1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. अन्नू कपूर की 'उत्तर दा पुत्तर' का ट्रेलर आउट: अंधविश्वास पर कॉमेडी का अनोखा तड़का

अन्नू कपूर की 'उत्तर दा पुत्तर' का ट्रेलर आउट: अंधविश्वास पर कॉमेडी का अनोखा तड़का

फिल्म उत्तर द पुत्तर 24 जुलाई को रिलीज होने वाली है। फिल्म का ट्रेलर भी हाल ही में मेकर्स ने जारी कर दिया है। जिसमें दमदार कॉमेडी का तड़का भी देखने को मिल रहा है।

Uttar Da Puttar- India TV Hindi
Image Source : IMAGE SOURCE-IMDB उत्तर द पुत्तर

दिग्गज अभिनेता मनोज बाजपेयी ने फिल्म 'उत्तर दा पुत्तर' का आधिकारिक ट्रेलर लॉन्च किया। ट्रेलर दर्शकों को एक ऐसी अनोखी कॉमेडी-ड्रामा दुनिया की झलक देता है, जिसमें हास्य, भावनाएं और सामाजिक व्यंग्य का दिलचस्प मिश्रण देखने को मिलता है। फिल्म मनोरंजक अंदाज में वास्तुशास्त्र, अंधविश्वास और उन धारणाओं पर कटाक्ष करती है, जो अक्सर लोगों के रोज़मर्रा के फैसलों को प्रभावित करती हैं। ट्रेलर एक ऐसी मज़ेदार दुनिया की झलक पेश करता है, जहां विश्वास, किस्मत और मानवीय भावनाएं अप्रत्याशित परिस्थितियों में आपस में टकराती नजर आती हैं। कॉमिक पलों और पारिवारिक ड्रामे से भरपूर 'उत्तर दा पुत्तर' यह दिखाने की कोशिश करती है कि खुशी और सफलता की तलाश में लोग किस तरह दिशाओं, मान्यताओं और धारणाओं में समाधान खोजने लगते हैं।

अन्नू कपूर ने निभाया लीड रोल

फिल्म में अन्नू कपूर मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। वह एक ऐसे व्यक्ति के किरदार में दिखाई देंगे, जिसकी जिंदगी उस समय अचानक बदलने लगती है जब उसे यकीन हो जाता है कि सही दिशा उसकी किस्मत बदल सकती है। इसके बाद उसकी यात्रा कई मज़ेदार घटनाओं और उलझनों से गुजरती है, जो हंसी, भावनाओं और रिश्तों से भरपूर मनोरंजन का सफर बन जाती है। फिल्म में रुखसार रहमान, बृजेन्द्र काला, पवन मल्होत्रा, इश्तियाक खान, जीवेषु अहलूवालिया, राजेंद्र सेठी, सुमित गुलाटी और नितिन अरोड़ा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे, जो फिल्म की कहानी को और रंगीन बनाते हैं। प्रोमोडोम मोशन पिक्चर्स के बैनर तले संदीप कपूर और प्रिया कपूर द्वारा निर्मित 'उत्तर दा पुत्तर' का लेखन और निर्देशन रविंदर सिवाच ने किया है, जबकि इसकी कहानी संदीप कपूर द्वारा लिखी गई है।

क्या बोले फिल्म के प्रोड्यूसर?

फिल्म के बारे में बात करते हुए निर्माता संदीप कपूर ने कहा, 'उत्तर दा पुत्तर के ट्रेलर लॉन्च के लिए मनोज बाजपेयी का साथ मिलना हमारे लिए बेहद खुशी की बात है। यह फिल्म एक सम्पूर्ण फैमिली एंटरटेनर है। कहानी के केंद्र में हास्य है, लेकिन इसके जरिए यह भी दिखाया गया है कि कई बार लोग अपनी मान्यताओं और धारणाओं को अपने फैसलों पर हावी होने देते हैं। हमने इस विचार को हल्के-फुल्के और मनोरंजक तरीके से पेश करने की कोशिश की है।' निर्देशक रविंदर सिवाच ने कहा, 'उत्तर दा पुत्तर एक ऐसी दुनिया को पेश करती है जो मजेदार, वास्तविक और यादगार किरदारों से भरी हुई है। ट्रेलर सिर्फ दर्शकों को फिल्म की एक छोटी सी झलक देता है, जबकि फिल्म में इससे कहीं ज्यादा ड्रामा, हास्य और भावनाएं देखने को मिलेंगी।'  फिल्म 'उत्तर दा पुत्तर' 24 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

ये भी पढ़ें-'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में आएगा 10 साल का लीप, एकता कपूर ने प्रोमो किया शेयर

श्रद्धा कपूर की फिल्म 'ईठा' के लिए आई खुशखबरी, विठाबाई नारायणगावकर की बेटी ने टाइटल को दी हरी झंडी

Latest Bollywood News