मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग की घटना के बाद उनकी टीम ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें एक्टर के शरीर पर चोट और खरोंच के निशान दिखाई दे रहे हैं। उनकी टीम ने इस घटना को जानलेवा स्थिति बताते हुए भगवान का शुक्रिया अदा किया कि अभिनेता सुरक्षित रहे। टीम ने वीडियो के साथ लिखा, 'God Is Kind' यानी कि 'भगवान दयालु हैं'। बता दें कि 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर की कार पर उस वक्त फायरिंग हुई जब वह फुटबॉल खेलकर लौट रहे थे।
जुहू में शाम करीब 7 बजे हुई थी फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, 18 अक्टूबर को शाम करीब 7 बजे टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल क्लब से निकल रहे थे, तभी उनकी कार पर फायरिंग की गई। इस घटना में अभिनेता बाल-बाल बच गए, हालांकि उनका ड्राइवर और एक राहगील घायल हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फाययरिंग मामले में गिरफ्तार आरोपियों को गुरुवार को मुंबई की एस्प्लेनेड कोर्ट, जिसे किला कोर्ट भी कहा जाता है, में पेश किया गया। अदालत ने चारों आरोपियों को 26 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
फर्जी खबरों और AI वीडियो पर टीम की चेतावनी
बता दें कि पुलिस ने इस मामले में अनिल पंडित को फरार आरोपी बताया है। मुंबई पुलिस ने अदालत में दलील दी कि टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग अनिल पंडित के कहने पर की गई थी। इस बीच, मंगलवार को टाइगर श्रॉफ की टीम ने घटना से जुड़ी फर्जी खबरों, बिना अनुमति जारी किए गए बयानों और एक्टर के नाम से प्रसारित किए जा रहे AI से बने वीडियो को लेकर सख्त चेतावनी दी थी। टीम ने मीडिया संस्थानों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से अपील की कि किसी भी जानकारी को प्रकाशित या साझा करने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करें।
फर्जी सामग्री फैलाने वालों पर हो सकती है कानूनी कार्रवाई
सोशल मीडिया पर साझा किए गए आधिकारिक बयान में टीम ने साफ किया कि टाइगर श्रॉफ ने हालिया फायरिंग की घटना या उससे जुड़े घटनाक्रम को लेकर न तो कोई बयान दिया है और न ही कोई वीडियो आदि जारी किया है। टाइगर श्रॉफ की टीम ने चेतावनी दी कि अभिनेता के नाम से फर्जी सामग्री तैयार करने, उसे बढ़ावा देने या प्रसारित करने वाले व्यक्तियों और सोशल मीडिया पेजों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। टीम ने लोगों से अपील की कि घटना को लेकर अपुष्ट दावों और भ्रामक वीडियो पर भरोसा न करें और किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता जांचें। (ANI से इनपुट्स के साथ)
ये भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग से बॉलीवुड में डर का माहौल, मनोज बाजपेयी बोले- 'ये डरावना है', दिव्या दत्ता ने भी जताई चिंता
Latest Bollywood News