1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'एक मूर्ख औरत के लिए परिवार को नहीं छोड़ेंगे गोविंदा', सुनीता आहूजा ने जताया भरोसा, रिश्ते पर कही ये बात

'एक मूर्ख औरत के लिए परिवार को नहीं छोड़ेंगे गोविंदा', सुनीता आहूजा ने जताया भरोसा, रिश्ते पर कही ये बात

गोविंदा पिछले दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर काफी चर्चा में रहे। सुनीता आहूजा के एक बयान के बाद उनके तलाक की अफवाहों ने जोर पकड़ लिया। इन अफवाहों पर सुनीता आहूजा कई बार बात कर चुकी हैं और साफ कह चुकी हैं कि वह और गोविंदा अलग नहीं हो रहे हैं।

Govinda, Sunita Ahuja- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM गोविंदा और सुनीता आहूजा।

इस साल की शुरुआत में गोविंदा और सुनीता आहूजा के 38 साल की शादी के बाद अलग होने की अफवाहें उड़ी थीं। सुनीता के कई बयान भी चर्चा में रहे, जिनमें उन्होंने सालों से पति से अलग रहने की बात कही थी। उनके इस स्टेटमेंट के बाद उनके और गोविंदा के अलग होने की अफवाहें और तेज हो गईं। हालांकि, बाद में खुद सुनीता ने इन अफवाहों पर प्रतिक्रिया दी और साफ किया कि वह और गोविंदा अलग नहीं हो रहे हैं। इस बीच एक बार फिर सुनीता आहुजा ने गोविंदा संग अपनी तलाक की अटकलों को खारिज किया है और साफ किया कि वह और गोविंदा अलग नहीं हो रहे हैं।

मैं और गोविंदा एक-दूसरे के बिना नहीं रह सकते- सुनीता

अब टाइम्स नाउ को दिए इंटरव्यू में सुनीता ने एक बार फिर तलाक की अफवाहों पर बात की है और कहा है कि वह और गोविंदा एक-दूसरे के बिना नहीं रह सकते। सुनीता आहूजा ने इस बात को लेकर अपना दृढ़ विश्वास जताया कि गोविंदा कभी भी किसी तीसरे के लिए उन्हें और अपने परिवार को नहीं छोड़ेंगे। सुनीता ने कहा- 'जिस दिन कन्फर्म होगा, या मेरे और गोविंदा के मुंह आप लोग सुनोगे, वो अलग बात है। लेकिन, मुझे नहीं लगता कि गोविंदा मेरे बिना रह सकते हैं, न ही मैं गोविंदा के बिना रह सकती हूं। और गोविंदा कभी भी किसी बेवकूफ व्यक्ति या बेवकूफ महिला के लिए अपने परिवार को नहीं छोड़ सकते।'

मुझसे सीधे आकर पूछो- सुनीता

सुनीता आहूजा ने आगे कहा- 'रूमर्स, रूमर्स, रूमर्स... पहले पूछ लो कि क्या यह सच भी है। मैं इसे कभी स्वीकार नहीं करूंगी और अगर किसी में हिम्मत है, तो उसे मुझसे सीधे पूछना चाहिए। सिर्फ इसलिए कि कोई अफवाह फैलाता है, आप उससे सहमत होने लगते हैं - यह सही नहीं है। अगर कभी ऐसा कुछ हुआ, तो मैं सबसे पहले आगे आकर मीडिया से बात करूंगी और सब बताऊंगी। लेकिन मुझे सच में विश्वास है कि भगवान कभी मेरा घर नहीं तोड़ेंगे।'

Image Source : Instagramपत्नी सुनीता आहूजा और बच्चों यशवर्धन-टीना के साथ गोविंदा।

गोविंदा और सुनीता आहूजा का रिश्ता

गोविंदा और सुनीता आहूजा कई बार अपनी लव स्टोरी के बारे में बात कर चुके हैं। सुनीता और गोविंदा की पहली मुलाकात तब हुई जब एक्टर बी.कॉम फाइनल ईयर में थे और सुनीता 9वीं क्लास में थीं। सुनीता अपनी बहन के घर में रहती हैं, जिनकी शादी गोविंदा के मामा से हुई थी। दोनों की शुरुआत काफी दिलचस्प थी। शुरुआत में दोनों की एक-दूसरे से जरा भी नहीं बनती थी, लेकिन बाद में दोनों के बीच दोस्ती और फिर प्यार पनपने लगा।

1986 में हुई थी गोविंदा-सुनीता की शादी

गोविंदा और सुनीता आहूजा तब शादी के बंधन में बंध गए थे, जब गोविंदा इंडस्ट्री के जाने-माने एक्टर नहीं थे। 1986 में शादी के बाद गोविंदा ने सुनीता के साथ अपनी शादी की सीक्रेट ही रखा। उन्होंने चार साल बाद अपनी शादी का खुलासा किया था। दोनों अब दो बच्चों यशवर्धन आहूजा और टीना आहूजा के बच्चे हैं। इन दिनों यशवर्धन आहूजा अपने बॉलीवुड डेब्यू को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। स्टारकिड जल्द ही अपना डेब्यू करने वाले हैं।

Latest Bollywood News