1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. परफॉर्मेंस के बीच चिल्लाईं सुनंदा शर्मा, स्टेज पर अचानक चढ़ा शख्स, घबराकर बीच में रोका कॉन्सर्ट

परफॉर्मेंस के बीच चिल्लाईं सुनंदा शर्मा, स्टेज पर अचानक चढ़ा शख्स, घबराकर बीच में रोका कॉन्सर्ट

जयपुर में लाइव परफॉर्मेंस के दौरान एक फैन के अचानक स्टेज पर कूदने के बाद सुनंदा शर्मा घबरा गई और वहां से चली गईं। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सिंगर सुनंदा के साथ यह घटना आनंद इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में हुई थी।

Sunanda Sharma- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@BEINGJAIPURITES सुनंदा शर्मा

'जट्ट यमला', 'जानी तेरा ना', 'पागल नहीं होना' और 'चोरी चोरी' जैसे हिट गानों के लिए मशहूर पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा ने शनिवार शाम 30 अक्टूबर को जयपुर के बस्सी दयारामपुरा स्थित आनंद इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में परफॉर्म किया। हालांकि, परफॉर्मेंस के बीच ही तब अफरा-तफरी मच गई, जब एक फैन अचानक सिंगर से मिलने के लिए स्टेज पर कूद पड़ा। इस घटना पर सुनंदा के हैरान होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

स्टेज पर फैन के कूदने पर चीख पड़ीं सुनंदा शर्मा

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि सुनंदा स्टेज पर अपना एक गाना गा रही थीं तभी सफेद शर्ट पहने एक शख्स अचानक स्टेज पर आ गया। उसे देखते ही सुनंदा जोर से चीख पड़ीं। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत दखल दिया और उस फैन को स्टेज से नीचे उतार दिया। इस दौरान, जब सुरक्षा टीम उस फैन को हटा रही थी तो सुनंदा को बार-बार 'कोई बात नहीं, कोई बात नहीं' कहते हुए सुना गया। इसके बाद हंगामे के बीच वह तुरंत स्टेज से नीचे चली गईं। 34 साल की इस मशहूर सिंगर ने अभी तक इस घटना पर कोई बयान नहीं दिया है।

सुनंदा शर्मा ने मानसिक स्वास्थ्य पर की बात

इससे पहले शुभंकर मिश्रा के साथ एक पॉडकास्ट में सुनंदा ने डिप्रेशन से जूझने के बारे में खुलकर बात की थी। उन्होंने बताया कि वह 2 महीने और 17 दिनों तक पूरी तरह अंधेरे में अकेली रहीं और इस दौरान उन्होंने अपने परिवार सहित किसी से भी लगभग कोई बातचीत नहीं की। उस मुश्किल दौर को याद करते हुए उन्होंने कहा, 'मैं कुछ साइकियाट्रिस्ट के पास गई, लेकिन यह मेरे बस की बात नहीं थी। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि वे मेरे दर्द को कैसे समझ सकते हैं और उसे कैसे कम कर सकते हैं। मैं 2 महीने और 17 दिनों तक पूरी तरह अंधेरे में अपने कमरे में बंद रही, जब मुझे भूख लगती तो मैं दरवाजा खटखटाकर अपनी मां से खाना मांग लेती थी।'

सुनंदा शर्मा का डिप्रेशन से संघर्ष 

डिप्रेशन के साथ सुनंदा का यह संघर्ष उनके जीवन में एक अहम मोड़ साबित हुआ, जिसने उन्हें मानसिक स्वास्थ्य, रिश्तों, शादी और आर्थिक स्वतंत्रता जैसे विषयों पर गहराई से सोचने के लिए प्रेरित किया। इससे पहले सुनंदा शर्मा ने गाजियाबाद के RKGIT में हुई एक शॉकिंग घटना पर बात की, जहां उनके परफॉर्मेंस के दौरान एक छात्र ने उन्हें छूने की कोशिश की थी। इस पर सिंगर सुनंदा ने कहा  कि उस लड़के ने उनसे माफी मांग ली है।

ये भी पढ़ें - सुनंदा शर्मा ने गाजियाबाद शो हंगामे पर तोड़ी चुप्पी, फैन ने सिंगर से मांगी माफी, वीडियो शेयर कर मानी गलती

Latest Bollywood News