1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 17 जून 2016 को रिलीज हुई 'उड़ता पंजाब', प्रोड्यूसर मिलने से पहले ही शाहिद कपूर हो गए थे फाइनल, आलिया ने बिहारी बन जीते थे दिल

17 जून 2016 को रिलीज हुई 'उड़ता पंजाब', प्रोड्यूसर मिलने से पहले ही शाहिद कपूर हो गए थे फाइनल, आलिया ने बिहारी बन जीते थे दिल

'उड़ता पंजाब' के डायरेक्टर अभिषेक चौबे ने बताया कि कैसे फिल्म के लिए किसी प्रोड्यूसर के मिलने से भी पहले उन्होंने शाहिद कपूर को इस फिल्म के लिए चुन लिया था। वहीं फिल्म में बिहारी लड़की के रोल में आलिया भट्ट की कास्टिंग पर भी अभिषेक चौबे ने खुलकर बात की।

udta punjab- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@PRIMEVIDEOIN 17 जून 2016 को रिलीज हुई थी 'उड़ता पंजाब'

17 जून 2016 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई 'उड़ता पंजाब' शाहिद कपूर और आलिया भट्ट के करियर की सबसे बेहतरीन फिल्मों में गिनी जाती है। इस फिल्म में शाहिद-आलिया के अलावा करीना कपूर और दिलजीत दोसांझ भी मुख्य भूमिका में थे और सभी ने अपने अभिनय से दर्शकों को हैरान कर दिया था। इस बीच फिल्म के निर्देशक अभिषेक चौबे ने इसकी कास्टिंग के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने 'उड़ता पंजाब' के लिए शाहिद कपूर को फाइनल किया था और साथ ही आलिया भट्ट की कास्टिंग के बारे में भी खुलकर चर्चा की। अभिषेक चौबे ने बताया कि शाहिद कपूर इस फिल्म में कास्ट होने वाले पहले एक्टर थे, यहां तक कि जब फिल्म को कोई प्रोड्यूसर तक नहीं मिले थे, उन्होंने शाहिद के साथ डील पक्की कर ली थी।

'उड़ता पंजाब' में शाहिद कपूर की कास्टिंग

स्क्रीन के साथ बातचीत में अभिषेक चौबे ने 'उड़ता पंजाब' में शाहिद कपूर की कास्टिंग के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने कहा- 'शाहिद पहले व्यक्ति थे, जिनकी इस फिल्म में एंट्री हुई थी। वो भी तब, जब हमारे पास प्रोड्यूसर तक नहीं थे। शाहिद खुद भी इस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित थे। उन्होंने उस किरदार को बनाने में खुद भी काफी मेहनत की थी। स्क्रिप्ट में हमेशा से यही लिखा था कि टॉमी सिंह अपने बाल कटवाएगा। लेकिन उससे पहले लंबे बाल रखने का आइडिया शाहिद का ही था। सिर पर वो लंबे बालों वाली विग पहनना काफी तकलीफदेह था, मगर ये उन्हीं का आइडिया था। मैंने नशीले पदार्थों के सेवन के बारे में काफी रिसर्च की थी, इसलिए मैं उन्हें बहुत ही सादे और सीधे तरीके से बता दिया कि उन्हें किस तरह रहना है। उन्हें हर समय तनाव और बेचैनी में रहना पड़ता था।'

अभिषेक चौबे को सता रही थी इस बात की चिंता

अभिषेक चौबे कहते हैं- 'मुझे हर वक्त इस बात की चिंता सता रही थी कि पिच गलत जा सकती है। बात अपने मन में रखकर उसे हल्के-फुल्के अंदाज में दिखाना आसान होता है क्योंकि आप ज्यादा कुछ नहीं कह रहे होते। लेकिन, जब आप बहुत कुछ कह रहे होते हैं और अगर एक भी सुर इधर से उधर हो जाए, तो आपकी परफ़ॉर्मेंस बिगड़ जाती है। इसलिए, सेट पर रोज इस बात पर चर्चा होती थी कि अगर हम किसी चीज को बढ़ा-चढ़ाकर दिखा रहे हैं तो उसे कितना दिखाया जा सकता है, ताकि ये ओवर न लगे। शाहिद बहुत ही मंझे हुए एक्टर हैं, इसलिए मेरे बिना बोले ही वो किरदार में भावुकता और संवेदनशीलता ले आते थे।'

कैसे फाइनल हुआ आलिया का नाम?

आलिया के किरदार पर बात करते हुए अभिषेक चौबे ने कहा- 'कास्टिंग की चर्चा के दौरान जब आलिया का नाम आया तो मुझे लगा कि सब पागल हो गए हैं, क्योंकि मैंने 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' के कुछ हिस्से ही देखे थे। मगर फिर मैंने 'हाईवे' देखी, हालांकि उसमें भी वह अलग सोशल क्लास की थीं, लेकिन उनमें सच्चाई थी। उसमें उनका टैलेंट साफ दिखता है। लेकिन, मेरी चिंता यही थी कि वह बोली और लहजा पकड़ पाएंगी या नहीं। एक सवाल ये भी था कि क्या वो खुद को उस किरदार से जोड़ पाएंगी, जो एक  अलग सामाजिक और आर्थिक वर्ग से है। क्योंकि, बोली तो कोई भी सीख सकता है, लेकिन किरदार को समझना अहम था।'

आलिया ने किया हैरान

अपनी बात जारी रखते हुए डायरेक्टर ने कहा- 'सबसे पहले तो मैंने कभी किसी एक्टर को इस तरह अपने किरदार में डूबते नहीं देखा। इतना कि वह अपनी असली जिंदगी को भी पीछे छोड़ दे और वही किरदार बन जाए। कोई भी एक्टर किसी किरदार को प्ले करने के लिए अपनी पर्सनल लाइफ का सहारा लेता है और मैं सोचता हूं कि आलिया ने अपनी और मैरी जेन की जिंदगी को देखते हुए किस चीज का सहारा लिया होगा। दूसरी बात, मुझे पंकज त्रिपाठी को बतौर ट्रेनर लेने का आइडिया आया। वो बिहार से हैं, इसलिइ वह उस किरदार और दुनिया को अच्छे से समझते हैं। हम रोज रीडिंग करते थे। इससे आलिया को उनके किरदार की बैकस्टोरी को और बेहतर ढंग से समझने में मदद मिली।'

ये भी पढ़ेंः 'इसमें कुछ नया नहीं है', राज निदुमोरु का स्टेज पर सामंथा को 'I LOVE YOU' कहने से इनकार, सिर्फ फिल्म के बारे में करते रहे बात

ALPHA प्रिंट टी-शर्ट में आलिया-शरवरी ने की ट्विनिंग, काला चश्मा लगाकर इतराईं हसीनाएं, देखकर बहन शाहीन को हुई जलन

Latest Bollywood News