1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. जब आमने-सामने आए उर्वशी रौतेला और 'लोकी', एक्ट्रेस की बक-बक सुन लोगों ने लिए मजे, बोले- बेचारा भागना चाहता है

जब आमने-सामने आए उर्वशी रौतेला और 'लोकी', एक्ट्रेस की बक-बक सुन लोगों ने लिए मजे, बोले- बेचारा भागना चाहता है

विंबलडन 2026 के फाइनल में 'लोकी' स्टार टॉम हिडलस्टन से उर्वशी रौतेला ने मुलाकात की। इस मुलाकात का वीडियो उन्होंने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया। वीडियो जैसे ही वायरल हुआ लोगों की मजेदार प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।

Urvashi rautela and loki- India TV Hindi
Image Source : URVASHI RAUTELA INSTAGRAM उर्वशी रौतेला और लोकी।

विंबलडन चैंपियनशिप 2026 में इस बार फिल्मी सितारों का जबरदस्त जमावड़ा देखने को मिला। मोहनलाल, प्रियंका चोपड़ा जोनास, लारा दत्ता, अनन्या पांडे, श्रीलीला, अर्चना पूरन सिंह और कल्याणी प्रियदर्शन जैसी तमाम हस्तियों के बाद अब इस लिस्ट में बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला का नाम भी जुड़ गया है। लंदन में विंबलडन का फाइनल मैच देखने पहुंचीं उर्वशी रौतेला की मुलाकात वहां मार्वल फिल्मों में 'लोकी' का मशहूर किरदार निभाने वाले हॉलीवुड स्टार टॉम हिडलस्टन से हुई। उर्वशी ने इस खास मुलाकात का एक वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

वीडियो में दिखा दोनों का खास अंदाज

शेयर किए गए वीडियो में उर्वशी रौतेला और टॉम हिडलस्टन विंबलडन वेन्यू में टहलते हुए आपस में थोड़ी बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान दोनों के चेहरों पर मुस्कान है। वे आपस में मुस्कुराते हुए हाथ मिलाते हैं और फिर आगे बढ़ जाते हैं। लुक की बात करें तो इस खास मौके पर उर्वशी ने मैचिंग हैंडबैग और हील्स के साथ एक चमकीले पीले रंग की ड्रेस पहनी थी, जिसमें वह काफी खूबसूरत लग रही थीं। वहीं दूसरी ओ, टॉम हिडलस्टन ने नेवी ब्लू कलर का धारीदार सूट पहना हुआ था, जिसमें उनका लुक काफी क्लासिक लग रहा था।

उर्वशी ने जताई खुशी, पर सोशल मीडिया यूजर्स ने की खिंचाई

इस वीडियो को शेयर करते हुए उर्वशी ने कैप्शन में लिखा, 'विंबलडन 2026 के फाइनल में एक सचमुच न भूलने वाली शाम। जैनिक सिनर और अलेक्जेंडर ज्वेरेव के बीच एक शानदार मुकाबला देखने को मिला, जो इस ऐतिहासिक मंच पर जुनून और दृढ़ता का अद्भुत उत्सव था। जैनिक सिनर को उनकी शानदार जीत के लिए बधाई। टॉम हिडलस्टन के साथ बिताई यह दोपहर बेहद खूबसूरत रही।'

हालांकि इस वीडियो के सामने आते ही इंटरनेट यूजर्स ने अपनी आदत के अनुसार मजे लेने शुरू कर दिए। कई लोगों ने बेहद मजाकिया कमेंट्स किए। एक यूजर ने लिखा, 'ऐसा लग रहा है जैसे टॉम वहां से भागने की कोशिश कर रहे हैं।' वहीं दूसरे यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, 'शायद उर्वशी उन्हें 'डाकू महाराज 2' साइन करने के लिए कह रही हैं।' एक अन्य कमेंट में लिखा था, 'साफ दिख रहा है कि टॉम को कोई दिलचस्पी नहीं है, वे तो बस तमीज के नाते वहां खड़े हैं।' एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, 'लोकी से बात करते हुए हाथ में टेनिस बॉल पकड़ने वाली वह ब्रह्मांड की पहली महिला हैं।'

विंबलडन 2026 में लगा सितारों का मेला

इस साल विंबलडन चैंपियनशिप में देश-विदेश की कई जानी-मानी हस्तियां मैच का लुत्फ उठाने पहुंची थीं। अंतरराष्ट्रीय सितारों में डेविड बेकहम, बैड बनी, नायल होरान, इसला फिशर, निकोल किडमैन, सिएना मिलर, जेनिफर लोपेज, सिंथिया एरीवो, सारा पिजन, एंड्रयू गारफील्ड, जो जोनास, एड वेस्टविक, एमी जैक्सन, सोफी हंटर और बेनेडिक्ट कंबरबैच जैसे बड़े नाम शामिल रहे। वहीं भारत से फरहान अख्तर के अलावा खेल जगत की मशहूर हस्तियों जैसे शुभमन गिल, सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह, अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने भी स्टेडियम पहुंचकर इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट का आनंद लिया।

इस सीरीज में नजर आई थीं उर्वशी रौतेला

उर्वशी रौतेला आखिरी बार 'इंस्पेक्टर अविनाश' में नजर आई थी। रणदीप हुड्डा सीरीज में लीड रोल निभाते नजर आए थे। सीरीज को IMDb पर शानदार रेटिंग मिली है। इसका पहला सीजन भी कमाल का था।

ये भी पढ़ें: ग्रीस की वादियों में मिस्ट्री मैन संग मलाइका अरोड़ा, समंदर में एक साथ की मस्ती, फोटो ने खींचा फैंस का ध्यान

Latest Bollywood News