आदित्य धर की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर'ने अक्षय खन्ना को नई पहचान दे दी। एक्टर के लुक से लेकर उनके अभिनय की जमकर तारीफ हुई। अपनी दमदार अदाकारी से तहलका मचाने वाले अक्षय खन्ना इन दिनों सुर्खियों में छाए हुए हैं। फिल्म में रहमान डकैत के रूप में उनके चित्रण ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया है, जहां उनकी कमांडिंग स्क्रीन प्रेजेंस ने पूरी महफिल लूट ली है। अब एक बार फिर उनका लुक चर्चा में है, उनकी भारी डिटेलिंग की तारीफ हो रही है, जिसमें वो बेहद बारीकी से अपना हेयरस्टाइल तैयार कराते दिख रहे हैं।
किरदार के प्रति समर्पण
अक्षय खन्ना अपनी एक्टिंग के साथ-साथ फिल्म में अपने लुक को लेकर भी खूब चर्चा बटोर रहे हैं। उन्होंने अपने किरदार में जान फूंकने और उसे और शानदार बनाने के लिए खास तरीके से तैयार की गई विग का सहारा लिया है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक बिहाइंड-द-सीन्स वीडियो वायरल हो रहा है, जो उनके काम के प्रति बारीकी और समर्पण को दर्शाता है। इस वीडियो में अक्षय अपनी टीम को विग की फिटिंग और स्टाइलिंग को लेकर बेहद सटीक निर्देश देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में अक्षय को यह कहते सुना जा सकता है, 'यह एक साइड? अब आप कट देखिए, यह सीधे मेरी साइड पर जाता है। ठीक है? इससे यह स्क्रीन पर बहुत नेचुरल लगेगा।' वह टीम को समझाते हैं कि बालों का बहाव दोनों तरफ और ऊपर से कैसा होना चाहिए ताकि कहीं से भी बनावटीपन न दिखे। छोटी से छोटी बारीकी पर उनका यह ध्यान यह साबित करता है कि वह अपने लुक को लेकर कितने संजीदा हैं।
यहां देखें वीडियो
फैंस की प्रतिक्रिया
इस वीडियो के सामने आते ही फैंस ने अक्षय खन्ना की तारीफों के पुल बांध दिए हैं। सोशल मीडिया पर यूजर्स उनके इस डेडिकेशन लेवल को सलाम कर रहे हैं। एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, 'भगवान जानते थे कि अगर अक्षय के पास हेयरलाइन होती तो वह बहुत ज्यादा पावरफुल हो जाते, इसलिए उन्होंने इसे वापस ले लिया!' वहीं एक अन्य यूजर ने फिल्म के निर्देशक की तारीफ करते हुए लिखा, 'यह ऑस्कर लेवल का काम है... आदित्य धर द्वारा की गई पीक डिटेलिंग।' कुछ फैंस ने रहमान डकैत के लुक पर अपनी राय देते हुए कहा कि अगर दाढ़ी थोड़ी कम सफेद होती तो यह और भी शानदार लगता। कुल मिलाकर फैंस उनके सादगी भरे स्वभाव और स्टाइलिंग की गहरी समझ के कायल हो गए हैं।
आगामी प्रोजेक्ट्स
'धुरंधर' सीरीज में अपनी गहन परफॉर्मेंस से दिल जीतने के बाद अक्षय खन्ना अब नए क्षितिज तलाशने के लिए तैयार हैं। वह जल्द ही प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स की फिल्म 'महाकाली' के साथ अपना तेलुगु डेब्यू करने जा रहे हैं, जिसमें वह 'शुक्राचार्य' जैसी शक्तिशाली भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा वह नेटफ्लिक्स की फिल्म 'इक्का' में मुख्य विलेन के रूप में नजर आएंगे। इस फिल्म में वह सनी देओल, दिया मिर्जा, टिलोतमा शोम और संजीदा शेख जैसे सितारों के साथ स्क्रीन स्पेस साझा करेंगे।
ये भी पढ़ें: 'रामायण' की रिलीज से पहले रणबीर कपूर को फैन से मिला खास तोहफा, राम मंदिर संग दिखी भगवान राम की झलक
Latest Bollywood News