A
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. 9.2 IMDb रेटिंग वाली धमाकेदार वेब सीरीज, चार सीजन रहे सुपरहिट, अब आ रहा पांचवां, ट्रेलर देख खिलेंगे चेहरे

9.2 IMDb रेटिंग वाली धमाकेदार वेब सीरीज, चार सीजन रहे सुपरहिट, अब आ रहा पांचवां, ट्रेलर देख खिलेंगे चेहरे

9.2 IMDb रेटिंग वाली सुपरहिट वेब सीरीज अपने पांचवें सीजन के साथ वापसी कर रही है। देसी अंदाज वाली इस वेब सीरीज की तगड़ी फैन फॉलोइंग है। कॉमेडी का फुल डोज देने के लिए सीरीज तैयार है और इसकी झलकियां भी ट्रेलर के जरिए सामने आ चुकी है।

Gullak season 5- India TV Hindi
Image Source : SONYLIV गुल्लक सीजन 5

एंटरटेनमेंट की दुनिया में अक्सर ऐसी वेब सीरीज कम ही देखने को मिलती हैं, जो सीधे दर्शकों के दिलों को छू लें। एक ऐसी ही घरेलू और बेहद लोकप्रिय सीरीज अब अपने नए सीजन के साथ वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार है, जिसके पिछले चार सीजन सुपरहिट रहे हैं। अपनी बेहतरीन कहानी और साधारण मिडिल क्लास परिवार की असल जिंदगी को पर्दे पर उतारने के कारण इस शो ने डिजिटल दुनिया में तहलका मचाया हुआ है। इस शो की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसे सबसे बड़ी रेटिंग वेबसाइट पर 9.2 जैसी ब्लॉकबस्टर आईएमडीबी रेटिंग हासिल है। अब इस मशहूर शो के पांचवें सीजन की पहली झलक यानी ट्रेलर आधिकारिक तौर पर जारी कर दी गई है, जिसे देखते ही फैंस के चेहरे खुशी से खिल उठे हैं।

क्या है कहानी का प्लॉट और ट्रेलर की झलक?

इस बहुप्रतीक्षित सीरीज के नए सीजन का ट्रेलर दर्शकों को एक बार फिर उसी जाने-पहचाने घर और माहौल में ले जाता है। ट्रेलर की शुरुआत रसोई में रखे स्टील के डिब्बों, आवाज करते पुराने कूलर और बिजली बचाने की जद्दोजहद में जुटे घर के मुखिया से होती है, लेकिन इस बार कहानी में कुछ नयापन और बदलाव भी देखने को मिलेगा। इस सीजन में घर की दीवारों पर नया पेंट होता है और एक वाई-फाई कनेक्शन भी लगवाया जाता है, क्योंकि पूरा परिवार बदलते समय के साथ खुद को ढालने की कोशिश कर रहा है। इस बार का मुख्य प्लॉट बच्चों के बड़े होने और उनके साथ बदलती पारिवारिक जिम्मेदारियों पर केंद्रित है। ट्रेलर का सबसे भावुक और बड़ा मोड़ तब आता है, जब बड़ा बेटा माता-पिता का घर छोड़कर एक अलग अपार्टमेंट में शिफ्ट होने का फैसला करता है। इस बदलाव से पूरे परिवार के समीकरण हिल जाते हैं। हल्की-फुल्की नोकझोंक, डिनर टेबल पर होने वाली बातें, महत्वाकांक्षा, खुद पर संदेह और अपनी जड़ों से जुड़े रहने की कशमकश को इस बार बेहद खूबसूरती से पिरोया गया है।

9.2 की धमाकेदार IMDb रेटिंग और पिछले सीजन

हम यहां टीवीएफ की सबसे सफल और सबसे पसंदीदा सीरीज 'गुल्लक' सीजन 5 की बात कर रहे हैं। मिश्रा परिवार के किस्सों से सजी इस सीरीज ने हर बार दर्शकों को अपना दीवाना बनाया है। इसके सभी सीजन को मिलाकर सामूहिक रूप से 9.2 की शानदार IMDb रेटिंग मिली हुई है, जो भारतीय वेब सीरीज के इतिहास में सबसे सर्वश्रेष्ठ में से एक है। इसके पिछले चारों सीजन एक के बाद एक सुपरहिट साबित हुए हैं, यही वजह है कि इसके पांचवें सीजन को लेकर दर्शकों की उत्सुकता सातवें आसमान पर है।

इस बार स्टार कास्ट में हुआ यह बड़ा बदलाव

प्रीमियम कंटेंट निर्माता कंपनी 'द वायरल फीवर' द्वारा निर्मित 'गुल्लक सीजन 5' की स्टार कास्ट में इस बार एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। सीरीज में बड़े बेटे 'अन्नू' का अहम किरदार निभाने वाले वैभव राज गुप्ता की जगह अब मशहूर अभिनेता अनंत जोशी नजर आने वाले हैं। उनके अलावा मुख्य कलाकारों में संतोष मिश्रा के रूप में जमील खान, शांति मिश्रा के रूप में गीतांजलि कुलकर्णी, छोटे बेटे अमन मिश्रा के रूप में हर्ष मयार और बिट्टू की मम्मी के किरदार में सुनीता राजवार अपनी शानदार अदाकारी का जादू बिखेरेंगे। साथ ही गोपाल दत्त, मनुज शर्मा और हेली शाह भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। टीवीएफ के प्रेसिडेंट विजय कोशी के अनुसार यह सीजन मध्यमवर्गीय भारत की बदलती वास्तविकताओं को दर्शाता है।

कब और कहां देख सकते हैं?

मिश्रा परिवार के इस नए सफर, ढेर सारे पारिवारिक ड्रामे, हंसी-मजाक और इमोशन्स से भरपूर 'गुल्लक सीजन 5' अगले महीने 5 जून से सीधे आपके घरों में दस्तक देने जा रहा है। दर्शक इस शानदार और दिल छू लेने वाली वेब सीरीज का आनंद ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनीलिव पर उठा सकेंगे। अगर आप भी एक बेहतरीन स्लाइस-ऑफ-लाइफ ड्रामा देखना पसंद करते हैं तो कैलेंडर पर 5 जून की तारीख को अभी से मार्क कर लीजिए।

ये भी पढ़ें:  महाभारत की सत्यवती याद हैं, जिसने दिलाई भीष्म को प्रतिज्ञा? रानी मुखर्जी से है खून का रिश्ता, जीता नेशनल अवॉर्ड, अब नेकी के लिए चुनी गुमनामी की लाइफ

7 एपिसोड में खुलासे ही खुलासे, शिक्षा विभाग के महाघोटाले की पोल खोलती है नई वेब सीरीज, रिलीज होते ही बनी ट्रेंडिंग