनर तले दिनेश विजान और करिश्मा शर्मा के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया गया है। फिल्म में श्रद्धा लीड रोल में हैं, जिसमें वह लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर का किरदार निभा रही हैं। फिल्म की कास्ट में रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, सिद्धार्थ जाधव, इश्तिहाक खान और अनंत जोशी भी शामिल हैं।
श्रद्धा कपूर ने 'ईठा' में रोल निभाने के बारे में की बात
लीड किरदार निभाने के बारे में बात करते हुए श्रद्धा ने कहा, 'यह एक ऐसी महिला की कहानी है, जिसकी कला, साहस और अलग पहचान उसे अविस्मरणीय बनाती है। लक्ष्मण सर ने मुझे इस किरदार के बारे में जितना ज्यादा बताया मैं उतनी ही ज्यादा उसकी दुनिया से जुड़ती गई। इस भूमिका को निभाना बेहद रोमांचक अनुभव रहा है और मैं बहुत उत्साहित हूं कि दर्शक बड़े पर्दे पर उसके सफर को देख पाएंगे। 'स्त्री' और 'स्त्री 2' जैसी शानदार फिल्मों के बाद मैडॉक फिल्म्स के साथ दोबारा काम करना मेरे लिए एक खास अनुभव है। यह पुनर्मिलन बेहद रोमांचक है। पूरी टीम ने बहुत कड़ी मेहनत की है और मैं बेसब्री से इंतजार कर रही हूं कि दर्शक 'ईठा' की दुनिया को अनुभव करें।'
ये भी पढ़ें - 'स्त्री 2' के बाद श्रद्धा कपूर ने क्यों चुनी 'ईठा'? एक्ट्रेस ने बताई फिल्म चुनने की वजह
Latest Bollywood News