बॉलीवुड में हर साल ही कोई ना कोई स्टारकिड अपने फिल्मी करियर की शुरुआत करता है। इस साल भी ऐसा ही कुछ देखने को मिला। इब्राहिम अली खान से लेकर राशा थडानी, शनाया कपूर, अमान देवगन तक कई स्टारकिड्स ने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखे, लेकिन दर्शकों को इंप्रेस करने में सफल नहीं हो पाए। इब्राहिम अली खान की डेब्यू फिल्म 'नादानियां' बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिर गई और राशा थडानी स्टारर 'आजाद' का भी हाल बुरा ही रहा। लेकिन, दो स्टारकिड ऐसे रहे जो अपने टैलेंट का लोहा मनवाने में सफल रहे। जी हां, हम बात कर रहे हैं शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान और चंकी पांडे के भतीजे अहान पांडे की, जिनमें से एक ने डायरेक्टर के तौर पर कैमरे के पीछे रहते हुए अपना करियर शुरू किया तो दूसरे ने अपने अभिनय से दर्शकों को वाहवाही करने पर मजबूर कर दिया।
हिट रहे ये दो स्टारकिड
आर्यन खान ने 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' से डायरेक्टर के तौर पर अपना करियर शुरू किया। ये सीरीज नेटफ्लिक्स पर आई, जिससे आर्यन खान अपना टैलेंट साबित करने में सफल रहे। द बैड्स ऑफ बॉलीवुड आर्यन खान की पहली वेब सीरीज है, जो 18 सितंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हुई थी और इसके आते ही ये नेटफ्लिक्स पर नंबर वन बन गई थी। इस सीरीज में लक्ष्य लालवानी, सहर बांबा, राघव जुयाल और बॉबी देओल जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में थे।
आर्यन खान को द बैड्स ऑफ बॉलीवुड के लिए मिला अवॉर्ड
इस फिल्म के साथ एक तरफ जहां आर्यन खान अपनी क्षमता साबित करने में सफल रहे तो वहीं दूसरी तरफ उन्होंने इसके लिए अवॉर्ड भी अपने नाम किया। अपनी डायरेक्टोरियल डेब्यी सीरीज द बैड्स ऑफ बॉलीवुड के लिए आर्यन खान ने सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पहला अवॉर्ड जीता। अपनी सीरीज के दौरान लगातार आर्यन खान चर्चा में बने रहे। सीरीज की सफलता के बाद इसके दूसरे सीजन की चर्चा भी जोरों पर है। हालांकि, अब तक मेकर्स की ओर से सीजन 2 का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।
अहान पांडे ने भी लूटी वाहवाही
अहान पांडे भी अपने डेब्यू फिल्म 'सैयारा' को लेकर चर्चा में बने रहे। मोहित सूरी के निर्देशन में बनी ये म्यूजिकल रोमांटिक ड्रामा 18 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई, जो बॉक्स ऑफिस पर ऐसी छाई की देखते ही देखते इसने भारत में 329 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया और साल की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई। वहीं फिल्म के वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो इसने 570 करोड़ का कलेक्शन किया है।
रातों रात स्टार बन गए अहान पांडे
अपनी डेब्यू फिल्म से ही अहान पांडे रातोंरात स्टार बन गए और सोशल मीडिया पर उनकी फैन फॉलोइंग में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। इस फिल्म में अहान के साथ अनीत पड्डा लीड रोल में थीं, जो उनकी दूसरी फिल्म और तीसरा एक्टिंग प्रोजेक्ट था। अहान के साथ-साथ अनीत पड्डा के भी इस फिल्म के चलते काफी चर्चे रहे। दूसरी तरफ अहान पांडे खुद को स्टारकिड नहीं मानते। उनका कहना है कि उनके पिता चिक्की पांडे या मां डियाने पांडे कोई फिल्मी स्टार नहीं हैं तो वह स्टारकिड नहीं हुए, लेकिन इस तथ्य से वह पीछे नहीं हट सकते कि वह मशहूर एक्टर चंकी पांडे के भतीजे और अनन्या पांडे के चचरे भाई हैं और उनके माता-पिता के फिल्मी हस्तियों से काफी तगड़े संबंध हैं।
Latest Bollywood News