आर्यन खान का शो 'बैड्स ऑफ बॉलीवुड' आज नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो गया है। रिलीज होने से पहले ही ये शो सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है। एक्स पर लोगों ने इसको लेकर अपनी प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी है। शाहरुख खान ने भी शो रिलीज होने के बाद इसको लेकर एक पोस्ट लिखा है। जिसमें शाहरुख खान ने कहा, 'अब जो बोलेगा.... वो ये शो बोलेगा। बैड्स ऑफ बॉलीवुड देखें नेटफ्लिक्स पर।' वहीं फैन्स ने भी इसको लेकर अपनी प्रतिक्रियाओं की झड़ी लगा दी है। यही वजह है कि ये एक्स पर तीन नंबर पर ट्रेंड कर रहा है।
प्रीमियर के मोमेंट्स हो रहे वायरल
बता दें कि बीते रोज बैड्स ऑफ बॉलीवुड का प्रीमियर मुंबई में रखा गया था। जहां सितारों का जमावड़ा लगा रहा। यहां शाहरुख खान अपनी पत्नी गौरी और बेटी सुहाना के साथ खूब पोज दिए और फोटोग्राफर के तौर पर खुद आर्यन खान नजर आए। आर्यन का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसे लोगों ने इस ट्रेंड में शेयर किया है। जिसमें आर्यन अपने पिता शाहरुख और मां की साथ में तस्वीर लेते नजर आ रहे हैं। साथ ही आर्यन के बॉबी देओल के साथ भी कुछ मोमेंट खूब वायरल हैं।
आर्यन खान कर रहे डेब्यू
बता दें कि आर्यन खान इस शो के जरिए बतौर डायरेक्टर डेब्यू कर रहे हैं। आर्यन का ये पहला शो है और अपने पिता की तरह एक्टर नहीं बल्कि डायरेक्टर के तौर पर अपनी पहचान बनाना चाहते हैं। आर्यन लंबे समय से इसपर काम कर रहे थे। अब ये शो नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो गया है। रिलीज होते ही फैन्स ने भी अपनी प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी है। एक फैन ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें शो की पूरी स्टारकास्ट बैठी है और बगल में आर्यन खान हैं। सभी मुस्कुरा रहे हैं लेकिन आर्यन खान सीरियस लुक में बैठे हैं। आर्यन को देख दूसरी एक्ट्रेस भी उन्हें मुस्कुराने के लिए कहती हैं।