ओटीटी के विस्तार के बाद फिल्मी दुनिया की दिशा और दशा पूरी तरह बदल चुकी है। कई बार जो फिल्में सिनेमाघरों में नहीं चलतीं वो ओटीटी पर आते ही दर्शकों की फेवरेट बन जाती हैं और ओटीटी पर टॉप पर ट्रेंड करने लगती हैं। वहीं कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक परफॉर्म करने के बाद भी ओटीटी पर दर्शकों को कुछ खास इंप्रेस नहीं कर पातीं। ओटीटी के आने के बाद फिल्मी दुनिया के ग्रह-नक्षत्रों में काफी बदलाव आया है। इस बीच हम आपको एक ऐसी फिल्म के बारे में बताते हैं, जो काल-ग्रह और नक्षत्र के इर्द-गिर्द घूमती है और इसमें एक्शन, इमोशन से लेकर ड्राम तक, सब देखने को मिलता है। 2 घंटे 20 मिनट की इस ड्रामा-थ्रिलर में वो सब मौजूद है, जो आपको एक पल के लिए भी बोर नहीं करेगा। फाड़ू क्लाइमैक्स वाली इस फिल्म का नाम है 'डीएनए', जिसे देखने के बाद आपके दिमाग में यही सवाल आएगा- 'मेकर्स ने आखिर ये कैसे सोच लिया?'
छोटे बजट की धांसू ड्रामा-थ्रिलर
2 घंटे 20 मिनट की 'डीएनए' ज्योतिष और विज्ञान के बीच की भिड़ंत की कहानी है, जो हर एक सीन के साथ दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर देती है और इसका क्लाइमैक्स भी कम शानदार नहीं है। इस फिल्म की कहानी और इसमें आने वाले ट्विस्ट और टर्न इसे एक यादगार थ्रिलर बनाते हैं। अथर्व मुरली और निमिषा सजयन स्टारर 'डीएनए' की कहानी जैसे-जैसे आगे बढ़ती है हर मिनट के साथ आप इसे पूरी देखने के लिए विवश होते जाते हैं। छोटे बजट की इस थ्रिलर में ऐसा सस्पेंस है कि देखकर दिमाग घूम जाएगा और दिल दहल उठेगा।
क्या है कहानी?
फिल्म की कहानी दो ऐसे लोगों दिव्या और आनंद के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी ही जिंदगी से जंग लड़ रहे हैं। जहां दिव्या दिमागी तौर पर बीमार है तो वहीं आनंद भी अपने पहले प्यार को खोने के बाद खुद भी कहीं खो चुका है। अपने पहले प्यार को खोने के बाद आनंद काफी मुश्किल दौर से गुजरता है और जब रिहैब से लौटता है तो उसके माता-पिता दिव्या से उसकी शादी तय कर देते हैं। शादी वाले दिन ही आनंद के दोस्त को पता चलता है कि दिव्या दिमागी तौर पर बीमार है, वह आनंद को रोकने की कोशिश करता है, लेकिन सब जानने के बाद भी आनंद दिव्या का साथ देता है। लेकिन, जैसे ही दोनों की जिंदगी में उनका बच्चा दस्तक देता है, सब बदल जाता है। दिव्या दावा करती है कि उसका बच्चा बदल गया है। पहले तो आनंद को इस पर यकीन नहीं होता, लेकिन जैसे-जैसे उसे सच्चाई पता चलती है, उसका दिमाग घूम जाता है और आत्मा कांप जाती है।
मनोवैज्ञानिक संघर्ष और चाइल्ड ट्रैफिकिंग सिंडिकेट
जैसे-जैसे डीएनए की कहानी आगे बढ़ती है, खौफनाक खुलासे होते हैं। काल, ग्रह और नक्षत्र के साथ मनोवैज्ञानिक संघर्ष और इंटरनेशनल चाइल्ड ट्रैफिकिंग सिंडिकेट को लेकर चौंकाने वाले खुलासे होते हैं। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे सामाजिक पूर्वाग्रह और बीमार मानसिकता, एक मां के मातृत्व को भी सवालों के घेरे में लाकर खड़े कर देता है। फिल्म का क्लाइमैक्स काफी धांसू है, जो दर्शकों के दिमाग पर भी गहरा असर छोड़ता है। इसे बुक माई शो पर 8.9 रेटिंग मिली है और आईएमडीबी पर 7.2 रेटिंग है। नेल्सन वेंकटन फिल्म के निर्देशन में बनी 'डीएनए' जियो हॉटस्टार पर हिंदी में भी देखी जा सकती है।
ये भी पढ़ेंः Dacoit Trailer: रिलीज हुआ आदिवि शेष की 'डकैत' का ट्रेलर, एक्शन मोड में दिखीं मृणाल, अनुराग कश्यप ने लूटी लाइमलाइट
ऐश्वर्या राय संग रेड कार्पेट पर चलने से डरते हैं अभिषेक बच्चन, खुद बताई वजह, बोले- 'ये सबसे बड़ा टास्क है'