1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले ने बढ़ाई सितारों की चिंता, रणवीर शौरी और राहुल ढोलकिया का फूटा गुस्सा

टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले ने बढ़ाई सितारों की चिंता, रणवीर शौरी और राहुल ढोलकिया का फूटा गुस्सा

टाइगर श्रॉफ के पिता जैकी श्रॉफ ने पुष्टि की कि उनके बेटे सुरक्षित है और पुलिस इस घटना की जांच कर रही है। टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले ने आम लोगों के साथ-साथ फिल्मी सितारों की चिंता भी बढ़ा दी है।

Tiger Shroff- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@TIGERJACKIESHROFF टाइगर श्रॉफ

पुलिस ने बताया कि रविवार, 18 अक्टूबर की शाम मुंबई के जुहू इलाके में अज्ञात बंदूकधारियों ने टाइगर श्रॉफ पर गोली चलाई, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। ANI की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने बताया कि इस घटना में एक्टर के ड्राइवर और एक ऑटो-रिक्शा चालक घायल हो गए हैं। पुलिस ने यह भी कहा कि इस मामले की हर पहलू से जांच करने के लिए 15 टीमें बनाई गई हैं। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना पश्चिमी उपनगर में जुहू पुलिस स्टेशन के अंतर्गत 'पुष्पा पार्क' के पास हुई और पुलिस अब इस पूरी घटना की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश कर रही है। टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले ने हर किसी की चिंता को बढ़ा दिया है।

रणवीर शौरी का टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले पर रिएक्शन

बॉलीवुड एक्टर रणवीर शौरी ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए 'X' पर लिखा, 'चौंकाने वाला और घिनौना! उम्मीद है कि सभी सुरक्षित हैं, @iTIGERSHROFF @bindasbhidu! दोषियों को बिल्कुल न बख्शें, @MumbaiPolice! यह बहुत ही शर्मनाक है!'

वहीं, निर्देशक राहुल ढोलकिया ने लिखा, 'यह कैसी कानून-व्यवस्था है?? जो लोग बेकसूर हैं उन्हें जेल भेजा जा रहा है और जो अपराधी हैं, वे सड़कों पर बेगुनाहों पर गोलियां चला रहे हैं! जेल में बैठा एक गैंगस्टर खुलेआम बॉलीवुड को धमकी देता है और जब चाहे गोलियां चलाता है और हम बस डर को फैलने दे रहे हैं! इसके लिए कौन जवाबदेह है?? @AmitShah @Dev_Fadnavis, क्या आप कृपया इस राज्य/शहर/जुहू के निवासियों को कुछ बताएंगे?? या आप अभी भी उन लोगों को लेकर चिंतित हैं, जो बिना किसी नुकसान के झंडा लेकर चलते हैं!'

लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली हमले की जिम्मेदारी

सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट के अनुसार लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है, लेकिन पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है। हिंदी में लिखी इस पोस्ट में कहा गया है, 'हमने उसे फोन करके समझाने की कोशिश की थी, लेकिन वह नहीं समझा। इसलिए आज हमने उसे अच्छे से समझा दिया है। मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में जो भी हमारी बात नहीं मानेगा, अगला नंबर उसी का होगा। बस देखते जाइए।'

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया इस मामले की हर पहलू से जांच करने और दोषियों को पकड़ने के लिए कुल 15 टीमें बनाई गई हैं, जिनमें मुंबई क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस के जवान शामिल हैं। एक फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का दौरा किया, जहां उन्होंने बैलिस्टिक सबूत जुटाए, गाड़ी की जांच की और यह पता लगाने की कोशिश की कि कुल कितनी गोलियां चलाई गई थीं। पुलिस फिलहाल आसपास की जगहों के CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि इस घटना में शामिल हमलावरों की पहचान की जा सके और उनकी कुल संख्या का पता लगाया जा सके।

ये भी पढ़ें - फायरिंग के बाद कैसी है टाइगर श्रॉफ की हालत? जैकी श्रॉफ की टीम ने दी हेल्थ अपडेट

 

Latest Bollywood News