कृतिका कामरा-गौरव कपूर की शादी में जमकर नाचे वीरेंद्र सहवाग और युवराज सिंह, दुल्हन-दूल्हे की एंट्री में लूटी लाइमलाइट
कृतिका कामरा-गौरव कपूर की शादी सादगी भरे अंदाज में संपन्न हुई। इस शादी में क्रिकेट और बॉलीवुड के कई स्टार शामिल हुए, लेकिन वीरेंद्र सहवाग और युवराज सिंह सारी लाइमलाइट लूटते नजर आए।
अभिनेत्री कृतिका कामरा और मशहूर टीवी प्रेजेंटर गौरव कपूर 11 मार्च को मुंबई में एक निजी लेकिन बेहद शानदार समारोह में शादी के बंधन में बंध गए। बांद्रा स्थित अपने घर पर आयोजित इस शादी समारोह में दोनों ने अपने परिवार और बेहद करीबी दोस्तों की मौजूदगी में सात फेरे लिए। शादी के तुरंत बाद इस कपल ने अपने घर की छत पर एक शानदार पार्टी की मेजबानी की, जिसमें खेल और मनोरंजन जगत की कई नामी हस्तियां शामिल हुईं। इस शादी से कई वीडियो सामने आ रहे हैं, जिसमें सितारों की मस्ती देखने को मिल रही है। वीरेंद्र सहवाग और युवराज सिंह का एक वीडियो तेजी से छाया हुआ है, जिसमें दोनों अपने डांस से धमाल मचाते नजर आ रहे हैं।
वायरल हुआ डांस वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और तस्वीरों में इस शादी की रौनक साफ देखी जा सकती है। शादी के जश्न में युवराज सिंह, वीरेंद्र सहवाग और अजीत अगरकर जैसे दिग्गज क्रिकेटरों के साथ-साथ फरहान अख्तर, अंगद बेदी और सोहा अली खान जैसे फिल्मी सितारे भी जमकर थिरकते नजर आए। एक खास वीडियो में अंगद बेदी, फरहान अख्तर, युवराज और सहवाग को मशहूर गाने 'फॉरएवर' पर डांस करते हुए देखा गया। ये सभी सितारे नाचते-गाते हुए दूल्हा-दुल्हन को पार्टी एरिया तक ले गए, जहां कृतिका और गौरव एक-दूसरे का हाथ थामे बेहद खुश नजर आ रहे थे।
यहां देखें वीडियो
कैसा था कृतिका और गौरव का लुक?
शादी के अगले दिन अभिनेत्री सोहा अली खान ने इंस्टाग्राम पर कुछ इनसाइड तस्वीरें साझा कीं, जिसमें कृतिका लाल रंग की खूबसूरत साड़ी में नजर आ रही हैं, जबकि गौरव ने क्रीम और गोल्ड रंग की शेरवानी पहनी थी। दिलचस्प बात यह रही कि शादी में मौजूद 'ब्राइड्समेड्स' ने भी क्रीम और गोल्ड रंग की पारंपरिक कसाबु साड़ियाँ पहनी थीं, जो समारोह की थीम के साथ मेल खा रही थीं। सोहा ने तस्वीरों के साथ कैप्शन में इस नए जोड़े को जीवन भर के प्यार और खुशियों की शुभकामनाएं दीं।
लंबी थी गेस्ट लिस्ट
इस शादी में शामिल होने वाले मेहमानों की सूची काफी लंबी थी। मलाइका अरोड़ा, नेहा धूपिया, अमृता अरोड़ा, शकील लदाक और हेजल कीच जैसे सितारों ने अपनी मौजूदगी से इस शाम को और भी खास बना दिया। इनके अलावा मसाबा गुप्ता, सत्यदीप मिश्रा, जहीर खान, सागरिका घटगे और पूजा गौर भी इस जश्न का हिस्सा बने। शादी की रस्मों के दौरान एक छोटी पूजा भी आयोजित की गई, जिसके बाद नवविवाहित जोड़े ने बाहर आकर मीडिया और पैपराजी के लिए पोज दिए।
कृतिका-गौरव का वर्कफ्रंट
कृतिका और गौरव ने लंबे समय तक अपने रिश्ते को निजी रखा था। उन्होंने पहली बार दिसंबर 2025 में अपनी एक 'ब्रेकफास्ट डेट' की तस्वीर साझा कर अपने रिश्ते की झलक दी थी। कृतिका कामरा ने 'कितनी मोहब्बत है' और 'कुछ तो लोग कहेंगे' जैसे टीवी सीरियल्स से अपनी पहचान बनाई है और हाल के वर्षों में उन्होंने 'भीड़', 'तांडव' और 'बंबई मेरी जान' जैसे प्रोजेक्ट्स के जरिए ओटीटी और फिल्मों में भी शानदार काम किया है। वहीं गौरव कपूर खेल जगत के बेहतरीन होस्ट माने जाते हैं और उनका यूट्यूब शो 'ब्रेकफास्ट विद चैंपियंस' काफी लोकप्रिय है। गौरव ने 'ए वेडनसडे' जैसी फिल्मों में अभिनय भी किया है।
ये भी पढ़ें: अक्षय खन्ना का फिर चलेगा जादू, सीक्वल से पहले थिएटर में दोबारा लौट रही रणवीर सिंह की 'धुरंधर'
