1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. शादी के बाद पहली बार ससुराल पहुंचे विजय देवरकोंडा, रश्मिका ने मायके में दिखाया ट्रेडिशनल अवतार, साड़ी स्टाइल पर टिकी निगाहें

शादी के बाद पहली बार ससुराल पहुंचे विजय देवरकोंडा, रश्मिका ने मायके में दिखाया ट्रेडिशनल अवतार, साड़ी स्टाइल पर टिकी निगाहें

रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा दोनों ने कुर्ग में एक ग्रैंड रिसेप्शन का आयोजन किया, जिसमें एक्ट्रेस खास तौर पर लोकल ट्रेडिशन फॉलो करती नजर आईं। दोनों की झलकियां सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं।

Rashmika mandanna vijay deverakonda- India TV Hindi
Image Source : INSTANT BOLLYWOOD INSTAGRAM रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा।

रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शादी की खबरें इन दिनों सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। 5 अप्रैल को अपना 30वां जन्मदिन मनाने के बाद रश्मिका ने कर्नाटक के अपने गृहनगर कोडागु कुर्ग में एक भव्य वेडिंग रिसेप्शन का आयोजन किया। इस समारोह की तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसमें यह कपल पारंपरिक अंदाज में नजर आ रहा है। विशेष रूप से रश्मिका ने कुर्ग की पारंपरिक कोडावा शैली में रेशमी साड़ी पहनी थी, जिसमें वे बेहद खूबसूरत लग रही थीं।

कोडागु में रिसेप्शन 

तस्वीरों में रश्मिका और विजय एक-दूसरे का हाथ थामे समारोह में प्रवेश करते नजर आए। जहां रश्मिका पारंपरिक रेशमी साड़ी में सजी थीं, वहीं विजय देवरकोंडा ने एक शानदार सूट पहना था। दोनों ने साथ मिलकर केक काटा और अपने परिवार व दोस्तों के साथ इस खुशी को साझा किया। इस मौके पर दोनों के माता-पिता भी बेहद खूबसूरत परिधानों में सजे नजर आए और पूरे समय नवविवाहित जोड़े के साथ खड़े रहे। प्रशंसकों ने इस जोड़े की केमिस्ट्री और रश्मिका के पारंपरिक लुक की जमकर तारीफ की।

रश्मिका और विजय का संस्कृति के प्रति प्रेम

रिसेप्शन के दौरान रश्मिका भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा, 'मैं इसी मिट्टी की बेटी हूं। कोडावा लोगों का प्यार हमेशा मेरे लिए खास रहा है। शादी के बाद अपने गृहनगर वापस आना मेरे लिए अपार खुशी की बात है। अपने परिवार और दोस्तों के साथ इसे मनाना मेरा सौभाग्य है।' रश्मिका ने यह भी साझा किया कि विजय को कोडावा संस्कृति से बहुत लगाव है। वहीं विजय देवरकोंडा ने स्थानीय भाषा कोडावा तक्क में बोलने की कोशिश की और फिर अंग्रेजी में अपनी बात रखी। उन्होंने खुलासा किया कि कोडागु की यह उनकी तीसरी यात्रा है। विजय ने मजाक में और प्यार से कहा, 'मैंने हमेशा सोचा था कि यहां की महिलाएं बहुत खूबसूरत होती हैं, रश्मिका से मिलने से पहले भी मेरा यही मानना था। मुझे लगता है कि कुर्ग की महिलाएं सुंदर होती हैं और अब मेरी शादी भी एक कुर्ग की लड़की से हुई है, इसलिए मैं बहुत खुश हूं।'

शादी और अब तक का सफर

रश्मिका और विजय की शादी का सफर काफी निजी रहा है। पिछले साल अक्टूबर में हैदराबाद में एक शांत समारोह में दोनों ने सगाई की थी, हालांकि उन्होंने आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की थी। इसके बाद, 26 फरवरी को उदयपुर में एक भव्य समारोह में पारंपरिक तेलुगु और कोडावा रीति-रिवाजों के साथ दोनों ने शादी की। मार्च में हैदराबाद में एक रिसेप्शन देने के बाद अब उन्होंने कुर्ग में समारोह आयोजित किया। कर्नाटक प्रवास के दौरान उन्होंने प्रसिद्ध इग्गुथप्पा मंदिर के दर्शन भी किए।

प्रोफेशनल लाइफ की योजनाएं

इन दोनों कलाकारों ने पहली बार 2018 की सुपरहिट फिल्म 'गीता गोविंदम' में साथ काम किया था, जिसके बाद 2019 में वे 'डियर कॉमरेड' में नजर आए। लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद अब यह जोड़ी अपनी अगली फिल्म 'रणबाली' में एक बार फिर साथ नजर आने वाली है। रश्मिका की पहले रक्षित शेट्टी से सगाई हुई थी, जो 2018 में टूट गई थी। वहीं विजय के बारे में भी कई अफवाहें रही हैं, लेकिन अब दोनों ने एक-दूसरे के साथ अपनी नई जिंदगी की शुरुआत कर ली है।

ये भी पढ़ें: उत्तर रामायण के 'लव कुश' याद हैं, 38 सालों में पूरी तरह बदल गए एक्टर, एक ने सात समंदर पार बसाई दुनिया तो दूसरा बना सुपरस्टार

बीरबल की सोच से भी चार गुना तगड़ा सस्पेंस, दिमाग सुन्न कर देगा क्राइम थ्रिलर का क्लाइमैक्स, हिलने नहीं देंगे 7 एपिसोड

Latest Bollywood News