अहान पांडे-अनीत पड्डा की 'सैयारा' और हर्षवर्धन राणे-सोनम बाजवा की 'एक दीवाने की दीवानियत' के बाद अब सिनेमाघरों में एक और रोमांटिक-ड्रामा दस्तक दे चुकी है। धनुष और कृति सेनन की 'तेरे इश्क में...' रिलीज होते ही दर्शकों के बीच छा गई है। 2025 में रिलीज हुईं सभी लव स्टोरीज को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है और अब कृति और धनुष की 'तेरे इश्क में' के साथ भी कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है। 28 नवंबर को रिलीज हुई और इसे देखने के लिए सिनेमाघरों में दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस फिल्म ने 16.50 करोड़ की शानदार कमाई के साथ शुरुआत की और अब फिल्म की दूसरे दिन के कमाई के आंकड़े भी सामने आ चुके हैं, जिससे पता चलता है कि ये फिल्म आगे चलकर एक नया रिकॉर्ड बनाने वाली है। तो चलिए जानते हैं कि फिल्म का दूसरे दिन क्या हाल रहा?
'तेरे इश्क में' का दूसरे दिन का कलेक्शन कितना रहा?
बॉक्स ऑफिस पर इस साल रोमांटिक फिल्मों का जलवा रहा है और इस कड़ी में शामिल हुई धनुष और कृति सेनन की 'तेरे इश्क में' के साथ भी कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है। आनंद एल राय द्वारा निर्देशित ये फिल्म एक इंटेंस रोमांटिक ड्रामा है और ट्रेड एनालिस्ट्स ने पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी कि टिकट खिड़की पर ये फिल्म धमाका करने वाली है। इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क के अनुसार, पहले दिन के 16.50 करोड़ के जबरदस्त कलेक्शन के बाद साथ शुरुआत करने वाली इस फिल्म ने दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर 17 करोड़ से ज्यााद का कलेक्शन किया है। यानी 2 ही दिनों में फिल्म ने 33 करोड़ से ज्यादा कमाई कर ली है।
दर्शकों को पसंद आया धनुष का जुनूनी इश्क
'तेरे इश्क में...' में धनुष ने एक जुनूनी आशिक शंकर का किरदार निभाया है और कृति ने मुक्ति का। 'शंकर' एक इंडियन एयर फोर्स ऑफिसर है और कृति सेनन के किरदार 'मुक्ति' से प्यार करता है। फिल्म में धनुष और कृति का अभिनय कमाल का है। एक तरफा और अधूरी मोहब्बत की ये कहानी दर्शकों को काफी पसंद आ रही है, जिसका असर बॉक्स ऑफिस पर ही देखने को मिल रहा है। फिल्म में कृति और धनुष के अलावा जीशान अय्यूब और परमवीर चीमा भी अहम भूमिका में हैं।
पांच भाषाओं में रिलीज हुई धनुष-कृति की फिल्म
धनुष और कृति सेनन की फिल्म पांच भाषाओं—हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़—में एक साथ रिलीज़ हुई है। इसकी एडवांस बुकिंग लगभग 4.49 करोड़ रुपये के आसपास रही। ‘तेरे इश्क में’ की कहानी शंकर नाम के एक गुस्सैल और हिंसक युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो मुक्ति (कृति सेनन) से बेइंतहा प्यार करने लगता है। कॉलेज में दोनों की प्रेम कहानी शुरू होती है, लेकिन कुछ समय बाद मुक्ति का दिल बदल जाता है और वह किसी और से शादी करने लगती है। फिल्म का निर्देशन आनंद एल. राय ने किया है, जबकि इसके गानों को ए.आर. रहमान ने संगीतबद्ध किया है। इसका निर्माण आनंद एल. राय, हिमांशु शर्मा, भूषण कुमार और कृष्ण कुमार ने गुलशन कुमार, टी-सीरीज़ और कलर येलो प्रोडक्शंस के बैनर तले किया है।
Latest Bollywood News