A
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. Bharat Kapoor Passes Away: दिग्गज अभिनेता भरत कपूर का निधन, कार्डियक अरेस्ट से गई जान, इंडस्ट्री में पसरा मातम

Bharat Kapoor Passes Away: दिग्गज अभिनेता भरत कपूर का निधन, कार्डियक अरेस्ट से गई जान, इंडस्ट्री में पसरा मातम

दिग्गज अभिनेता भरत कपूर अब इस दुनिया में नहीं रहे। उन्होंने सोमवार को 80 की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके दोस्त और अभिनेता अवतार सिंह गिल ने उनके निधन की पुष्टि की है।

bharat kapoor- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@VIRALBHAYANI दिग्गज अभिनेता भरत कपूर का 80 साल की उम्र में निधन।

दिग्गज अभिनेता भरत कपूर का निधन हो गया है। 80 वर्ष की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली। भरत कपूर "हिंदुस्तान की कसम", "सोने पे सुहागा" और "बलिदान" जैसी फिल्मों में सपोर्टिंग रोल के लिए मशहूर थे। अभिनेता का सोमवार दोपहर कार्डियक अरेस्ट के कारण निधन हो गया। उनके दोस्त और अभिनेता अवतार गिल ने उनके निधन की पुष्टि की। भरत कपूर के निधन की खबर सामने आने के बाद से ही फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है।

अवतार गिल ने की निधन की पुष्टि

भरत कपूर के करीबी दोस्त और अभिनेता अवतार गिल ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए पीटीआई को बताया, "मुझे भरत जी के बेटे राहुल ने फोन किया था। राहुल ने बताया कि उनके पिता का दोपहर करीब 3 बजे उनके घर पर कार्डियक अरेस्ट के चलते निधन हो गया। भरत करीब तीन दिनों से बीमार चल रहे थे। मैं उन्हें 50 सालों से भी अधिक समय से जानता हूं। हमने साथ में कई नाटक किए और फिल्मों में भी साथ काम किया। हम लगातार संपर्क में थे, लेकिन करीब एक हफ्ते से मेरी उनसे बात नहीं हो पाई। भरत का जाना मेरे लिए यह एक बड़े भाई, एक गुरु और एक दोस्त को खोने जैसा है।"

भरत कूर की फिल्में और टीवी शोज

भरत कपूर ने  अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत 1972 में की थी। उन्होंने हिंदी सिनेमा मेम करीब 4 दशक तक काम किया और "बरसात", "राम बलराम", "आखिरी रास्ता", "नूरी", "इंकार", "लव स्टोरी", "बाजार", "गुलामी", "सत्यमेव जयते", "स्वर्ग", "खुदा गवाह", "साजन चले ससुराल" और "रंग" जैसी फिल्मों में काम किया और ज्यादातर नकारात्मक भूमिकाएं निभाईं। भरत कपूर ने फिल्मों के अलावा कई टीवी सीरियल्स में भी काम किया, जिनमें "तारा", "चुनौती और कहानी", "सांस", "चंद्रकांता", "परंपरा", "कैंपस", "अमानत" और "भाग्यविधाता" जैसे शोज शामिल हैं।

30 अप्रैल को चौथा संस्कार

भरत कपूर का अंतिम संस्कार शाम 6:00 बजे सायन अस्पताल के पास स्थित श्मशान घाट में हुआ। वहीं उनका चौथा संस्कार 30 अप्रैल को नॉर्थ बॉम्बे एसोसिएशन में होगा। कई फिल्मी हस्तियों ने भरत कपूर के निधन की जानकारी मिलने पर उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुए और राकेश बेदी, निर्देशक रमेश तलवार जैसे सेलेब्स ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। बता दें, भरत कपूर के परिवार में उनकी पत्नी लोपा और दो बेटे राहुल और सागर हैं। वहीं कुछ साल पहले भरत कपूर की बेटी कविता का निधन हो गया था, जिससे पूरा परिवार सदमे में था।

ये भी पढ़ेंः धरे रह गए निगेटिव रिव्यू, रिलीज होते ही छाई एक्टर की डेब्यू फिल्म, 3 ही दिन में कमा लिए 2043 करोड़
'महाभारत' में बने शिखंडी, अब काम को तरसे दिग्गज अभिनेता, इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स नहीं तो बोले- 'मैं एक्टर नहीं'

Latest Bollywood News