1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. लाइव शो में स्टेज पर बेहोश होकर गिरी सिंगर, परफॉर्मेंस के बीच बिगड़ी हालत, हैरान कर देगा वायरल वीडियो

लाइव शो में स्टेज पर बेहोश होकर गिरी सिंगर, परफॉर्मेंस के बीच बिगड़ी हालत, हैरान कर देगा वायरल वीडियो

मशहूर के-पॉप स्टार ह्यूना का एक वीडियो सामने आया है, जिसने उनके फैंस को चिंता में डाल दिया है। इस वीडियो में सिंगर को अपनी परफॉर्मेंस के बीच ही स्टेज पर अचानक बेहोश होते देखा जा सकता है। इस वीडियो ने उनके दुनियाभर के फैंस को हैरान-परेशान कर दिया है।

HyunA- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@VIRALBHAYANI बेहोश होकर स्टेज पर गिरी सिंगर

दुनियाभर में मशहूर 33 साल की के-पॉप स्टार ह्यूना एक कॉन्सर्ट के दौरान अचानक स्टेज पर ही बेहोश होकर गिर गईं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। ह्यूना मकाऊ के वॉटरबॉम्ब 2025 फेस्टिवल में परफॉर्म कर रही थीं, तभी वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। जब ये हादसा हुआ, ह्यूना अपना  हिट गाना 'बबल पॉप!' गा रही थीं। यह घटना कैमरे में कैद हो गई और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। मौके पर मौजूद डांसर्स और सिक्योरिटी टीम ने उन्हें तुरंत संभाला और बैकस्टेज ले जाया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ह्यूना ने पिछले दिनों सिर्फ एक महीने में लगभग 10 किलो वजन कम किया था, जिसके चलते उनके स्वास्थ्य पर भी इसका काफी असर हुआ। घटना के बाद ह्यूना ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल मैसेज शेयर करते हुए फैंस से माफी मांगी है। 

रिकवरी का किया ऐलान

इस घटना के बाद ह्यूना ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए अपने फैंस से माफी मांगी है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, 'मैं इस घटना को लेकर वाकई बहुत शर्मिंदा हूं। आखिरी कॉन्सर्ट के थोड़े ही समय बाद यह हुआ। मैं अपनी पूरी कोशिश करना चाहती थी, लेकिन मुझे मंच पर क्या हुआ, कुछ याद नहीं। मुझे लगता है मैं प्रोफेशनल नहीं रही। मकाऊ के फैंस और मेरे A-ings को निराश करने का अफसोस है। लेकिन अब मैं ठीक हूं, कृपया चिंता न करें। मैं अपनी स्टैमिना दोबारा बढ़ाने पर काम कर रही हूं।' ह्यूना के टीम ने पुष्टि की है कि अब सिंगर ठीक हैं और मेडिकल सुपरविजन में हैं।

एक महीने में 10 किलो वजन घटाया

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ह्यूना ने सिर्फ एक महीने में लगभग 10 किलो वजन कम किया है। सिंगर ने 3 अक्टूबर से एक सख्त डाइट प्लान शुरू किया था, क्योंकि वजन बढ़ने के बाद उनके प्रेग्नेंट होने की अफवाहें उड़ने लगी थीं। प्रेग्नेंसी की अफवाहों से परेशान सिंगर ने अपना वजन कम करने की ठानी और 1 महीने में 10 किलो वजन कम कर लिया। 4 नवंबर को ही उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया था कि उन्होंने अपना वजन 49 किलो कर लिया है।

वासोवागल सिंकोप की समस्या फिर लौटी

द कोरियन टाइम्स के अनुसार, डॉक्टरों ने पुष्टि की कि ह्यूना की बेहोशी का कारण वासोवागल सिंकोप था। एक ऐसी स्थिति जिसमें स्ट्रेस, थकान, डिहाइड्रेशन या एक्सट्रीम डाइटिंग के चलते दिल की धड़कन और ब्लड प्रेशर अचानक गिर जाता है, जिससे व्यक्ति बेहोश हो जाता है। ह्यूना को यह कंडीशन पहली बार 2020 में डायग्नोस हुई थी।

ह्यूना का करियर

ह्यूना ने 2007 में वंडर गर्ल्स ग्रुप के साथ के-पॉप इंडस्ट्री में अपने करियर की शुरुआत की थी, लेकिन तबीयत खराब होने के कारण उन्हें जल्द ही ये ग्रुप छोड़ना पड़ा। 2009 में उन्होंने फिर 4Minute ग्रुप के साथ शानदार वापसी की और “सेक्सी आइकन” के तौर पर पहचान बनाई। वहीं 2012 में साइ के सुपरहिट गाने ‘Gangnam Style’ में अपनी उपस्थिति के साथ उन्होंने वैश्विक पहचान हासिल की। 2018 में उन्होंने अपने साथी कलाकार डॉन के साथ अपने रिश्ते को पब्लिक कर K-Pop इंडस्ट्री के सख्त नियमों को चुनौती दी। 2019 में उन्होंने साइ के लेबल P Nation को जॉइन किया। हाल ही में ह्यूना ने सिंगर योंग जुन-ह्युंग से शादी की है।

Latest Bollywood News