A
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. 7 एपिसोड में खुलासे ही खुलासे, शिक्षा विभाग के महाघोटाले की पोल खोलती है नई वेब सीरीज, रिलीज होते ही बनी ट्रेंडिंग

7 एपिसोड में खुलासे ही खुलासे, शिक्षा विभाग के महाघोटाले की पोल खोलती है नई वेब सीरीज, रिलीज होते ही बनी ट्रेंडिंग

ओटीटी की दुनिया में एक शानदार वेब सीरीज ने एंट्री मारी है और आते ही ये ट्रेंडिंग बन गई है। शिक्षा व्यवस्था और विभाग में होने वाली गड़बड़ी की ये सीरीज पोल खोल रही है।

exam, exam web series- India TV Hindi
Image Source : PRIME VIDEO एग्जाम वेब सीरीज से लिया गया एक सीन।

वर्तमान समय में देश के भीतर प्रतियोगी परीक्षाओं और उनके पेपर लीक होने के मामले काफी गरमाए हुए हैं, जिससे लाखों होनहार अभ्यर्थियों के भविष्य और उनकी सालों की कड़ी मेहनत के साथ सरेआम खिलवाड़ हो रहा है। पिछले कई वर्षों से भारत के एजुकेशन सिस्टम में लापरवाही, धांधली और भ्रष्टाचार की ऐसी खबरें लगातार सुर्खियां बनती रही हैं। शिक्षा प्रणाली में फैले इसी गहरे सस्पेंस, राजनीति और धोखाधड़ी को एक बेहद संवेदनशील और रोमांचक तरीके से पर्दे पर उतारा गया है। हाल ही में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एक नई वेब सीरीज रिलीज हुई है, जो हमारे एजुकेशन सिस्टम के काले सच और बड़े-बड़े घोटालों की पूरी पोल खोल कर रख देती है। कुल 7 एपिसोड की यह सीरीज ओटीटी पर आते ही दर्शकों के लिए एक 'मस्ट वॉच' थ्रिलर बन चुकी है और इस समय इंटरनेट पर जबरदस्त तरीके से ट्रेंड कर रही है।

शिक्षा विभाग के बड़े घोटाले और पेपर लीक की अंदरूनी कहानी

इस बेहद चर्चित वेब सीरीज की कहानी पूरी तरह से प्रतियोगी परीक्षाओं और शिक्षा विभाग के भीतर चल रहे करोड़ों रुपये के रैकेट के इर्द-गिर्द घूमती है। कहानी में दिखाया गया है कि कैसे कुछ रसूखदार लोग पैसों के दम पर अयोग्य उम्मीदवारों को सरकारी और प्रतिष्ठित परीक्षाएं पास करा देते हैं, जबकि दिन-रात मेहनत करने वाले योग्य अभ्यर्थी पीछे छूट जाते हैं। इस पूरे घोटाले और सिस्टम में बैठे भ्रष्ट अधिकारियों का पर्दाफाश करने के लिए कहानी में एक दिलचस्प मोड़ आता है। एक युवा लड़की इस स्कैम को बेनकाब करने का बीड़ा उठाती है और वह खुद एक फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर विभाग के भीतर दाखिल हो जाती है। इसके बाद शुरू होता है बिल्ली और चूहे का एक ऐसा खेल, जिसमें भरपूर सस्पेंस, ड्रामा और रोमांच है। हर एपिसोड के साथ खुलते नए राज दर्शकों को अंत तक बांधे रखते हैं और यह सोचने पर मजबूर करते हैं कि कैसे किसी छात्र का भविष्य चंद रुपयों के लिए बर्बाद कर दिया जाता है।

दमदार स्टार कास्ट और उम्दा अभिनय

इस सीरीज को खास बनाने में इसके कलाकारों का बहुत बड़ा योगदान रहा है। साउथ सिनेमा की दो बेहद प्रतिभाशाली और जानी-मानी अभिनेत्रियां, दुशारा विजयन और अदिति बालन इस सीरीज में मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रही हैं। दोनों ही अभिनेत्रियों ने अपने किरदारों के साथ पूरा न्याय किया है। जहां एक तरफ सिस्टम के खिलाफ लड़ने वाली लड़की का किरदार स्क्रीन पर एक अलग ऊर्जा पैदा करता है, वहीं दूसरी तरफ प्रशासनिक और कानूनी पेचीदगियों को भी बेहद संजीदगी के साथ पेश किया गया है। इसके अलावा सहायक भूमिकाओं में नजर आए बाकी कलाकारों ने भी भ्रष्ट अधिकारियों और लाचार छात्रों के रूप को बखूबी जिया है, जिससे पूरी कहानी बिल्कुल वास्तविक और हमारे आज के समाज का आईना लगती है।

IMDb रेटिंग और दर्शकों का प्यार

इस थ्रिलर ड्रामा सीरीज को न सिर्फ आम दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है, बल्कि समीक्षकों ने भी इसकी प्रासंगिक कहानी की जमकर तारीफ की है। इसकी कसी हुई पटकथा और कड़वे सच को बिना किसी हिचकिचाहट के दिखाने के चलते इसे लोकप्रिय रेटिंग प्लेटफॉर्म आईएमडीबी पर इसे ठीकठाक 6.3 की रेटिंग हासिल हुई है। बेहतरीन रिव्यूज और दमदार माउथ पब्लिसिटी के दम पर यह सीरीज इस समय ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भारत में टॉप-10 की सूची में तीसरे पायदान पर मजबूती से ट्रेंड कर रही है।

कब और कहां देख सकते हैं यह सीरीज?

अगर आप भी इस वीकेंड एक बेहतरीन, सस्पेंस से भरपूर और आंखें खोल देने वाली सामाजिक-राजनीतिक थ्रिलर सीरीज देखने का प्लान बना रहे हैं तो साउथ की इस शानदार सीरीज 'एग्जाम' को बिल्कुल मिस न करें। इसके सभी 7 एपिसोड ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध हैं। आप इसे अपनी सुविधानुसार घर बैठे कभी भी देख सकते हैं।

ये भी पढ़ें:  10 एपिसोड वाली वेब सीरीज ने आते ही मचाया भौकाल, पहले सीजन में दिखी थी पुलिसिया दबंगई, अब OTT की रेस में बनी नंबर 1