1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. बदहाल स्कूल, बेफिक्र हेडमास्टर! 'आदर्श बाल विद्यालय' में दिखेगा के के मेनन का नया अवतार, पहली झलक संग तय हुई रिलीज डेट

बदहाल स्कूल, बेफिक्र हेडमास्टर! 'आदर्श बाल विद्यालय' में दिखेगा के के मेनन का नया अवतार, पहली झलक संग तय हुई रिलीज डेट

एक अतरंगी स्कूल की अनोखी कहानी अब प्राइम वीडियो पर आने वाली है। इस कहानी को लीड करेंगे दिग्गज एक्टर केके मेनन। 7 एपिसोड वाली ये वेब सीरीज मजेदार होने वाली है। इसकी रिलीज डेट तय कर दी गई है।

adarsh bal vidyalaya- India TV Hindi
Image Source : PRESS KIT आदर्श बाल विद्यालय।

ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो ने अपनी नई ऑरिजिनल कॉमेडी-ड्रामा सीरीज 'आदर्श बाल विद्यालय' के वर्ल्डवाइड प्रीमियर की घोषणा कर दी है। इसका निर्देशन हिमांक गौर ने किया है, जबकि बिस्वपति सरकार और समीर सक्सेना ने पोशम पा पिक्चर्स के बैनर तले इसे एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूस किया है। शो को लिखने में बिस्वपति सरकार के साथ अक्षय अस्थाना, नूपुर पाई, तत्सत पांडे और मेघना श्रीवास्तव जैसी लेखकों की टीम ने योगदान दिया है।

सीरीज की कास्ट और रिलीज डेट

मुख्य भूमिका में दिग्गज अभिनेता के के के मेनन नजर आएंगे। उनके साथ अर्चना पूरन सिंह, नवीन कस्तूरिया, प्रसन्ना बिष्ट, देवेन भोजानी और अभिमन्यु सिंह जैसे मंझे हुए कलाकार अहम किरदारों में दिखेंगे। यह सीरीज दुनिया भर के 240 से अधिक देशों में हिंदी भाषा और अंग्रेजी सबटाइटल के साथ स्ट्रीम की जाएगी। सात एपिसोड्स वाली इस बेहद दिलचस्प सीरीज का प्रसारण आगामी 24 जुलाई से होने जा रहा है। 

एक बदहाल स्कूल और बेफिक्र हेडमास्टर की अनोखी दास्तान

इस सीरीज की कहानी एक ऐसे सरकारी स्कूल के इर्द-गिर्द बुनी गई है जो अपनी बदहाली के आखिरी छोर पर है। कहानी के केंद्र में हैं ज्ञानेश्वर त्रिपाठी (के के मेनन), जो इस स्कूल के बेहद बेफिक्र मिजाज वाले हेडमास्टर हैं। ज्ञानेश्वर का एक बड़ा सपना है, कैंब्रिज में होने वाले एक प्रतिष्ठित सरकारी ट्रेनिंग प्रोग्राम में शामिल होना। इसी चाहत के चलते वे अनजाने में स्कूल की सूरत बदलने के एक अनोखे और चुनौतीपूर्ण सफर पर निकल पड़ते हैं। शहर के सबसे पिछड़े और अव्यवस्थित स्कूल को सुधारने के लिए वे अजीबोगरीब शिक्षकों की एक टीम बनाते हैं। इस सफर में उन्हें संसाधनों की भारी किल्लत, शरारती बच्चे, लापरवाह पेरेंट्स और प्रशासनिक अड़चनों का सामना करना पड़ता है। यह शो हंसी-मजाक के साथ-साथ भावनाओं का एक खूबसूरत ताना-बाना पेश करता है।ॉ

यहां देखें पोस्ट

मेकर्स का क्या है कहना?

प्राइम वीडियो इंडिया के ओरिजिनल्स हेड, निखिल मधोक ने सीरीज़ को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि 'आदर्श बाल विद्यालय' हमारे एजुकेशन सिस्टम की कमियों को बेहद हल्के-फुल्के और मजेदार अंदाज में सामने लाती है। यह कहानी दिल को छूने वाली और हर आम इंसान को अपनी सी लगने वाली है। वहीं शो के को-क्रिएटर बिस्वपति सरकार और समीर सक्सेना ने बताया कि इस शो की शुरुआत एक छोटे से विचार से हुई थी। वे एक ऐसे स्कूल की कहानी दिखाना चाहते थे जो हर मोर्चे पर नाकाम दिख रहा है, लेकिन फिर भी वहां के शिक्षकों और छात्रों का जज्बा उसे जिंदा रखे हुए है। उन्होंने मुख्य किरदार की तारीफ करते हुए कहा कि ज्ञानेश्वर के रूप में के के मेनन ने अपने बेमिसाल अभिनय से जान फूंक दी है, जो दर्शकों को बेहद पसंद आएगा।

ये भी पढ़ें: 'किल' के बाद अब राघव जुयाल मचाएंगे कॉमेडी से गदर, 'भाई तेरा स्टार है' का अतरंगी ट्रेलर आउट