बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल एक बार फिर दमदार किरदार के साथ बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रहे हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ का टीजर रिलीज हो गया है। इसमें सनी देओल एक ऐसे पिता और पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आ रहे हैं, जिसकी जिंदगी बेटी की मौत के बाद पूरी तरह बदल जाती है। अपनी बेटी को खोने के बाद वह उसकी मौत के पीछे की सच्चाई जानने निकल पड़ता है। इस दौरान उसके सामने मेडिकल सिस्टम से जुड़ी कई चौंकाने वाली बातें आती हैं। फिल्म का टीजर स्वास्थ्य व्यवस्था में कथित अनियमितताओं और मरीजों से वसूले जाने वाले भारी बिलों पर सवाल खड़े करता है।
बेटी की मौत के बाद सच की तलाश में जुटे सनी देओल
फिल्म के टीजर की शुरुआत एक ऐसे परिवार की झलक से होती है, जिसकी जिंदगी सामान्य तरीके से चल रही होती है। सनी देओल का किरदार अपने परिवार के साथ खुशहाल जीवन जी रहा होता है, लेकिन बेटी की मौत सब कुछ बदल देती है। इसके बाद वह इस मामले की जांच शुरू करता है और धीरे-धीरे ऐसे तथ्यों तक पहुंचता है, जो चिकित्सा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हैं। टीजर में सनी देओल का किरदार भावनात्मक रूप से टूटने के बावजूद सच सामने लाने के लिए संघर्ष करता दिखाई देता है।
डॉक्टरों की फीस और कमीशन पर उठाए सवाल
‘सूर्या’ के टीजर में सनी देओल का एक संवाद खास ध्यान खींचता है। वह कहते हैं कि आम इंसान डॉक्टरों को भगवान मानकर अपनी जिंदगी उनके भरोसे छोड़ देता है, लेकिन जब डॉक्टर ही उस भरोसे को तोड़ दे, तो मरीज क्या करे? उनका यह सवाल फिल्म की कहानी के मुख्य विषय को सामने लाता है। टीजर में उनका किरदार छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए मरीजों से वसूले जाने वाले भारी बिलों और जरूरत से ज्यादा जांच कराने की प्रवृत्ति पर भी सवाल उठाता है। वह आरोप लगाते हुए कहता है कि कुछ जगहों पर डॉक्टर पर्चे नहीं, बल्कि अपना कमीशन लिखते हैं। इसके साथ ही वह यह भी पूछता है कि लोग आखिर कब तक ऐसी परिस्थितियों को सहते रहेंगे। फिल्म के संवादों से संकेत मिलता है कि कहानी एक पिता के निजी संघर्ष के साथ-साथ व्यवस्था में मौजूद कथित खामियों को भी सामने लाने की कोशिश करेगी।
रवि किशन और सौम्या टंडन की भी दिखी झलक
सनी देओल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फिल्म का टीजर साझा किया है। इसके साथ उन्होंने लोगों से फिल्म देखने, सोचने, सतर्क रहने और कुछ गलत होने पर उसके खिलाफ आवाज उठाने की अपील की। फिल्म के निर्माताओं का कहना है कि इसकी कहानी वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है। हालांकि, फिल्म किन घटनाओं पर आधारित है, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। टीजर में अभिनेता रवि किशन और सौम्या टंडन की झलक भी देखने को मिलती है। फिल्म में प्रज्ञा जायसवाल, टीनू आनंद, मनीष वाधवा, जिस्सू सेनगुप्ता, तनुश्री चक्रवर्ती और विर्ति वाघानी सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। दिवंगत अभिनेता पंकज धीर भी फिल्म का हिस्सा हैं।
20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
कमल मुकुट के प्रोडक्शन में बनी ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ का निर्देशन एम पद्मकुमार ने किया है। यह हिंदी सिनेमा में बतौर निर्देशक उनकी शुरुआत है। बताया जा रहा है कि फिल्म साल 2018 में रिलीज हुई मलयालम फिल्म ‘जोसेफ’ का रीमेक है। उस फिल्म में जोजू जॉर्ज ने एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाई थी, जो हत्या की जांच के दौरान अपने अतीत से जुड़े पहलुओं का सामना करता है। निर्माता कमल मुकुट के मुताबिक उन्होंने सनी देओल के साथ ‘गदर 2’ और ‘सूर्या’ के लिए काम करने का फैसला किया था। ‘गदर 2’ की सफलता के बाद उन्होंने ‘सूर्या’ को एक आम आदमी की जिंदगी से जुड़ी कहानी के रूप में तैयार किया। उनके अनुसार, फिल्म में सनी देओल के किरदार की जिंदगी के तीन अलग-अलग दौर देखने को मिलेंगे। यह फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
ये भी पढ़ें: 'बाहर से ऑपरेट कर रहे हमलावर', टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में देवेंद्र फडणवीस का बड़ा बयान, महाराष्ट्र से बाहर चल रही प्लानिंग
Latest Bollywood News