A
Hindi News मनोरंजन बॉलीवुड 'अन्ना प्लीज, मैं हीरोइन हूं...' अपनी फिल्म देखने जा रही थी एक्ट्रेस, गार्ड ने रोकी गाड़ी, करने लगी मिन्नत

'अन्ना प्लीज, मैं हीरोइन हूं...' अपनी फिल्म देखने जा रही थी एक्ट्रेस, गार्ड ने रोकी गाड़ी, करने लगी मिन्नत

14 अगस्त को रिलीज हुई रजनीकांत की 'कुली' बॉक्स ऑफिस पर छप्परफाड़ कमाई कर रही है। इस फिल्म में रजनीकांत के साथ नागार्जुन और श्रुति हासन भी अहम रोल में हैं। हाल ही में श्रुति अपनी फिल्म देखने थिएटर पहुंचीं, जहां गार्ड ने बाहर उनकी गाड़ी रोक ली। एक्ट्रेस का ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

shruti haasan- India TV Hindi Image Source : X/@VETTRITHEATRES थिएटर गार्ड ने रोकी श्रुति हासन की गाड़ी।

14 अगस्त को 2 बिग बजट और बड़े सुपरस्टार्स वाली फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज हुईं। सुपरस्टार रजनीकांत, नागार्जुन की 'कुली' और ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर की 'वॉर 2'। दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर छप्पर फाड़ कमाई कर रही हैं। कुली में रजनीकांत और नागार्जुन के साथ श्रुति हासन भी अहम रोल में हैं, जिनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हाल ही में श्रुति अपनी फिल्म देखने थिएटर पहुंचीं, जहां उनके साथ एक बेहद मजेदार वाकया हुआ और इस मजेदार वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल, श्रुति 'कुली' देखने के लिए अपने दो्तों के साथ चेन्नई के वेट्री थिएटर्स पहुंची थीं, जहां थिएटर के गार्ड ने मेन गेट पर एक्ट्रेस की गाड़ी रोक ली।

गार्ड ने रोकी श्रुति हासन की गाड़ी

श्रुति हासन जब थिएटर के गेट पर पहुंचीं तो गार्ड ने उनकी गाड़ी रोक ली, इस पर एक्ट्रेस अपनी पहचान बताने लगीं और कहती हैं 'प्लीज अन्ना... मैं फिल्म की हीरोइन हूं।' ये देखकर एक्ट्रेस के साथ मौजूद उनके दोस्त हंसने लगे। श्रुति मजेदार अंदाज में गार्ड से अंदर जाने की मिन्नत करती दिखीं, और उनका ये हाल देखकर उनके दोस्त अपनी हंसी नहीं रोक पाए। सोशल मीडिया पर श्रुति हासन का ये 23 सेकेंड का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वेट्री थिएटर्स के मालिक राकेश गौतमन ने भी श्रुति हासन का ये मजेदार वीडियो X पर री-शेयर किया है।

राकेश गौतमन ने भी री-पोस्ट किया वीडियो

राकेश गौतमन ने श्रुति हासन का ये फनी वीडियो री-पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा- 'मेरे दोस्त रायल (गेट पर मौजूद गार्ड) ने अपना फर्ज बखूबी निभाया। बहुत ही मजेदार पल। हमारे साथ रहने के लिए शुक्रिया श्रुति हासन मैम। उम्मीद है आपको शो पसंद आया होगा!!!' श्रुति के इस वीडियो पर यूजर भी जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। वीडियो में श्रुति के मजेदार अंदाज पर उनके दोस्तों को चुटकी लेते सुना जा सकता है।

यूजर्स कर रहे तारीफ

श्रुति हासन का ये वीडियो तमिल-सिंगापुरी रैपर युंग राजा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया था, जो सोशल मीडिया यूजर्स को काफी पसंद आ रहा है। कई ने वीडियो को री-पोस्ट किया और कई ने रिएक्शन देते हुए एक्ट्रेस की तारीफ की। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा- 'वह जिस तरह से गार्ड से अन्ना कह रही हैं, ये उनके दिल में लोगों के प्रति सम्मान को दिखाता है।' एक ने लिखा- 'अन्ना कुछ ऐसे रिएक्ट कर रहे हैं, अब मुफ्त में और टिकट नहीं मिलने वालीं।' तीसरा यूजर लिखता है- 'अन्ना बहुत ही सख्त हैं।'

बॉक्स ऑफिस पर छाई कुली

बता दें, लोकेश कनगराज के निर्देशन में बनी 'कुली' 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में रजनीकांत लीड रोल में हैं और नागार्जुन विलेन की भूमिका में हैं। रजनीकांत और नागार्जुन के अलावा फिल्म में श्रुति हासन, सौबिन शाहिर भी हैं और आमिर खान का कैमियो भी है। रजनीकांत को फिल्मी दुनिया में 50 साल हो चुके हैं और ये उनके करियर की 171वीं फिल्म है।

Latest Bollywood News