A
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. कमल हासन से माफी की जिद पर अड़ा KFCC, कन्नड़ भाषा विवाद पर नहीं थम रहा वॉर, जारी किया बयान

कमल हासन से माफी की जिद पर अड़ा KFCC, कन्नड़ भाषा विवाद पर नहीं थम रहा वॉर, जारी किया बयान

कमल हासन के बयान पर विवाद अभी भी खत्म नहीं हुआ है। एक तरफ कर्नाटक में उनकी फिल्म ठग लाइफ की रिलीज रोक दी गई है। वहीं दूसरी तरफ केएफसीसी कमल हासन से माफी मांगने की मांग पर अड़ा हुआ है।

Kamal Haasan- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM कमल हासन

कन्नड़ भाषा पर दिए गए अपने बयान को लेकर पैन इंडिया स्टार कमल हासन लगातार मुश्किलों में घिरे हुए हैं। उनकी फिल्म 'ठग लाइफ' को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है, जिसकी रिलीज फिलहाल कर्नाटक में टाल दी गई है। इस मामले पर कमल हासन को कर्नाटिक हाईकोर्ट से भी फटकार पड़ी है। अब एक बार फिर कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स ने कमल हासन से अपने बयान पर माफी मांगने की मांग दोहराई है। हालांकि, हासन ने पहले ही माफी मांगने से इनकार कर दिया था, अब केकेएफसीसी के नए बयान पर उनकी प्रतिक्रिया का इंतजार है।

केएफसीसी ने बुलाई बैठक

केएफसीसी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल की ओर से दायर याचिका पर कर्नाटक उच्च न्यायालय द्वारा आदेश जारी किए जाने के बाद आज फिल्म निकाय की कार्यकारी समिति की आपात बैठक हुई। बयान में कहा गया है, 'बैठक में हमने अब तक हुई हर बात पर चर्चा की, जिसमें कमल हासन का वह पत्र भी शामिल है जिसमें भाईचारे, प्रेम, विश्वास आदि की बात की गई है। उनकी तरह हम भी पड़ोसी राज्यों से प्रेम और विश्वास चाहते हैं। लेकिन हमने फैसला किया है कि सभी कन्नड़ समर्थक संगठन, सरकार और राज्य के लोग कमल हासन से बिना शर्त माफी चाहते हैं।'

बिना शर्त माफी मांगें कमल हासन: केएफसीसी

केएफसीसी ने कमल हासन से अनुरोध किया कि वे 'कन्नड़ की उत्पत्ति तमिल से हुई है' वाला अपना बयान वापस लें और बिना शर्त माफी मांगें। केएफसीसी ने कहा कि इस मुद्दे पर कर्नाटक उच्च न्यायालय में भी गंभीरता से चर्चा की गई है। इसलिए उन्होंने मंगलवार को आयोजित बैठक में उनसे अपना बयान वापस लेने और माफी मांगने का अनुरोध करने का फैसला किया है।

कर्नाटक में ठग लाइफ की रिलीज टली

इससे पहले कमल हासन द्वारा माफी मांगने से इनकार करने के बाद कर्नाटक हाईकोर्ट ने फिलहाल कर्नाटक में ठग लाइफ की रिलीज पर रोक लगाते हुए कहा था कि कन्नड़ भाषा पर कमल हासन के बयान से राज्य में अशांति फैल सकती है। कोर्ट ने यह टिप्पणी कर्नाटक में फिल्म ठग लाइफ की रिलीज के लिए सुरक्षा की मांग करने वाली अभिनेता की रिट याचिका पर सुनवाई करते हुए की और सुनवाई 10 जून तक के लिए टाल दी। ऐसे में फिल्म 10 जून तक कर्नाटक में रिलीज नहीं हो पाएगी। पहले यह फिल्म 5 जून को रिलीज होने वाली थी। हालांकि, यह उनके राज्य को छोड़कर दुनिया भर में उसी तारीख को रिलीज होगी।

Latest Bollywood News