A
Hindi News मनोरंजन बॉलीवुड देव आनंद से होती थी चॉकलेटी हीरो की तुलना, शाहरुख-आमिर पर पड़ा भारी, अब पूरी तरह बदला 56 साल के कुंवारे एक्टर का हुलिया

देव आनंद से होती थी चॉकलेटी हीरो की तुलना, शाहरुख-आमिर पर पड़ा भारी, अब पूरी तरह बदला 56 साल के कुंवारे एक्टर का हुलिया

90 के दशक में एक ऐसे एक्टर की बॉलीवुड में एंट्री हुई, जिसके गुड लुक्स ने उसे रातों-रात स्टार बना दिया। पहली ही फिल्म से किस्मत चलकी और शाहरुख-आमिर जैसे स्टार्स से उनकी तुलना होने लगी, लेकिन अब एक्टर पूरी तरह बदल गए हैं।

vivek mushran- India TV Hindi Image Source : STILL FROM SAUDAGAR विवेक मुशरान।

90 के दशक की शुरुआत बॉलीवुड के लिए एक बड़े बदलाव का समय था। इसी दौर में एक ऐसे युवा सितारे का उदय हुआ, जिसने अपनी पहली ही फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी थी। फिल्म की तगड़ी कमाई ने इस नए नवेले एक्टर को स्टार बना दिया। हम बात कर रहे हैं अभिनेता विवेक मुशरान की। साल 1991 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म 'सौदागर' से विवेक ने जो मुकाम हासिल किया, वह किसी भी नए कलाकार के लिए एक सपने जैसा होता है। इस फिल्म के बाद उनकी किस्मत चमक कई और उनकी तुलना उस दौर के लीडिंग स्टार्स शाहरुख खान और आमिर जैसे सितारों से होने लगी।

रातों-रात बने सुपरस्टार

1991 में सुभाष घई के निर्देशन में बनी फिल्म 'सौदागर' रिलीज हुई। यह फिल्म मुख्य रूप से दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार और राज कुमार के बीच के टकराव पर आधारित थी, लेकिन इस फिल्म के युवा प्रेमी जोड़े यानी विवेक मुशरान और मनीषा कोइराला ने अपनी मासूमियत से दर्शकों का दिल जीत लिया। विवेक ने फिल्म में दिलीप कुमार के पोते की भूमिका निभाई थी। फिल्म के गाने, विशेषकर 'इलू-इलू', उस समय की सबसे बड़ी म्यूजिकल हिट साबित हुई। इस फिल्म की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि विवेक मुशरान उस दौर के बड़े-बड़े सुपरस्टार्स को टक्कर देने लगे थे। लोग उनमें दिग्गज अभिनेता देव आनंद की छवि देखने लगे थे। उनकी हेयरस्टाइल और हाव-भाव काफी हद तक देव आनंद से प्रेरित लगते थे, जिसके कारण उन्हें बॉलीवुड का अगला सुपरस्टार माना जाने लगा था।

करियर में गिरावट और किस्मत का खेल

शुरुआती सफलता के बाद ऐसा लग रहा था कि विवेक मुशरान का करियर सातवें आसमान पर होगा, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। 'सौदागर' के बाद उन्हें कई फिल्मों के ऑफर मिले, जिनमें 'राम जाने', 'प्रथम' और 'इंसानियत के देवता' जैसी फिल्में शामिल थीं। हालांकि, इनमें से कोई भी फिल्म 'सौदागर' वाला जादू दोबारा नहीं चला पाई। बॉलीवुड में अक्सर कहा जाता है कि प्रतिभा के साथ-साथ सही समय पर सही फिल्म और किस्मत का होना बहुत जरूरी है। विवेक मुशरान के साथ यही हुआ, उनकी मेहनत में कोई कमी नहीं थी, लेकिन उनकी फिल्मों के चुनाव या शायद समय ने उनका साथ नहीं दिया। धीरे-धीरे वे मुख्य अभिनेता के तौर पर बड़े पर्दे से ओझल होने लगे। जब फिल्मों में बात नहीं बनी तो विवेक ने हार नहीं मानी और छोटे पर्दे यानी टीवी का रुख किया। टीवी जगत में 'सोन परी' और 'भास्कर भारती' जैसे शो के जरिए उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई, लेकिन वह फिल्मी सुपरस्टार वाला मुकाम दोबारा हासिल नहीं कर सके।

आज कहां हैं विवेक मुशरान?

आज 56 साल की उम्र में भी विवेक मुशरान लाइमलाइट से दूर अपनी जिंदगी जी रहे हैं। उनकी निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने अभी तक शादी नहीं की है। हाल के कुछ वर्षों में उन्होंने वेब सीरीज और फिल्मों में सहायक भूमिकाओं (जैसे 'तमाशा' और 'वीरे दी वेडिंग') के जरिए वापसी की है, जहां उनके अभिनय की काफी सराहना की गई। अपनी शादी के बारे में बात करते हुए विवेक ने एक इंटरव्यू में स्पष्ट किया था कि उन्होंने जानबूझकर कुंवारे रहने का फैसला नहीं किया था, बस चीजें वैसी नहीं हो पाईं जैसी उन्होंने सोची थीं। उन्होंने कहा, 'मैं एक खुशमिजाज इंसान रहा हूं, लेकिन हां, अब मुझे एक पार्टनर की कमी महसूस होती है। मैं शादी करना चाहता हूं, लेकिन किसी सामाजिक दबाव में आकर नहीं, बल्कि अपनी खुशी के लिए।' उनका मानना है कि रिश्ते के लिए कभी देर नहीं होती, लेकिन वे इसे बोझ के रूप में नहीं देखना चाहते। 

विवेक का बदला लुक

कभी देव आनंद से विवेक मुशरान के गुड लुक्स की तुलना होती थी और उनके चॉकलेटी लुक की लड़कियां दीवानी थीं, लेकिन अब एक्टर का लुक भी काफी बदल गया है। इंस्टाग्राम पर विवेक काफी एक्टिव हैं और उनकी हालिया तस्वीरें भी मौजूद हैं। विवेक के लुक में भले ही बदलाव दिखे लेकिन उनकी एक्टिंग स्किल अभी भी कमाल की हैं।

ये भी पढ़ें:  खूबसूरती में ऐश्वर्या को दी टक्कर, पर्दे पर दिखाई ग्लैमरस अदाएं, फिर हुआ मोह भंग तो चुना वैराग्य का रास्ता

8 साल पुरानी कल्ट, जिसके हीरो बनने से चूके नवाजुद्दीन सिद्दीकी, अब सीक्वल में बनेंगे खूंखार खलनायक

Latest Bollywood News