A
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'द केरल स्टोरी 2' की गूंज के बीच तूफान की तरह आई चिंदी बजट वाली फिल्म, 11 दिनों में ही कमा डाली 321% मुनाफा, सेट किए नए रिकॉर्ड

'द केरल स्टोरी 2' की गूंज के बीच तूफान की तरह आई चिंदी बजट वाली फिल्म, 11 दिनों में ही कमा डाली 321% मुनाफा, सेट किए नए रिकॉर्ड

साउथ सिनेमा का बोलबाला कम नहीं हो रहा है। एक और साउथ फिल्म ने बंपर रिकॉर्ड बना दिया है। छोटे बजट की इस फिल्म ने जबरदस्त कमाई की और 300 प्रतिशत से ज्यादा मुनाफा कमा लिया है।

Thaai Kizhavi- India TV Hindi
Image Source : STILL FROM THAAI KIZHAVI राधिका सरथकुमार।

भारतीय सिनेमा में अक्सर बड़े सितारों और भारी-भरकम बजट वाली फिल्मों का बोलबाला रहता है, लेकिन साल 2026 में एक छोटे बजट वाली तमिल फिल्म 'थाई किझावी' ने इन धारणाओं को तोड़ दिया है। जहां केरल स्टोरी, ओ रोमियो जैसी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर स्ट्रगल करती रहीं। इस फिल्म ने धांसू कमाई से न सिर्फ बजट निकाला बल्कि 300 प्रतिशत से ज्यादा मुनाफा भी कमा डाली। फिल्म की कहानी ही इसकी असल हीरो निकली और कलाकारों का अभिनय लोगों के दिल में उतर गया। राधिका सरथकुमार अभिनीत यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 'द केरल स्टोरी' जैसी बड़ी फिल्मों को कड़ी टक्कर दे रही है। बिना किसी सुपरस्टार कास्ट के भी इस फिल्म ने अपनी पकड़ इतनी मजबूत कर ली है कि इसके कलेक्शन के आंकड़े फिल्म पंडितों को हैरान कर रहे हैं। 27 फरवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली इस फिल्म ने महज 11 दिनों के भीतर अपनी लागत से कई गुना अधिक की कमाई कर ली है।

कमाई के आंकड़े

फिल्म की असली परीक्षा वर्किंग डेज में होती है और 'थाई किझावी' इसमें अव्वल साबित हुई है। अपने दूसरे सोमवार यानी रिलीज के 11वें दिन फिल्म ने लगभग 2.5 करोड़ रुपये का प्रभावशाली कलेक्शन किया। अगर इसके सफर पर नजर डालें तो फिल्म ने अपने पहले हफ्ते में ही 23.25 करोड़ रुपये बटोर लिए थे। दूसरे वीकेंड पर भी इसकी रफ्तार थमी नहीं; फिल्म ने दूसरे शुक्रवार को 2.55 करोड़, शनिवार को 4.6 करोड़ और रविवार को 5 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसी के साथ 11 दिनों का कुल नेट कलेक्शन 37.9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि इसका ग्रॉस कलेक्शन 44.72 करोड़ रुपये हो चुका है।

निवेश पर जबरदस्त रिटर्न 

इस फिल्म की सबसे बड़ी खूबी इसका बजट और उससे होने वाला मुनाफा है। महज 9 करोड़ रुपये के मामूली बजट में बनी 'थाई किझावी' ने अब तक 321.11% का रिटर्न ऑन इन्वेस्टमेंट हासिल किया है। 28.9 करोड़ रुपये के शुद्ध मुनाफे के साथ, यह साल 2026 की दूसरी ऐसी तमिल फिल्म बन गई है जिसने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 300% से ज्यादा का रिटर्न दिया है। इससे पहले केवल 'विद लव' ही यह कारनामा कर पाई थी। हालांकि 100 करोड़ के क्लब में शामिल होना अभी दूर की कौड़ी लग सकता है, लेकिन जिस तरह से फिल्म 50 करोड़ के आंकड़े की ओर बढ़ रही है, उसने इसे 'ब्लॉकबस्टर' की श्रेणी में खड़ा कर दिया है।

फिल्म की पृष्ठभूमि और निर्माण

'थाई किझावी' एक कॉमेडी-ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन शिवकुमार मुरुगेसन ने किया है। फिल्म का निर्माण पैशन स्टूडियो और शिवकार्तिकेयन प्रोडक्शंस के बैनर तले सुधन सुंदरम और शिवकार्तिकेयन द्वारा किया गया है। राधिका सरथकुमार के दमदार अभिनय के साथ-साथ सिंगमपुली, अरुलदोस, मुनीशकांत और बाला सरवनन जैसे कलाकारों ने अपनी सहायक भूमिकाओं से फिल्म को मजबूती दी है। जेल की दीवारों के पीछे की कहानियों या सामाजिक सरोकारों से हटकर, इस फिल्म ने अपने देसी मनोरंजन और सधे हुए निर्देशन से दर्शकों का दिल जीत लिया है।

ये भी पढ़ें: रणबीर कपूर के भाई की सीरीज, क्राइम की दुनिया करेगी भौचक्का, सस्पेंस खड़े कर देगा रोंगटे, IMDb पर मिली बंपर रेटिंग

90 के दशक का TV शो, जिसने दी फिल्मों को टक्कर, रजत कपूर से नीना गुप्ता तक, 15 बॉलीवुड दिग्गज सजाते थे महफिल

Latest Bollywood News