फिल्म में नई बहू के असल में डायन होने के सवाल से दर्शकों को उत्सुक करने के बाद अब 'नय्यी नवेली' ने अपने पहले गाने 'भाभी तबाही' के जरिए यामी गौतम के किरदार मोहिनी को पेश किया है। यह गाना उनकी मुंह दिखाई की रस्म पर आधारित है, जिसे एक एनर्जेटिक म्यूजिकल सीक्वेंस के रूप में पेश किया गया है। जी म्यूजिक द्वारा पेश किए गए 'भाभी तबाही' गाने को जी.वी. प्रकाश कुमार ने कंपोज और प्रोड्यूस किया है। इसे वायु ने लिखा है और नीति मोहन ने गाया है, जब यामी परिवार की नई भाभी के तौर पर एंट्री करती हैं तो गाने में भांगड़ा, रैप, क्लासिकल और हिप-हॉप का मिला-जुला अंदाज देखने को मिलता है।
मोहिनी बन छाईं यामी गौतम
फिल्म के टीजर में परिवार में मोहिनी के आने को लेकर बनी उत्सुकता के बाद 'भाभी तबाही' गाना मोहिनी की एक झलक दिखाता है। यह गाना उनकी 'मुंह दिखाई' के दौरान आता है और यामी को डांस करने के साथ-साथ किरदार के बदलते हाव-भाव दिखाने का भी भरपूर मौका देता है। कोरियोग्राफर विजय गांगुली ने ANI से कहा कि मोहिनी की पर्सनैलिटी ने ही गाने के मूवमेंट और अंदाज को तय किया। उन्होंने कहा, 'भाभी तबाही मेरे कोरियोग्राफ किए गए सबसे मजेदार गानों में से एक था और यामी के साथ यह और भी खास हो गया, जो फिल्म में मोहिनी का किरदार निभा रही हैं। मोहिनी की पर्सनैलिटी अलग है और वह एक बीट पर ही अपने एक्सप्रेशन और डांस के तरीके बदल सकती हैं।'
भाभी तबाही में दिखीं देवर-भाभी की नोकझोक
विजय गांगुली ने आगे कहा कि मोहिनी के किरदार के साथ न्याय करने के लिए कोरियोग्राफी में सही मात्रा में चुलबुलेपन के साथ-साथ आत्मविश्वास की जरूरत थी। उन्होंने देवर-भाभी के बीच होने वाले आमने-सामने के डांस सीक्वेंस का भी जिक्र किया, जिसे कोरियोग्राफ करने में उन्हें बहुत मजा आया। उनके अनुसार यामी ने गाने के लंबे शॉट्स को करने के लिए काफी मेहनत की, साथ ही अपनी परफॉर्मेंस में नैचुरल अंदाज भी बनाए रखा।
'नय्यी नवेली' दशहरा से पहले रिलीज होगी
'नय्यी नवेली' एक फैंटेसी फैमिली एंटरटेनर फिल्म है, जिसमें यामी गौतम धर मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म की कास्ट में आदिनाथ एम. कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवार, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुष्मिता मुखर्जी, सोनल झा, सुनील सिन्हा, प्रतीक पचौरी, अक्षत सिंह, बबीता पांडे, अजय पाल और नीरज सिंह भी शामिल हैं। इस फिल्म को आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने प्रोड्यूस किया है और बालाजी मोहन ने डायरेक्ट किया है। फिल्म की कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। 'नय्यी नवेली' दशहरा से पहले 16 अक्टूबर को पूरे भारत के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
ये भी पढ़ें - 'एक न एक दिन ऐसा होगा', नेशनल अवॉर्ड जीतने कर भावुक हुईं यामी गौतम, कही दिल छू लेने वाली बात
Latest Bollywood News