काजोल की बहन और बॉलीवुड एक्ट्रेस तनीषा मुखर्जी सोशल मीडिया पर अपनी बेबाक राय रखने के लिए जानी जाती हैं। वह अक्सर अपने एक्स अकाउंट पर सामाजिक मुद्दों और महिलाओं से जुड़े विषयों पर खुलकर अपनी बात रखती हैं। अब तनीषा ने शादीशुदा पुरुषों के साथ रिश्ते में रहने वाली महिलाओं को लेकर एक पोस्ट शेयर की है। अपने बयान में उन्होंने ऐसी महिलाओं को फेमिनिस्ट मानने से इनकार किया और कहा कि किसी शादीशुदा पुरुष के साथ अफेयर रखना उसकी पत्नी के सम्मान को ठेस पहुंचाने जैसा है।
तनीषा ने महिलाओं को लेकर क्या कहा?
तनीषा ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उनकी नजर में जो महिलाएं जानबूझकर शादीशुदा पुरुषों के साथ अफेयर करती हैं, उन्हें फेमिनिस्ट नहीं कहा जा सकता। उनका मानना है कि इस तरह के रिश्ते में उस पुरुष की पत्नी के अधिकारों और भावनाओं की अनदेखी होती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति के लिए केवल महिला को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है, बल्कि शादीशुदा पुरुष भी उतना ही जिम्मेदार है। एक्ट्रेस ने अपने पोस्ट में लिखा कि अगर कोई पुरुष शादीशुदा होने के बावजूद किसी दूसरी महिला के साथ रिश्ता बनाता है तो उसके चरित्र और फैसले पर भी सवाल उठना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि जो महिलाएं किसी शादीशुदा पुरुष के पीछे जाती हैं, उन्हें बच्चों के लिए रोल मॉडल के तौर पर पेश नहीं किया जाना चाहिए। अपने इस पोस्ट के आखिर में उन्होंने हैशटैग के साथ लिखा कि उन्होंने जो कहना था, साफ-साफ कह दिया।
यहां देखें पोस्ट
सोशल मीडिया यूजर्स ने किया समर्थन
तनीषा के इस पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली, लेकिन कई लोगों ने उनके विचार का समर्थन भी किया। कुछ यूजर्स ने कमेंट में कहा कि ऐसे मामलों में पति और दूसरी महिला, दोनों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। एक यूजर ने तनीषा की बात से सहमति जताते हुए लिखा कि अगर कोई व्यक्ति जानबूझकर किसी शादी को तोड़ने की कोशिश करता है तो उसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए, फिर चाहे वह पुरुष हो या महिला। कई लोगों ने कमेंट सेक्शन में दिल और फूल वाले इमोजी के जरिए भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
पहले भी फेमिनिज्म पर रख चुकी हैं अपनी राय
तनीषा मुखर्जी इससे पहले भी फेमिनिज्म और महिलाओं के सम्मान जैसे मुद्दों पर अपनी राय जाहिर कर चुकी हैं। पिछले साल एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान उन्होंने भारत में महिलाओं के सम्मान और संस्कृति को लेकर अपने विचार साझा किए थे। तनीषा ने कहा था कि भारतीय समाज में महिलाओं के सम्मान की परंपरा काफी मजबूत रही है। उन्होंने माना कि देश में महिलाओं से जुड़ी कुछ समस्याएं जरूर हैं, लेकिन उन्हें केवल संस्कृति में महिलाओं के प्रति सम्मान की कमी से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। बातचीत के दौरान उन्होंने हिंदू धार्मिक परंपराओं का उदाहरण देते हुए कहा था कि इनमें महिला शक्ति और सम्मान की अवधारणा को महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। उन्होंने भगवान कृष्ण-राधा और भगवान शिव-माता पार्वती के उदाहरण देते हुए कहा था कि भारतीय धार्मिक परंपराओं में महिलाओं के सम्मान की बात लंबे समय से मौजूद रही है। हालांकि, उनके इन विचारों पर अलग-अलग लोगों की अपनी राय हो सकती है।
फिल्मों से लेकर रियलिटी शो तक सफर
तनीषा मुखर्जी ने साल 2003 में फिल्म ‘Sssshhh’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। फिल्म में उनके साथ करण नाथ और डिनो मोरिया नजर आए थे। हालांकि, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर पाई। इसके बाद तनीषा ने ‘सरकार’, ‘नील एन निक्की’ और तमिल फिल्म ‘उन्नाले उन्नाले’ जैसी फिल्मों में काम किया। फिल्मों के अलावा तनीषा ने रियलिटी टीवी के जरिए भी अपनी अलग पहचान बनाई। साल 2013 में वह ‘बिग बॉस 7’ में नजर आईं और शो की फर्स्ट रनर-अप रहीं। शो के दौरान अरमान कोहली के साथ उनकी नजदीकियों ने भी खूब सुर्खियां बटोरी थीं। इसके बाद उन्होंने ‘फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी 7’ में हिस्सा लिया और ‘झलक दिखला जा 11’ में भी बतौर कंटेस्टेंट नजर आईं। बाद में तनीषा कॉमेडी शो ‘गैंग्स ऑफ हसीपुर’ में जज की भूमिका में दिखाई दीं। फिल्मों की बात करें तो वह 2024 में रिलीज हुई फिल्म ‘लव यू शंकर’ में नजर आई थीं। फिलहाल सोशल मीडिया पर उनके हालिया बयान ने एक बार फिर उन्हें चर्चा में ला दिया है।
ये भी पढ़ें: बहन अर्पिता और अलविरा ने सलमान खान को बताई आरती की विधि, भाई-बहन की क्यूट बॉन्डिंग जीत रही दिल
Latest Bollywood News