A
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. कैंसर से जूझ रही एक्ट्रेस, जानलेवा बीमारी नहीं इस बात का सता रहा डर, बताया क्या है असली दुख

कैंसर से जूझ रही एक्ट्रेस, जानलेवा बीमारी नहीं इस बात का सता रहा डर, बताया क्या है असली दुख

तनिष्ठा चटर्जी ने खुलासा किया कि उन्हें आठ महीने पहले स्टेज 4 ओलिगोमेटास्टैटिक कैंसर का पता चला था। अब उन्होंने अपना सिर मुंडवा कर एक तस्वीर शेयर करते हुए अपना दर्द बयां किया। साथ ही एक्ट्रेस ने अपनी 70 साल की मां और 9 साल की बेटी का भी जिक्र किया है।

Tannishtha Chatterjee- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@TANNISHTHA_C तनिष्ठा चटर्जी

'गुलाब गैंग', 'पार्च्ड' और 'जोरम' जैसी फिल्मों के लिए मशहूर तनिष्ठा चटर्जी ने खुलासा किया है कि आठ महीने पहले उन्हें स्टेज 4 ओलिगोमेटास्टैटिक कैंसर का पता चला था। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीने उनके लिए बहुत मुश्किल रहे हैं। खासकर अपने पिता को खोने के बाद, जिन्हें कैंसर था। एक्ट्रेस ने दीया मिर्जा, कोंकणा सेन शर्मा, शबाना आज़मी, दिव्या दत्ता, ऋचा चड्ढा और विद्या बालन जैसी मशहूर एक्ट्रेस के साथ सिस्टरहुड की तस्वीर शेयर की और एक लंबा इमोशनल नोट भी लिखा, जिसमें उन्होंने अपनी बेटी का भी जिक्र किया है।

कैंसर से जूझ रही तनिष्ठा चटर्जी को इस बात की है चिंता

रविवार को, 44 साल की बॉलीवुड एक्ट्रेस ने अपनी एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वह सिर मुंडाए सोफे पर बैठी और खिलखिलाती हुई दिख रही हैं। उन्होंने लिखा कि उनकी पोस्ट दर्द के बारे में नहीं, बल्कि प्यार, ताकत और असली चिंता के बारे में है। तनिष्ठा ने कहा, 'इससे बुरा कुछ नहीं हो सकता। एक 70 वर्षीय मां और 9 साल की बेटी... दोनों पूरी तरह मुझ पर निर्भर हैं।'

किस हाल में है तनिष्ठा चटर्जी

उन्होंने आगे कहा, 'लेकिन सबसे मुश्किल दिनों में मुझे एक असाधारण प्यार का एहसास हुआ जो अब मेरे सामने आता है, वह मेरे दिल में जगह बना लेता है और आपको कभी अकेला महसूस नहीं होने देता। यह खुशी मुझे अपने प्रिय दोस्तों और परिवार से मिला, जिनके अटूट समर्थन ने सबसे मुश्किल दिनों में भी मेरे चेहरे पर सच्ची मुस्कान ला दी।'

कैंसर की खबर सुन तनिष्ठा चटर्जी का परिवार हुआ हैरान

एक्ट्रेस ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया कि उन्हें लगता है कि कैंसर जैसी बीमारियों का कोई स्पष्ट कारण नहीं होता क्योंकि उन्होंने हमेशा एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाई है और अपनी फिटनेस का ध्यान रखा है। उन्होंने आगे कहा कि कोई भी ऐसी चुनौतियों का सही अनुमान नहीं लगा सकता या उनके लिए तैयारी नहीं कर सकता। तनिष्ठा ने बताया कि इस खबर ने उनके परिवार और दोस्तों को हैरान कर दिया जो उनके लिए एक झटका था। उन्होंने कहा कि तब से उनका सफर कई तरह के सवालों और चिंता से भरा रहा है। उन्होंने आगे कहा, 'पिछले आठ महीने मुश्किल रहे हैं, न सिर्फ इलाज, बल्कि बीमा जैसी समस्याओं से भी जूझना पड़ा, जिन्हें संभालना आसान नहीं है।'

Latest Bollywood News