1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. The Kerala Story 2: विवादों के बीच बढ़ी 'द केरल स्टोरी 2' की कमाई, कई जगह शो कैंसिल, फिर भी छाप रही नोट

The Kerala Story 2: विवादों के बीच बढ़ी 'द केरल स्टोरी 2' की कमाई, कई जगह शो कैंसिल, फिर भी छाप रही नोट

'द केरल स्टोरी 2' को केरल हाई कोर्ट द्वारा रिलीज की हरी झंडी मिलने के बाद फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और दर्शकों के बीच फिल्म को बढ़िया रिस्पॉन्स भी मिल रहा है। पहले दिन इसने ठीक-ठीक कमाई की, लेकिन दूसरे दिन कलेक्शन में जबरदस्त तेजी देखने को मिली।

the kerala story 2- India TV Hindi
Image Source : YOUTUBE/SUNSHINE PICTURES AND SUNSHINE M द केरल स्टोरी 2

विपुल अमृतलाल शाह की फिल्म 'द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड' लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। जैसे ही मेकर्स ने फिल्म का ऐलान किया, इसके कॉन्टेंट को लेकर सवाल उठने लगे और ट्रेलर जारी होते ही कॉन्ट्रोवर्सी तेज हो गई। फिल्म को बैन करने की भी मांग उठी। लेकिन, केरल हाई कोर्ट द्वारा फिल्म की रिलीज को मंजूरी मिलने के बाद 27 फरवरी को इसने दर्शकों के बीच दस्तक दी। शुक्रवार देर शाम से इसके शोज शुरू हुए और पहले ही दिन इसने अच्छी कमाई की। अब फिल्म की कमाई के दूसरे दिन के आंकड़े भी आ गए हैं, जिससे पता चलता है कि दूसरे दिन फिल्म ने जबरदस्त रफ्तार पकड़ ली है।

दूसरे दिन फिल्म ने पकड़ी रफ्तार

यूं तो 'द केरल स्टोरी 2' को लेकर छिड़ा विवाद अभी भी शांत नहीं हुआ है, लेकिन सिनेमाघरों में इसे मिल रहे रिस्पॉन्स से साफ है कि दर्शकों का एक वर्ग इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहा था। विवादों के बीच रिलीज हुई फिल्म ने दूसरे दिन लगभग 4.65 करोड़ का कलेक्शन किया है। कई जगह शोज कैंसिल होने के बाद भी कामाख्या नारायण सिंह द्वारा निर्देशित फिल्म ने कमाई के मामले में दूसरे दिन बड़ी छलांग मारी है और बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की है।

'द केरल स्टोरी 2' की कहानी

द केरल स्टोरी 2 की कहानी तीन लड़कियों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्हें प्यार के जाल में फंसाया जाता है और फिर जबरन धर्म परिवर्तन कराया जाता है। ऐसा करने के पीछे जो मकसद है, वो रूह कंपा देने वाला है। कामाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया जैसे कालाकर मुख्य भूमिका में हैं। इनके अलावा अर्जन औजला, सुमित गहलावत, अल्का आमिन और रामजी बाली जैसे कलाकारों ने भी अहम भूमिका निभाई है।

फिल्म को लेकर बवाल

बता दें, द केरल स्टोरी 2 के कंटेंट को लेकर सवाल उठाते हुए और सीबीएफसी द्वारा फिल्म को अंडर-ए (16+) सर्टिफिकेट दिए जाने को लेकर याचिकाएं दायर की गई थीं। शुरुआत में केरल हाई कोर्ट की एकल पीठ ने भी ये कहते हुए फिल्म की रिलीज पर रोक लगा दी कि फिल्म का कंटेंट कानून व्यवस्था के लिए समस्या पैदा कर सकता है और समाज में सद्भाव बिगाड़ सकता है। साथ ही फिल्म को अंडर ए सर्टिफिकेट दिए जाने को लेकर सेंसर बोर्ड की आलोचना भी की। लेकिन , मेकर्स ने तुरंत इस फैसले के खिलाफ अपील की और रिलीज के दिन ही तीन न्यायाधीशों की खंडपीठ ने मामले पर सुनवाई करते हुए इसे हरी झंडी दे दी।

ये भी पढ़ेंः दुबई में फंसे 'कन्नप्पा' स्टार विष्णु मांचू, आसमान से बरसीं मिसाइलें, दहल उठा परिवार, शेयर किया खौफनाक वीडियो
थलापति विजय को बेटे ने किया अनफॉलो, मां संगीता ने दायर की तलाक की याचिका, लगाए गंभीर आरोप

Latest Bollywood News