टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद उनकी टीम ने हाल ही में उनके बारे में फैलाई जा रही झूठी खबरों, AI से बनाए गए वीडियो और मनगढ़ंत दावों को लेकर बयान जारी किया है। टीम ने यह भी स्पष्ट किया है कि टाइगर ने इस घटना के संबंध में न तो कोई बयान दिया है और न ही किसी तरह की बातचीत के लिए किसी को अधिकृत किया है। टाइगर श्रॉफ की टीम का बयान उनकी मां आयशा श्रॉफ ने भी शेयर किया है। रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को जैकी श्रॉफ के बेटे टाइगर श्रॉफ पर 3 अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग की थी। इस हमले में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर समेत 2 लोग घायल हो गए हैं। टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में अब तक 3 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस पर टीम का बयान
टाइगर श्रॉफ की टीम के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किए गए बयान में कहा गया है, 'टीम टाइगर की ओर से आधिकारिक बयान- हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि टाइगर श्रॉफ ने हालिया घटना या उससे जुड़े किसी भी घटनाक्रम को लेकर न तो कोई बयान दिया है, न ही कोई वीडियो जारी किया है और न ही इस संबंध में किसी तरह का संदेश जारी करने की अनुमति दी है।'
टाइगर श्रॉफ से जुड़ी फर्जी खबरें करें नजरअंदाज
टीम ने आगे लिखा, 'हमारे संज्ञान में आया है कि सोशल मीडिया के कई पेज और डिजिटल प्लेटफॉर्म फर्जी खबरें, AI से बनाए गए वीडियो और मनगढ़ंत कहानियां प्रसारित कर रहे हैं, जिन्हें झूठे तरीके से टाइगर श्रॉफ से जोड़कर पेश किया जा रहा है। ये सभी दावे पूरी तरह झूठे और अनधिकृत हैं, जिनका मकसद लोगों को गुमराह करना है। हम ऐसे किसी भी कंटेंट का समर्थन नहीं करते और न ही इससे हमारा कोई संबंध है। हम मीडिया संस्थानों, डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया पेजों से अपील करते हैं कि वे जिम्मेदारी से काम लें, किसी भी जानकारी को प्रकाशित करने से पहले उसकी पुष्टि करें और व्यूज या पैसे कमाने के लिए गलत जानकारी फैलाने या उसे बढ़ावा देने से बचें।'
टाइगर श्रॉफ को लेकर अफवाह फैलाई तो होगी कार्रवाई
फर्जी खबरों के बारे में बात करते हुए, टीम ने यह भी कहा कि 'ऐसे फर्जी कंटेंट को बनाने, बढ़ावा देने या प्रसारित करने वाले किसी भी व्यक्ति या पेज के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हम इन मामलों को गंभीरता से ले रहे हैं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सभी उपलब्ध कानूनी विकल्पों का इस्तेमाल करने का अधिकार सुरक्षित रखते हैं। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि वे टाइगर श्रॉफ और उनकी आधिकारिक टीम की ओर से जारी सत्यापित जानकारी पर ही भरोसा करें।- टीम टाइगर'
ये भी पढ़ें - बेटे टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद पहली बार नजर आए जैकी श्रॉफ, CM देवेन्द्र फडणवीस संग कार्यक्रम में हुए शामिल
Latest Bollywood News