1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. अभी खत्म नहीं हुई कांतारा की कहानी, 'कांतारा: चैप्टर 2' संग बॉक्स ऑफिस धमाका करेंगे ऋषभ शेट्टी, शुरू हुई तैयारी

अभी खत्म नहीं हुई कांतारा की कहानी, 'कांतारा: चैप्टर 2' संग बॉक्स ऑफिस धमाका करेंगे ऋषभ शेट्टी, शुरू हुई तैयारी

'कांतारा' के तीसरे पार्ट को लेकर चर्चाएं हो रही थी, अब फिल्म के निर्देशक और लीड एक्टर ऋषभ शेट्टी ने भी इस पर मुहर लगा दी है। फिल्म को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं।

Kantara- India TV Hindi
Image Source : HOMBLE FILMS/INSTAGRAM कांतारा।

अभिनेता और निर्देशक ऋषभ शेट्टी की फिल्म 'कांतारा: चैप्टर 1' ने साल 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज होकर बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल की थी। यह फिल्म साल 2022 में आई ब्लॉकबस्टर 'कांतारा' का प्रीक्वल थी। इस ऐतिहासिक कामयाबी के बाद अब ऋषभ शेट्टी ने फ्रेंचाइजी के अगले भाग यानी 'कांतारा: चैप्टर 2' को लेकर एक बड़ा और आधिकारिक अपडेट साझा किया है।

'कांतारा: चैप्टर 2' पर शुरू हुआ काम

एक हालिया इंटरव्यू में इस बात की पुष्टि करते हुए ऋषभ शेट्टी ने बताया कि वे फ्रेंचाइजी के अगले हिस्से पर काम शुरू कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि निर्देशन उनका पहला प्यार है और वे इसके बिना शांत नहीं बैठ सकते। जब वे कैमरे के पीछे होते हैं तो उन्हें मानसिक शांति और खुशी मिलती है। ऋषभ ने खुलासा किया कि उनकी लेखकों की टीम उनके साथ है और 'कांतारा: चैप्टर 2' की कहानी पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।

आने वाली बड़ी फिल्में और लुक पर फोकस

'कांतारा' फ्रेंचाइजी के अलावा ऋषभ शेट्टी के पास कई अन्य बड़े प्रोजेक्ट्स भी कतार में हैं, जिनमें 'जय हनुमान' और 'द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज' जैसी मेगा बजट फिल्में शामिल हैं। अपने व्यस्त शेड्यूल पर बात करते हुए अभिनेता ने स्पष्ट किया कि वे एक समय में दो फिल्मों की शूटिंग नहीं कर सकते, क्योंकि दोनों ही प्रोजेक्ट्स के लिए उन्हें बिल्कुल अलग लुक और शारीरिक बनावट बनाए रखनी होगी। इसलिए वे पहले प्रशांत वर्मा के निर्देशन में बन रही 'जय हनुमान' की शूटिंग पूरी करेंगे और उसके बाद 'छत्रपति शिवाजी महाराज' की बायोपिक पर काम शुरू करेंगे।

क्या थी 'कांतारा: चैप्टर 1' की कहानी?

फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्म 'कांतारा: चैप्टर 1' की कहानी मूल फिल्म से सदियों पहले के कालखंड पर आधारित थी। इसमें भांगड़ा के एक क्रूर राजा की कहानी दिखाई गई थी, जो मसालों से समृद्ध कांतारा जनजाति की जमीन पर कब्जा करना चाहता है। जब वह मासूम आदिवासियों पर हमला करता है, तो दैवीय शक्तियां 'पंजुरली दैव' और 'गुलिगा दैव' प्रकट होकर उसे परास्त करती हैं। बाद में उसका बेटा विजेंद्र एक न्यायप्रिय शासक बनता है, लेकिन उसकी अगली पीढ़ी (कुलशेखर) में फिर से अपने दादा जैसी क्रूरता के लक्षण दिखने लगते हैं। इसके बाद राजपरिवार और आदिवासी समुदाय के बीच का संघर्ष और गहरा जाता है, जहां न्याय के लिए फिर से दैवीय ताकतों का हस्तक्षेप होता है। इस फिल्म में ऋषभ के साथ जयराम, रुक्मिणी वसंत और गुलशन देवैया जैसे कलाकारों ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं।

'जय हनुमान' को लेकर बढ़ी उत्सुकता

ऋषभ शेट्टी जल्द ही निर्देशक प्रशांत वर्मा की बहुप्रतीक्षित पैन-इंडिया फैंटेसी फिल्म 'जय हनुमान' में मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे। यह फिल्म साल 2024 में आई सुपरहिट फिल्म 'हनु-मैन' का अगला भाग है, जिसमें ऋषभ शेट्टी साक्षात भगवान हनुमान के शक्तिशाली किरदार को पर्दे पर जीवंत करेंगे। इस बड़े बजट की फिल्म की शूटिंग आधिकारिक तौर पर फरवरी 2026 में हम्पी में एक भव्य पूजा समारोह के साथ शुरू की जा चुकी है।

ये भी पढ़ें: 'अल्फा' की फ्लॉप रिपोर्ट के बीच लीक हुआ BTS वीडियो, बॉडी डबल पर ट्रोल हुईं आलिया, लोग बोले-खुद एक्शन भी नहीं किया

Latest Bollywood News