1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. RRR से 5-6 गुना बड़ी है 'वाराणसी', महेश बाबू-प्रियंका चोपड़ा की फिल्म पर एसएस राजामौली ने दिया अपडेट, बनाने में लगे 275 दिन

RRR से 5-6 गुना बड़ी है 'वाराणसी', महेश बाबू-प्रियंका चोपड़ा की फिल्म पर एसएस राजामौली ने दिया अपडेट, बनाने में लगे 275 दिन

एसएस राजामौली ने बताया कि महेश बाबू और प्रियंका चोपड़ा स्टारर 'वाराणसी' फिल्म 'RRR' से भी बड़ी होने वाली है। उन्होंने वाराणसी को आरआरआर से 5-6 गुना बड़ी बताया और साथ ही ये भी जानकारी दी कि इस फिल्म को बनाने में उन्हें 275 दिन लगे।

ss rajamouli- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@SSRAJAMOULI एसएस राजामौली ने 'वाराणसी' पर दिया बड़ा अपडेट।

एसएस राजामौली के निर्देशन में बनी 'वाराणसी' इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है। महेश बाबू स्टारर इस फिल्म के साथ प्रियंका चोपड़ा भी भारतीय सिनेमा में वापसी कर रही हैं, जिसके चलते इस फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त बज बना हुआ है। ये फिल्म 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी, लेकिन अभी से दर्शकों में इस फिल्म को लेकर उत्सुकता देखने को मिल रही है। इस बीच राजामौली ने इस अपकमिंग फिल्म के बारे में एक बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि महेश बाबू स्टारर 'वाराणसी' 2022 में रिलीज हुई 'RRR' के मुकाबले काफी बड़े पैमाने पर बन रही है। उन्होंने बताया कि ये अपकमिंग एक्शन-एडवेंचर ड्रामा उनकी पिछली ब्लॉकबस्टर फिल्म से पांच से छह गुना बड़ी है।

'आरआरआर' से बड़ी है 'वाराणसी'

राजामौली ने ब्राजील में आयोजित 50वें साओ पाउलो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में इस प्रोजेक्ट के बारे में खुलकर बात की। 'वाराणसी' के निर्माण पर चर्चा करते हुए राजामौली ने बताया कि फिल्म का कैनवास बहुत बड़ा होने के बावजूद, उनकी टीम ने काफी जल्दी ये फिल्म कम्प्लीट कर ली। उन्होंने बताया कि 'RRR' की तुलना में टीम ने कम दिनों में ही इसकी शूटिंग पूरी कर ली। महेश बाबू स्टारर ये फिल्म 7 अप्रैल, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

राजामौली का कहना है कि 'वाराणसी' हर लिहाज से 'RRR' से कहीं बड़ी है

राजामौली ने फिल्म के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 'वाराणसी' की शूटिंग शुरू होने से पहले ही टीम को कहीं अधिक तैयारी की जरूरत थी। उन्होंने बताया कि एडिशनल पेपर वर्क और प्लानिंग के चलते टीम को शूटिंग के दिनों को कम करने में मदद मिली, जबकि ये फिल्म काफी बड़ी है। उन्होंने कहा- 'हमें बचपन से ही पौराणिक कथाओं, इतिहास और नायकों की कहानियां सुनाई जाती रही हैं। हमने 'आरआरआर' की शूटिंग 315 दिनों में पूरी की थी और वाराणसी, जो आरआरआर से 5-6 गुना बड़ी है, 275 दिनों में बनकर तैयार हो गई।'

'आरआरआर' से लगभग पांच से छह गुना बड़ी है 'वाराणसी'

राजामौली के इस बयान से पता चलता है कि फिल्म की शूटिंग शुरू होने से पहले ही इस प्रोजेक्ट की तैयारी कर ली गई थी, जिसके चलते पैमाने में बड़ी होने के बाद भी इसे कम समय में पूरा कर लिया गया। 'वाराणसी' की बात करें तो फिल्म की कहानी शम्भवी नाम के एक विशाल क्षुद्रग्रह से जुड़े वैश्विक संकट के इर्द-गिर्द घूमती है, जो वाराणसी शहर के लिए खतरा बन गया है। फिल्म में महेश बाबू रुद्र की भूमिका निभा रहे हैं, जो एक पुरातत्वविद और खोजकर्ता है। रुद्र को एक खगोलिय कलाकृति से जुड़े एक खतरनाक मिशन पर भेजा जाता है। लेकिन, रुद्र का मिशन तब मुश्किल हो जाता है जब कुंभ नाम का एक विलेन उसके पीछे पड़ जाता है।

प्रियंका चोपड़ा भी फिल्म में नजर आएंगी

इस फिल्म में महेश बाबू लीड रोल में नजर आएंगे, वहीं प्रियंका चोपड़ा जोनास मुख्य महिला किरदार में नजर आएंगी और  पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य खलनायक 'कुंभा' का किरदार निभा रहे हैं। हाल ही में एसएस राजामौली के पिता और लेखक विजयेंद्र प्रसाद ने पिछले दिनों इसके वॉर सीन के बारे में खुलकर बात की और बताया था कि वाराणसी में 'राम-कुंभकर्ण' के बीच महायुद्ध देखने को मिलेगा और ये वॉर सीन 30 मिनट लंबा होगा। विजयेंद्र प्रसाद ने कहा, 'यह राम और कुंभकर्ण के बीच युद्ध है, आपने ये ट्रेलर में देखा होगा, है ना? आपने राम और कुंभकर्ण को देखा। आपने भगवान हनुमान की पूंछ देखी। मैं उसी की बात कर रहा हूं… ये मंत्रमुग्ध कर देने वाला सीन है।'

ये भी पढ़ेंः 'पिक्चर अभी बाकी है!', शाहरुख खान की 'किंग' का नया वीडियो रिलीज, सुपरस्टार के खूंखार लुक ने मचाया तहलका

Latest Bollywood News